गर्मियों में शरीर को ठंडक देने वाले योगासन: तुरंत राहत पाने का प्राकृतिक उपाय

गर्मी का मौसम आते ही शरीर में कई तरह की परेशानियां शुरू हो जाती हैं। चिलचिलाती धूप और बढ़ता तापमान अक्सर थकान, चिड़चिड़ापन और सुस्ती का कारण बनता है। ऐसे में केवल एयर कंडीशनर या कूलर पर निर्भर रहना हर बार कारगर नहीं होता। शरीर को अंदर से शांत और ठंडा रखने के लिए अपनी दिनचर्या में कुछ स्वस्थ आदतों को शामिल करना जरूरी हो जाता है। योग एक ऐसा सरल और प्रभावी उपाय है, जो शरीर और मन दोनों को आराम देने में सहायक हो सकता है। कुछ विशेष योगासन और प्राणायाम गर्मी के प्रभाव को कम करके तनाव से राहत दिलाने में मदद करते हैं। यही कारण है कि गर्मियों में योग को एक प्राकृतिक कूलिंग थेरेपी के रूप में देखा जाता है। यदि आप भी गर्मी और बेचैनी से परेशान रहते हैं, तो नियमित रूप से इन आसनों का अभ्यास आपको ताजगी और सुकून का अनुभव करा सकता है।

बालासन (शशांकासन)

बालासन, जिसे चाइल्ड पोज के नाम से भी जाना जाता है, शरीर को पूरी तरह से आराम देने और मानसिक तनाव कम करने में सहायक माना जाता है। गर्मियों में इस आसन को करने से शरीर को ठंडक और शांति का अनुभव होता है। इसे सुबह या शाम के समय करना अधिक लाभदायक होता है, जब वातावरण अपेक्षाकृत ठंडा रहता है। यह आसन थकान को दूर करके मन को स्थिरता प्रदान करता है।

शवासन

शवासन योग के सबसे सरल लेकिन अत्यधिक प्रभावी आसनों में से एक है। इस आसन में शरीर को जमीन पर पूरी तरह से ढीला छोड़ दिया जाता है। गर्मी और अत्यधिक थकान से जूझ रहे लोगों के लिए यह आसन काफी राहत देने वाला हो सकता है। शवासन के नियमित अभ्यास से मांसपेशियों को आराम मिलता है और मन शांत होता है, जिससे शरीर की गर्मी स्वाभाविक रूप से कम होने लगती है।

विपरीत करणी प्राणायाम

इस आसन में पैरों को ऊपर की ओर उठाकर रखा जाता है, जिससे शरीर में रक्त संचार बेहतर होता है और गहरी विश्रांति मिलती है। लंबे समय तक खड़े रहने या गर्मी के कारण होने वाली अत्यधिक थकान के बाद यह योगासन विशेष रूप से फायदेमंद माना जाता है। यह आसन शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ-साथ मानसिक तनाव को भी कम करने में मदद करता है।

भुजंगासन

भुजंगासन, जिसे कोबरा पोज भी कहते हैं, शरीर को अच्छा स्ट्रेच प्रदान करता है और ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने में सहायक हो सकता है। हालांकि, इस आसन को बहुत अधिक गर्म वातावरण में करने से बचना चाहिए। एक शांत और हवादार स्थान पर सही तरीके से किया गया भुजंगासन शरीर को हल्का और स्फूर्तिदायक महसूस करा सकता है, साथ ही गर्मी से राहत दिलाने में भी मददगार साबित होता है।