पैरों के तलवों के दर्द से राहत के लिए योगासन
सुबह बिस्तर से उठते ही जैसे ही पैर जमीन पर रखते हैं, तलवों में तेज दर्द होने लगता है? यह परेशानी आजकल काफी आम हो गई है, खासकर उन लोगों में जो लंबे समय तक खड़े रहते हैं या अनुपयुक्त जूते पहनते हैं। तलवों के दर्द के कई कारण हो सकते हैं, जैसे प्लांटर फैसिसाइटिस (एड़ी और तलवे में सूजन), अधिक चलना, सख्त सतह पर चलना, गलत फुटवियर, या मोटापे के कारण पैरों पर बढ़ा दबाव।
इस दर्द को अनदेखा करना आगे चलकर बड़ी समस्या बन सकता है। हालांकि, कुछ आसान योगासनों को अपनाकर आप बिना दवा के इस दर्द से राहत पा सकते हैं। नियमित रूप से स्ट्रेचिंग और योग करने से मांसपेशियों में खिंचाव कम होता है और रक्त संचार बेहतर होता है।
ताड़ासन
इस आसन के लिए सीधे खड़े होकर दोनों हाथों को ऊपर उठाएं और पूरे शरीर को खींचें। यह पैरों की मांसपेशियों को मजबूत बनाता है और तलवों में रक्त संचार बढ़ाता है, जिससे दर्द में कमी आती है।
अधोमुख श्वानासन
इस आसन के अभ्यास से एड़ी और तलवे में गहरा खिंचाव होता है, जिससे एड़ियों के दर्द में तुरंत राहत मिलती है। इसे करने के लिए हाथ और पैरों के सहारे शरीर को उल्टे ‘V’ आकार में रखें और एड़ियों को जमीन की ओर दबाने की कोशिश करें।
वृक्षासन
इस आसन के लिए एक पैर पर खड़े होकर दूसरे पैर को जांघ पर रखें और संतुलन बनाए रखें। वृक्षासन का नियमित अभ्यास शरीर का संतुलन और पैरों की ताकत बढ़ाता है, जिससे तलवों के दर्द को कम करने में मदद मिलती है।
पादांगुष्ठासन
इस आसन के लिए सीधे खड़े होकर आगे की ओर झुकें और दोनों हाथों से पैरों के अंगूठों को पकड़ें। पादांगुष्ठासन तलवों और हैमस्ट्रिंग (जांघ के पिछले हिस्से) को गहराई से स्ट्रेच करता है, जिससे पैरों की अकड़न कम होती है और लचीलापन बढ़ता है।
इन योगासनों को नियमित रूप से करने से तलवों का दर्द धीरे-धीरे कम हो सकता है। हालांकि, यदि दर्द गंभीर है या लंबे समय तक बना रहता है, तो किसी विशेषज्ञ से सलाह लेना उचित होगा।