अनियमित पीरियड्स से राहत के लिए योगासन
आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी, गलत खान-पान और बढ़ते तनाव के कारण महिलाओं में अनियमित पीरियड्स की समस्या आम हो गई है। यह समस्या हार्मोनल असंतुलन, पीसीओएस या खराब जीवनशैली के कारण उत्पन्न हो सकती है। यदि आप भी इस समस्या से जूझ रही हैं, तो नियमित योगाभ्यास आपके लिए काफी लाभदायक साबित हो सकता है। योग से हार्मोन संतुलित होते हैं, तनाव कम होता है और रक्त संचार बेहतर होता है, जिससे पीरियड्स को नियमित करने में मदद मिलती है।
अनियमित पीरियड्स के पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं, जैसे हार्मोनल असंतुलन, तनाव, चिंता, खराब आहार, नींद की कमी और पीसीओएस। अच्छी जीवनशैली और नियमित योग के माध्यम से आप इस समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पा सकती हैं। आइए जानते हैं कुछ प्रभावी योगासनों के बारे में जो पीरियड्स को नियमित करने में सहायक होते हैं।
भुजंगासन (कोबरा पोज़)
यह आसन पेट और पेल्विक क्षेत्र में रक्त प्रवाह को बढ़ाता है। भुजंगासन पीठ और शरीर की मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद करता है। इसके नियमित अभ्यास से हार्मोन संतुलित होते हैं। इस आसन को करने के लिए पेट के बल लेट जाएं, फिर हाथों के सहारे शरीर के ऊपरी हिस्से को ऊपर उठाएं और कुछ सेकंड इसी स्थिति में रहें।
बालासन (चाइल्ड पोज़)
यह योगासन शरीर को आराम देता है और मानसिक तनाव को कम करता है। बालासन करने के लिए घुटनों के बल बैठें, शरीर को आगे की ओर झुकाएं, माथे को जमीन से लगाएं और हाथों को आगे फैला दें। आंखें बंद करके 2 से 3 मिनट तक गहरी सांस लें। यह आसन तनाव कम करने, रक्त संचार सुधारने और सिरदर्द से राहत दिलाने में सहायक है। बालासन पीरियड्स को नियमित करने में भी मददगार है।
पवनमुक्तासन (विंड-रिलीविंग पोज़)
यह आसन पेट की गैस और सूजन को कम करने में प्रभावी है। पवनमुक्तासन के अभ्यास से पाचन क्रिया में सुधार होता है और पीरियड्स नियमित होते हैं। खाली पेट इस आसन को करने से आंतों में जमा मल को बाहर निकालने में मदद मिलती है, जिससे पुरानी कब्ज की समस्या दूर होती है। यह पेट के निचले हिस्से की मांसपेशियों को मजबूत बनाता है और एसिड रिफ्लक्स के लक्षणों को कम करने में सहायक है।
मालासन (गारलैंड पोज़)
मालासन पेल्विक मांसपेशियों को मजबूत करता है और रक्त संचार को बेहतर बनाता है। इस आसन को करने के लिए मलत्याग करने की मुद्रा में बैठ जाएं। फिर दोनों हाथों को नमस्कार की मुद्रा में जोड़ते हुए कोहनियों को घुटनों से लगा दें। इसी स्थिति में रहते हुए गहरी सांस लें और छोड़ें। कुछ देर इस मुद्रा में रहने के बाद सामान्य स्थिति में आ जाएं।
इन योगासनों के नियमित अभ्यास से न केवल पीरियड्स नियमित होते हैं, बल्कि समग्र स्वास्थ्य में भी सुधार आता है। योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर आप हार्मोनल असंतुलन और तनाव जैसी समस्याओं से राहत पा सकती हैं।