गर्मी में बिना एसी के गहरी नींद पाने के लिए 5 योगासन
गर्मी का मौसम आते ही नींद सबसे बड़ी समस्या बन जाती है। पसीना, बेचैनी और गर्म हवा के कारण लोग रातभर करवटें बदलते रहते हैं। ऐसे में ज़्यादातर लोग एसी या कूलर का सहारा लेते हैं, लेकिन हर किसी के लिए ये संभव नहीं होता। इसके अलावा एसी पर निर्भरता स्वास्थ्य के लिए भी हमेशा अच्छी नहीं मानी जाती। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बिना एसी के भी आप गहरी और सुकून भरी नींद पा सकते हैं?
योग एक ऐसा प्राकृतिक और प्रभावी तरीका है जो न सिर्फ आपके शरीर को ठंडक देता है, बल्कि दिमाग को भी शांत करता है। खासकर रात में सोने से पहले किए गए कुछ आसान योगासन आपकी नींद की गुणवत्ता को बेहतर बना सकते हैं।
नाइट योग रूटीन आपकी दिनभर की थकान को दूर करता है, तनाव को कम करता है और शरीर को रिलैक्स करता है। इससे आपका शरीर धीरे-धीरे नींद के लिए तैयार हो जाता है और आप बिना किसी बाधा के गहरी नींद में चले जाते हैं।
अगर आप भी गर्मी में अच्छी नींद पाने का आसान और प्राकृतिक तरीका ढूंढ रहे हैं, तो यह लेख आपके लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा।
रात में योग क्यों है जरूरी?
गर्मी के मौसम में शरीर का तापमान बढ़ जाता है जिससे नींद प्रभावित होती है। रात को योग करने से शरीर का तापमान नियंत्रित होता है और मन शांत होता है। यह नींद के लिए आदर्श स्थिति बनाता है। साथ ही गर्मी में चिड़चिड़ापन और तनाव बढ़ जाता है। योग करने से दिमाग शांत होता है और चिंता दूर होती है, जिससे नींद जल्दी आती है।
ये योगासन दिलाएंगे ठंडक और नींद
शवासन
सोने से पहले शवासन के अभ्यास के लिए पीठ के बल लेटकर आंखें बंद करें और शरीर को पूरी तरह ढीला छोड़ दें। अब ध्यान सांसों पर रखें और पांच से 10 मिनट इसी मुद्रा में रहें। इस आसन के अभ्यास से मानसिक तनाव और थकान दूर होती है। साथ ही ध्यान व एकाग्रता बढ़ती है और नींद अच्छी आती है।
बालासन
बालासन के अभ्यास के लिए वज्रासन में बैठकर सांस छोड़ते हुए शरीर को आगे झुकाएं और माथा ज़मीन पर टिकाएं। फिर हाथ आगे की ओर फैलाएं या शरीर के पास रखें। कम से कम एक-दो मिनट इसी मुद्रा में रहें। बालासन के अभ्यास से पीठ और कमर की थकान दूर होती है। यह आसन मन को शांत करता है और चिंता को कम करता है।
विपरीत करणी आसन
इस आसन के अभ्यास के लिए दीवार के पास लेट जाएं। पैरों को दीवार से ऊपर सीधा टिकाएं। शरीर के बगल में रखें। 5-10 मिनट तक इस स्थिति में रहें। इसके अभ्यास से पैरों की सूजन और थकान कम होती है। नींद बेहतर होती है और माइंड रिलैक्स होता है।