बच्चों को योग सिखाने का मजेदार तरीका: जंगल की कहानी

आजकल बच्चों का स्क्रीन टाइम लगातार बढ़ रहा है, जिससे उनकी शारीरिक सक्रियता कम होती जा रही है। ऐसे में योग एक बेहतरीन विकल्प है जो बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। हालांकि, बच्चों को सीधे योग सिखाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है क्योंकि वे जल्दी ऊब जाते हैं।

स्टोरी योगा एक शानदार तरीका है जिसमें योग को एक मजेदार कहानी से जोड़ा जाता है। इससे बच्चे खेल-खेल में योग सीखते हैं और उसका आनंद भी लेते हैं। खासकर जब कहानी में रोमांच, जानवर और जंगल जैसे तत्व हों, तो बच्चों की रुचि और भी बढ़ जाती है।

विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर हम आपके लिए एक ऐसी ही मजेदार जंगल कहानी लेकर आए हैं, जिसमें बच्चा अलग-अलग जानवरों से मिलता है और हर मोड़ पर एक नया योगासन सीखता है। यह तरीका न केवल बच्चों को फिट रखेगा, बल्कि उन्हें योग से जोड़ने का एक मजेदार अनुभव भी देगा।

जंगल की सैर और ताड़ासन

एक दिन छोटा बच्चा जंगल की सैर पर निकलता है। चारों ओर ऊंचे-ऊंचे पेड़ देखकर वह खुद भी पेड़ जैसा बनने की कोशिश करता है। यहां बच्चा ताड़ासन (Tree Pose) करता है। इसके लिए वह सीधे खड़े होकर हाथ ऊपर उठाए और शरीर को स्ट्रेच करे। यह आसन बच्चों की लंबाई और बैलेंस सुधारने में मदद करता है।

शेर से मुलाकात और सिंहासन

आगे बढ़ते ही बच्चे की मुलाकात एक जोर से दहाड़ते शेर से होती है। वह डरता नहीं, बल्कि शेर की तरह दहाड़ने लगता है। अब यहां बच्चा सिंहासन (Lion Pose) करता है। इसके लिए वह घुटनों के बल बैठ जाए, जीभ बाहर निकाले और जोर से “हाआ” करे। सिंहासन का अभ्यास आत्मविश्वास बढ़ाता है और गले के लिए अच्छा होता है। यह श्वसन क्षमता में सुधार लाता है और मांसपेशियों के खिंचाव से चेहरे पर ग्लो आता है।

सांप की तरह भुजंगासन

जंगल में रेंगते हुए एक सांप को देखकर बच्चा भी जमीन पर लेटकर उसकी तरह ऊपर उठता है। भुजंगासन (Cobra Pose) का अभ्यास करने के लिए पेट के बल लेटें और हाथों के सहारे शरीर ऊपर उठाएं। यह आसन रीढ़ की हड्डी को मजबूत करता है।

मेंढक के साथ मालासन

थोड़ी दूर एक मेंढक उछलता-कूदता नजर आता है। बच्चा भी उसकी तरह बैठकर उछलने की कोशिश करता है। मालासन (Frog Pose) करने के लिए बच्चा नीचे बैठे, घुटनों को मोड़े और बैलेंस बनाए। यह आसन पैरों को मजबूत करता है।