तनाव दूर करने के लिए 7 असरदार योगासन, मिनटों में मिलेगा सुकून

आज की व्यस्त जीवनशैली में तनाव एक आम समस्या बन गया है। काम का दबाव, डिजिटल जीवन और नींद की कमी मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करते हैं। ऐसे में योग एक प्राकृतिक और प्रभावी उपाय है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मन को भी शांति प्रदान करता है।

योग मस्तिष्क में सकारात्मक हार्मोन को बढ़ाता है, नींद को बेहतर बनाता है और चिंता व अवसाद को कम करता है। योगाभ्यास से एकाग्रता और उत्पादकता बढ़ती है। अधिक लाभ के लिए सुबह के समय शांत स्थान पर खाली पेट आसन करें और धीरे-धीरे अभ्यास बढ़ाएं। आइए जानते हैं कुछ ऐसे योगासन जो तनाव कम करने में मदद कर सकते हैं।

बालासन

यह आसन शरीर और मन दोनों को आराम देता है। इसके अभ्यास के लिए घुटनों के बल बैठकर शरीर को आगे झुकाएं और माथा जमीन पर रखें। यह आसन मस्तिष्क को तुरंत शांत करता है और थकान दूर करता है।

शवासन

शवासन को सबसे आरामदायक योगासन माना जाता है। अभ्यास के लिए पीठ के बल लेट जाएं और पूरे शरीर को ढीला छोड़ दें। शवासन करने से मानसिक तनाव और चिंता कम हो सकती है।

अनुलोम-विलोम प्राणायाम

यह प्राणायाम सांसों को नियंत्रित करता है। इसके अभ्यास के लिए एक नाक से सांस लें और दूसरी से छोड़ें। यह आसन मस्तिष्क को शांत और केंद्रित बनाता है।

भ्रामरी प्राणायाम

इस प्राणायाम के अभ्यास के दौरान मधुमक्खी की आवाज के साथ सांस छोड़ी जाती है। भ्रामरी प्राणायाम करने से तुरंत तनाव और क्रोध कम हो सकता है।

पश्चिमोत्तानासन

यह आसन रीढ़ की हड्डी को लचीला बनाता है और मन को शांत करता है। पैरों को सामने फैलाकर बैठें और धीरे-धीरे आगे झुकते हुए पैरों को पकड़ने की कोशिश करें। यह आसन तनाव और थकान को दूर करने में सहायक है।

सुखासन

यह एक सरल ध्यानासन है। आराम से क्रॉस लेग कर बैठें और रीढ़ को सीधा रखें। गहरी सांस लें और ध्यान केंद्रित करें। सुखासन मानसिक शांति और संतुलन बनाए रखने में मदद करता है।

वृक्षासन

यह आसन संतुलन और एकाग्रता बढ़ाता है। एक पैर पर खड़े होकर दूसरे पैर के तलवे को जांघ के अंदरूनी हिस्से पर रखें। हाथों को ऊपर जोड़ें और कुछ देर इस मुद्रा में रहें। वृक्षासन मन को स्थिर और शांत बनाता है।

  • योगाभ्यास हमेशा खाली पेट करें।
  • शांत और हवादार स्थान का चुनाव करें।
  • अपनी क्षमता के अनुसार ही आसन करें, जबरदस्ती न करें।
  • नियमित अभ्यास से ही अधिक लाभ मिलता है।