नवरात्रि व्रत में चक्कर और कमजोरी से बचने के लिए योग टिप्स
नवरात्रि का पर्व श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है। इस दौरान कई लोग पूरे 9 दिन का व्रत रखते हैं। लंबे समय तक उपवास रखने से शरीर में कमजोरी, थकान और चक्कर जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में सही योगासन अपनाकर आप पूरे व्रत के दौरान सक्रिय और ऊर्जावान रह सकते हैं। नवरात्रि का व्रत केवल आस्था नहीं, बल्कि शरीर को डिटॉक्स करने का भी अवसर है। सही योगासन और संतुलित दिनचर्या से आप पूरे 9 दिन फिट और ऊर्जावान रह सकते हैं।
व्रत के दौरान ऊर्जा बनाए रखने के जरूरी टिप्स
- पर्याप्त पानी और नारियल पानी पिएं
- फल और ड्राई फ्रूट्स जरूर लें
- ज्यादा देर खाली पेट न रहें
- ज्यादा भारी एक्सरसाइज से बचें
- पूरी नींद लें
ध्यान रखने वाली बातें
- अगर कमजोरी ज्यादा हो तो तुरंत आराम करें
- लो ब्लड प्रेशर वाले लोग डॉक्टर की सलाह लें
- योग हमेशा खाली पेट या हल्के आहार के बाद करें
प्राणायाम
व्रत के दौरान शरीर में ऑक्सीजन की सही मात्रा बनाए रखना सबसे जरूरी है। प्राणायाम दिमाग को शांत करता है, शरीर में ऊर्जा बढ़ाता है और कमजोरी तथा चक्कर से बचाता है। रोज सुबह 10-15 मिनट अनुलोम-विलोम और कपालभाति का अभ्यास करें।
सूर्य नमस्कार
यह एक पूरा बॉडी वर्कआउट है जो आपको दिनभर सक्रिय रखता है। इसका अभ्यास शरीर को लचीला बनाता है, ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करता है और तुरंत ऊर्जा प्रदान करता है। व्रत में 5-7 राउंड ही करें और ज्यादा थकान से बचें।
भुजंगासन
अगर व्रत में सुस्ती और आलस महसूस हो रहा है, तो यह आसन बहुत फायदेमंद है। भुजंगासन का अभ्यास पीठ और रीढ़ को मजबूत करता है, शरीर को सक्रिय बनाता है और थकान दूर करता है।
वज्रासन
यह एकमात्र आसन है जिसे खाने के बाद भी किया जा सकता है। वज्रासन पाचन सुधारता है, गैस और एसिडिटी से राहत दिलाता है और शरीर को स्थिर तथा शांत रखता है।