गर्मी में पसीना नियंत्रित करने के लिए योगासन
गर्मी के मौसम में पसीना, चिपचिपाहट और शरीर की दुर्गंध एक आम समस्या बन जाती है। एयर कंडीशनर या कूलर हर समय इसका समाधान नहीं हो सकते, लेकिन योग एक प्राकृतिक उपाय है जो शरीर को अंदर से ठंडा और संतुलित बनाए रखता है। योगासन न केवल शरीर के तापमान को नियंत्रित करते हैं, बल्कि अत्यधिक पसीने को भी कम करते हैं। नियमित अभ्यास से शरीर हल्का, तरोताजा और ऊर्जावान महसूस होता है। यदि आप गर्मी में पसीने और चिपचिपाहट से परेशान हैं, तो इन योगासनों को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। ये आपको ठंडा रखने के साथ पूरे दिन सक्रिय बनाए रखेंगे।
योग शरीर का तापमान संतुलित करता है। इससे तनाव और चिंता कम होती है तथा शरीर की दुर्गंध से राहत मिलती है। योगासन प्राकृतिक रूप से शरीर को डिटॉक्स करने में सहायक होते हैं। आइए जानते हैं गर्मियों में कौन से योगासन शरीर को ठंडक देते हैं और पसीने को नियंत्रित करते हैं।
शीतली प्राणायाम
यह एक कूलिंग ब्रीदिंग तकनीक है, जो शरीर के तापमान को तुरंत कम करती है। इसे करने से पसीना कम आता है और मन शांत रहता है।
शवासन
शरीर को पूरी तरह से विश्राम देने वाला यह आसन तनाव को कम करता है और अत्यधिक पसीने को नियंत्रित करता है। शवासन के अभ्यास के लिए पीठ के बल लेट जाएं और पूरे शरीर को ढीला छोड़ दें।
ताड़ासन
ताड़ासन शरीर को स्ट्रेच करता है और रक्त संचार को बेहतर बनाता है, जिससे शरीर ठंडा महसूस करता है। इसके अभ्यास के लिए सीधे खड़े होकर दोनों हाथ ऊपर उठाएं। पूरे शरीर को खींचें और 10-15 सेकंड तक इस स्थिति में रहें।
बालासन
यह आसन तंत्रिका तंत्र को शांत करता है और शरीर की गर्मी को कम करने में मदद करता है। बालासन के अभ्यास के लिए घुटनों के बल बैठकर आगे झुकें और माथे को जमीन पर टिकाएं।