यूट्यूब सेवाओं में बड़ी गड़बड़ी: अमेरिका में ढाई लाख से अधिक उपयोगकर्ता प्रभावित, कंपनी ने दी जानकारी
दुनिया भर में यूट्यूब की सेवाओं में बड़े पैमाने पर तकनीकी खामी सामने आई है। डाउनडिटेक्टर नामक वेबसाइट के अनुसार, सबसे पहले अमेरिका में यह समस्या शुरू हुई, जिसके बाद भारत सहित कई देशों में उपयोगकर्ताओं ने परेशानी की सूचना दी। तकनीकी मामलों पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों का कहना है कि इस घटना से दुनिया भर में यूट्यूब के करोड़ों उपयोगकर्ता प्रभावित हुए हैं। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, अकेले अमेरिका में लगभग 2.40 लाख से अधिक यूजर्स को इस समस्या का सामना करना पड़ा।
तकनीकी गड़बड़ी के कारणों की जांच जारी
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, डाउनडिटेक्टर के हवाले से बताया गया कि मंगलवार शाम को अमेरिका में लाखों लोगों ने वीडियो प्लेटफॉर्म में आई तकनीकी दिक्कतों की शिकायत की। हजारों उपयोगकर्ताओं ने मंगलवार शाम करीब आठ बजे (अमेरिकी समय) बताया कि वे यूट्यूब पर वीडियो नहीं देख पा रहे हैं। कंपनी के अनुसार, इस व्यापक तकनीकी गड़बड़ी के सटीक कारणों की गहन जांच की जा रही है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, डाउनडिटेक्टर ने अमेरिकी समयानुसार मंगलवार रात करीब आठ बजे तक 2.40 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज होने की पुष्टि की है।
गूगल और यूट्यूब का आधिकारिक बयान
शिकायतों की बाढ़ आने के बाद गूगल ने एक बयान जारी कर कहा, ‘कुछ उपयोगकर्ताओं को यूट्यूब तक पहुंचने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हमारी टीम इस समस्या को हल करने में जुटी है। जैसे ही कोई अपडेट मिलेगा, कंपनी उसे साझा करेगी।’ वहीं, कई उपयोगकर्ताओं ने भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह करीब 9 बजे सेवाओं के बहाल होने की जानकारी दी। यूट्यूब की ओर से भी कहा गया कि अधिकांश समस्याओं का समाधान कर लिया गया है और सेवाएं सामान्य हो रही हैं। कंपनी ने लगभग एक घंटे तक सेवाओं के बाधित रहने की बात स्वीकार की है।
अमेरिका के अलावा इन देशों में भी दिखा असर
खबर लिखे जाने तक इस तकनीकी गड़बड़ी के सटीक कारणों पर यूट्यूब की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका के अलावा ब्रिटेन, कनाडा और कई अन्य देशों में भी यूट्यूब उपयोगकर्ताओं ने इस समस्या की शिकायत की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपयोगकर्ताओं ने यूट्यूब से जुड़े स्क्रीनशॉट साझा कर सर्वर डाउन होने की बात कही। कुछ लोगों ने यह भी बताया कि इस तकनीकी खामी का असर गूगल और अमेजन वेब सर्विसेज जैसी अन्य सेवाओं पर भी देखने को मिला।
सोशल मीडिया पर उपयोगकर्ताओं ने जताई नाराजगी
अमेरिका में मंगलवार रात करीब आठ बजे शुरू हुई इस गड़बड़ी का आंशिक असर भारत में भी देखा गया। बुधवार तड़के भारत में भी कई यूट्यूब उपयोगकर्ताओं ने सेवाओं में दिक्कत की शिकायतें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उपयोगकर्ताओं ने अपनी परेशानी और नाराजगी व्यक्त करते हुए कंपनी से जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की।