एक्स सेवा ठप: दुनियाभर में यूजर्स परेशान, महीने में दूसरी बार आउटेज

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) ने एक बार फिर अपने यूजर्स को निराश किया है। सोमवार शाम करीब सात बजे अचानक दुनिया भर में इसकी सेवाएं ठप हो गईं। यह लगातार दूसरी बार है जब महीने के भीतर यूजर्स को इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा है।

भारत में भारी असर

डाउन डिटेक्टर वेबसाइट के अनुसार, भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों में यूजर्स ने सेवा बाधित होने की सूचना दी है। भारत में दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों से 3,500 से अधिक यूजर्स ने समस्या की शिकायत की है। यह आउटेज वेबसाइट और मोबाइल एप्लिकेशन, दोनों पर ही देखा गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 49 प्रतिशत यूजर्स को वेबसाइट लोड करने में दिक्कत आई, जबकि 41 प्रतिशत लोग एप का उपयोग नहीं कर पाए। शेष 10 प्रतिशत यूजर्स को अपनी टाइमलाइन या फीड लोड करने में समस्या का सामना करना पड़ा।

पिछले महीने भी हुआ था डाउन

गौरतलब है कि इससे पहले 5 फरवरी को भी एक्स शाम चार बजे अचानक बंद हो गया था। उसी दिन सुबह के समय इंस्टाग्राम ने भी दुनियाभर में कुछ देर के लिए काम करना बंद कर दिया था। उस आउटेज का सबसे ज्यादा प्रभाव उन लोगों पर पड़ा था जो कंप्यूटर या ब्राउजर के माध्यम से इंस्टाग्राम का उपयोग कर रहे थे।

2025 में बड़े प्लेटफॉर्म्स की बढ़ी मुश्किलें

साल 2025 इंटरनेट और क्लाउड सेवाओं के लिए काफी उथल-पुथल भरा रहा। इस दौरान कई बड़े टेक प्लेटफॉर्म बार-बार आउटेज का शिकार हुए। प्रमुख घटनाएं इस प्रकार रहीं:

  • 20 अक्टूबर को अमेज़न वेब सर्विसेज (AWS) में आई बड़ी खराबी को साल का सबसे बड़ा आउटेज माना गया। इससे नेटफ्लिक्स, स्नैपचैट और कई ई-कॉमर्स साइट्स करीब 15 घंटे तक प्रभावित रहीं।
  • 18 नवंबर को क्लाउडफ्लेयर की गड़बड़ी ने हजारों वेबसाइटों और एप्स को ठप कर दिया, जिसमें चैटजीपीटी, परप्लेक्सिटी और एक्स भी शामिल थे।
  • गेमिंग क्षेत्र में 7 फरवरी को सोनी का प्लेस्टेशन नेटवर्क 24 घंटे से अधिक समय तक बंद रहा।
  • 12 जून को गूगल क्लाउड की समस्या से स्पॉटिफाई, डिस्कॉर्ड और ट्विच जैसी सेवाएं प्रभावित हुईं।
  • माइक्रोसॉफ्ट एज़्योर को 9 और 29 अक्टूबर को दो बड़े आउटेज झेलने पड़े, जिससे दुनियाभर में एयरलाइंस और कारोबारी सेवाएं बाधित हुईं।
  • 10 मार्च को एक्स पर बड़ा आउटेज दर्ज हुआ, जिसकी भारत में 6 लाख से अधिक शिकायतें आईं।
  • 15 अक्टूबर को यूट्यूब भी वैश्विक स्तर पर ठप रहा। इसके अलावा स्नैपचैट, व्हाट्सएप, स्लैक और स्पॉटिफाई जैसी सेवाएं भी सालभर तकनीकी समस्याओं से जूझती रहीं।

मस्क के नेतृत्व में बदलाव

27 अक्टूबर 2022 को दुनिया के सबसे चर्चित उद्योगपतियों में से एक एलन मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर को 44 अरब डॉलर (भारतीय मुद्रा में लगभग 3.84 लाख करोड़ रुपये) में खरीद लिया था। बाद में इसका नाम बदलकर एक्स (X) रख दिया गया।

डील पूरी होते ही मस्क ने बड़ा कदम उठाते हुए कंपनी के चार शीर्ष अधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। इनमें तत्कालीन सीईओ पराग अग्रवाल, वित्त प्रमुख नेड सेगल, लीगल एग्जीक्यूटिव विजया गड्डे और सीन एडगेट शामिल थे।

इसके बाद 5 जून 2023 को लिंडा याकारिनो ने एक्स के नए सीईओ के रूप में पदभार संभाला। इससे पहले वह NBCUniversal में ग्लोबल एडवर्टाइजिंग एंड पार्टनरशिप की चेयरमैन रह चुकी थीं।