विश्व पर्यास दिवस 2026: तिथि, विषय, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और प्रासंगिकता
प्रतिवर्ष 5 जून को पूरे विश्व में पर्यावरण दिवस मनाया जाता है। यह दिन वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने और धरती को सुरक्षित रखने के लिए प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, वनों की कटाई और प्लास्टिक कचरे जैसी गंभीर चुनौतियों के मद्देनजर इस दिवस की प्रासंगिकता और अधिक बढ़ गई है।
संयुक्त राष्ट्र द्वारा आरंभ किया गया यह दिवस आज विश्व के सबसे बड़े पर्यावरणीय अभियानों में से एक बन चुका है, जिसमें 150 से अधिक देशों के लोग सक्रिय रूप से भाग लेते हैं। हर वर्ष एक नई थीम और मेजबान देश के साथ यह दिवस मनाया जाता है, जिससे किसी विशेष पर्यावरणीय समस्या पर वैश्विक ध्यान केंद्रित किया जा सके।
साल 2026 में भी यह दिवस एक महत्वपूर्ण संदेश के साथ मनाया जा रहा है। इस बार का फोकस जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर समस्या पर है, जो समुद्रों, नदियों, वन्यजीवों और मानव स्वास्थ्य को प्रभावित कर रही है। आइए जानते हैं विश्व पर्यावरण दिवस से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें।
विश्व पर्यावरण दिवस कब मनाया जाता है?
विश्व पर्यावरण दिवस प्रत्येक वर्ष 5 जून को मनाया जाता है। यह दुनिया का सबसे बड़ा पर्यावरण जागरूकता अभियान माना जाता है, जिसमें सरकारें, संस्थाएं, स्कूल और आम नागरिक भाग लेते हैं। इसका प्रमुख उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना है।
विश्व पर्यावरण दिवस 2026 की थीम क्या है?
वर्ष 2026 के लिए विश्व पर्यावरण दिवस की थीम जलवायु कार्रवाई (Climate Action) है। इस थीम का मुख्य उद्देश्य जलवायु परिवर्तन के खिलाफ तत्काल कदम उठाना, कार्बन उत्सर्जन कम करना और नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना है। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की मेजबानी अजरबैजान गणराज्य कर रहा है, और इसके बाकू शहर में मुख्य वैश्विक समारोह का आयोजन होगा।
विश्व पर्यावरण दिवस का इतिहास क्या है?
इस दिवस की शुरुआत 1972 में आयोजित संयुक्त राष्ट्र मानव पर्यावरण सम्मेलन के बाद हुई। इस सम्मेलन में पर्यावरण संरक्षण के लिए एक विशेष दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। पहला विश्व पर्यावरण दिवस 1973 में मनाया गया। तब से यह दिन हर वर्ष किसी विशेष पर्यावरणीय विषय के साथ मनाया जाता है, जिससे वैश्विक स्तर पर जागरूकता फैलाई जा सके।
पर्यावरण दिवस का महत्व क्या है?
- यह लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करता है।
- जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और जैव विविधता संरक्षण जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करता है।
- सरकारों और समाज को सकारात्मक कदम उठाने के लिए प्रेरित करता है।
- पृथ्वी को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित बनाने का संदेश देता है।
आम लोग विश्व पर्यावरण दिवस पर क्या कर सकते हैं?
- प्लास्टिक का उपयोग कम करें।
- अधिक से अधिक पेड़ लगाएं।
- पानी और ऊर्जा की बचत करें।
- कचरे को अलग-अलग करके रीसाइक्लिंग को बढ़ावा दें।
- पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में भाग लें।