वैशाख विनायक चतुर्थी: शुभ योग में सुख-समृद्धि के लिए गणेश पूजा विधि
हिंदू धर्म में चतुर्थी तिथि का विशेष महत्व बताया गया है। प्रत्येक माह की शुक्ल और कृष्ण पक्ष की चतुर्थी का व्रत रखा जाता है। यह तिथि भगवान गणेश को समर्पित है, जिन्हें विघ्नहर्ता और प्रथम पूज्य देवता माना जाता है। वैशाख माह में आने वाली विनायक चतुर्थी अत्यंत फलदायी होती है। इस वर्ष यह व्रत 20 अप्रैल को रखा जा रहा है। इस दिन शोभन योग का संयोग भी बन रहा है, जिसे ज्योतिष में अत्यंत शुभ माना जाता है। शोभन योग में पूजा-अर्चना करने से जीवन में सुख, समृद्धि और सफलता प्राप्त होती है। विनायक चतुर्थी पर विधिपूर्वक भगवान गणेश की उपासना करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं।
शास्त्रों के अनुसार, चतुर्थी तिथि श्री गणेश की आराधना के लिए निर्धारित है। शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को विनायक और कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को संकष्टी चतुर्थी कहा जाता है। दोनों ही तिथियां गणपति पूजन के लिए उत्तम मानी गई हैं।
विनायक चतुर्थी पूजा विधि
- विनायक चतुर्थी के दिन प्रातः जल्दी उठकर स्नान करें।
- घर के मंदिर को साफ करके वहां भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित करें।
- एक चौकी पर लाल कपड़ा बिछाकर उस पर गणपति जी को विराजमान करें।
- हाथ में गंगाजल लेकर पूजा का संकल्प लें और विधि-विधान से पूजा आरंभ करें।
- भगवान गणेश को दूर्वा, मोदक, लड्डू और पुष्प अर्पित करें।
- धूप और दीप जलाकर विधिपूर्वक आरती करें।
- इस दिन गणेश मंत्र का जाप और गणेश चालीसा का पाठ करना अत्यंत शुभ माना जाता है।
- शाम के समय चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत का पारण करें।
विनायक चतुर्थी व्रत का महत्व और लाभ
चतुर्थी तिथि भगवान गणेश को समर्पित है। इस व्रत को करने से व्यक्ति के जीवण की सभी बाधाएं समाप्त हो जाती हैं। साथ ही जीवन में सुख, समृद्धि, बुद्धि, विवेक और मान-सम्मान की प्राप्ति होती है। जिन लोगों को कार्यों में बार-बार असफलता मिलती है, उन्हें इस व्रत से मुक्ति मिलती है। हिंदू धर्म में संकष्टी चतुर्थी का भी विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन भगवान गणेश का पूजन करने से भक्तों के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं।
शास्त्रों के अनुसार, चतुर्थी तिथि पर भगवान गजानन की आराधना से सुख-सौभाग्य में वृद्धि होती है और घर-परिवार पर आ रही बाधाओं से मुक्ति मिलती है। इसके अलावा, रुके हुए मांगलिक कार्य भी पूरे होते हैं।