UPSC NDA-CDS 2026: हर प्रश्न हल करना आवश्यक नहीं, अपनाएं स्मार्ट रणनीति

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) और संयुक्त रक्षा सेवा (CDS) परीक्षाएं देश की सबसे प्रतिष्ठित सैन्य भर्ती परीक्षाओं में शामिल हैं। 12 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली इन दोनों परीक्षाओं का पैटर्न काफी हद तक समान है, हालांकि पाठ्यक्रम में कुछ भिन्नताएं हैं। बचे हुए समय में सही दिशा में मेहनत करके अभ्यर्थी एक साथ दोनों परीक्षाओं की तैयारी कर सकते हैं। सफलता के लिए केवल तेजी से उत्तर देना नहीं, बल्कि समय प्रबंधन और महत्वपूर्ण विषयों पर फोकस करना जरूरी है।

गणित में सटीकता और गति का संतुलन

एनडीए में गणित का पेपर 300 अंकों का होता है, जबकि सीडीएस में यह 100 अंकों का होता है। इस विषय में मजबूत पकड़ बनाने के लिए नियमित अभ्यास, पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र और मॉक टेस्ट बेहद सहायक साबित होते हैं। कैलकुलस, वेक्टर और प्रायिकता जैसे अध्यायों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। परीक्षा में पहले सरल प्रश्नों को हल करें और कठिन प्रश्नों पर अधिक समय न लगाएं। हर प्रश्न को ध्यानपूर्वक पढ़ना और सही गणना करना महत्वपूर्ण है।

अंग्रेजी भाषा पर मजबूत पकड़ बनाएं

एनडीए में अंग्रेजी 200 अंकों की और सीडीएस में 100 अंकों की होती है। विशेषकर हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों के लिए इस विषय में दक्षता हासिल करना आवश्यक है। व्याकरण, शब्दावली और गद्यांश पर ध्यान केंद्रित करते हुए पिछले प्रश्नपत्रों का नियमित अभ्यास करें। गद्यांश के उत्तर केवल दिए गए पाठ पर आधारित होने चाहिए, उनमें अपनी व्यक्तिगत राय शामिल न करें। साक्षात्कार में बेहतर प्रदर्शन के लिए भी अंग्रेजी पर अच्छी पकड़ होना लाभदायक है।

सामान्य ज्ञान में विज्ञान को प्राथमिकता दें

एनडीए में सामान्य ज्ञान का पेपर 400 अंकों का और सीडीएस में 100 अंकों का होता है। इसमें भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीवविज्ञान की अवधारणाओं का विशेष योगदान रहता है। इन विषयों की मूलभूत समझ विकसित करना जरूरी है। इतिहास की तुलना में विज्ञान पर अधिक ध्यान देना फायदेमंद हो सकता है। साथ ही, परीक्षा से पहले करंट अफेयर्स का नियमित अभ्यास करते रहें। संतुलित तैयारी और प्रभावी समय प्रबंधन ही सफलता की कुंजी है।

हर प्रश्न का उत्तर देना अनिवार्य नहीं

परीक्षा में हर प्रश्न महत्वपूर्ण होता है, लेकिन सभी प्रश्नों का उत्तर देना आवश्यक नहीं है। जिन प्रश्नों के बारे में थोड़ी भी संदेह हो, उन्हें छोड़ देना बेहतर रणनीति है। परीक्षा कक्ष में आत्म-नियंत्रण बनाए रखें और शांत मन से प्रश्नों को हल करें। न तो निराशा को हावी होने दें और न ही अति-आत्मविश्वास में निर्णय लें। एकाग्रता बनाए रखना और दबाव में भी संतुलित रहना जरूरी है।

अनुमान से बचें, सटीकता पर ध्यान दें

परीक्षा में अनुमान लगाकर उत्तर देने से बचना चाहिए। गलत उत्तरों के लिए नकारात्मक अंकन होता है, जो कुल स्कोर को प्रभावित कर सकता है। इसलिए केवल उन्हीं प्रश्नों का उत्तर दें जिनके बारे में आप पूरी तरह आश्वस्त हों। संतुलित तैयारी, आत्मविश्वास और सही रणनीति के साथ परीक्षा देने पर आप निश्चित रूप से सफलता प्राप्त कर सकते हैं और अगले चरण में प्रवेश कर सकते हैं।