चेहरे के आकार के अनुसार सनग्लासेज चुनने की पूरी गाइड

धूप से आँखों की सुरक्षा के साथ-साथ स्टाइल और फैशन को निखारने में सनग्लासेज की भूमिका बहुत अहम होती है। यह सिर्फ एक एक्सेसरी नहीं, बल्कि आपकी पर्सनैलिटी का अहम हिस्सा बन जाता है। लेकिन अक्सर लोग केवल चलन देखकर या किसी और पर अच्छा लगने के कारण सनग्लास खरीद लेते हैं। बाद में उन्हें एहसास होता है कि वह चश्मा उनके चेहरे पर उतना अच्छा नहीं लग रहा, जितना उन्होंने सोचा था। इससे उनका पूरा लुक और व्यक्तित्व प्रभावित होता है।

चश्मा खरीदते समय सबसे जरूरी बात यह है कि उसका फ्रेम आपके चेहरे की बनावट पर फब रहा है या नहीं। यहीं पर ज्यादातर लोग गलती कर बैठते हैं, जब वे अपने फेस शेप के अनुसार सही फ्रेम का चयन नहीं करते। हर व्यक्ति का चेहरा अलग-अलग होता है। किसी का चेहरा ओवल होता है, तो किसी का गोल, स्क्वायर, हार्ट शेप या डायमंड शेप। हर फेस शेप पर एक जैसा फ्रेम अच्छा नहीं लगता। सही फ्रेम आपके चेहरे की विशेषताओं को उभारता है, संतुलन बनाता है और आपके लुक को और अधिक आकर्षक बना देता है। वहीं गलत फ्रेम आपके चेहरे की बनावट को असंतुलित दिखा सकता है।

अगर आप चाहते हैं कि आपका सनग्लास सिर्फ फैशनेबल न हो, बल्कि आपकी पर्सनैलिटी पर भी पूरी तरह से सूट करे, तो सबसे पहले अपने चेहरे के आकार को पहचानें। उसके अनुसार देखें कि आप पर किस तरह के फ्रेम अच्छे लगेंगे। आइए जानते हैं कि किस चेहरे पर कौन-सा सनग्लासेज सबसे ज्यादा स्टाइलिश और परफेक्ट दिखता है।

ओवल फेस वालों के लिए सबसे आसान चुनाव

अगर आपका चेहरा ओवल शेप का है, तो आप सबसे भाग्यशाली माने जाते हैं। इस फेस शेप पर लगभग हर तरह का फ्रेम अच्छा लगता है। वेफेयरर, गोल, ओवरसाइज्ड, स्क्वायर और एविएटर जैसे लगभग सभी सनग्लासेज आपके चेहरे पर आसानी से सूट कर सकते हैं। हालांकि, इतना जरूर ध्यान रखें कि फ्रेम आपके चेहरे के अनुपात से बहुत बड़ा या बहुत छोटा न हो। संतुलित आकार का फ्रेम चुनना ही बेहतर रहेगा।

गोल चेहरे पर एंगुलर फ्रेम देते हैं स्मार्ट लुक

राउंड फेस में गाल भरे हुए होते हैं और चेहरे की चौड़ाई व लंबाई लगभग समान होती है। ऐसे चेहरे पर स्क्वायर, रैक्टैन्गुलर और वायफेरर जैसे एंगुलर फ्रेम चेहरे को लंबा और अधिक शार्प दिखाते हैं। ये फ्रेम चेहरे की गोलाई को तोड़ते हैं और इसे संतुलित बनाते हैं। बहुत ज्यादा गोल फ्रेम पहनने से चेहरा और भी गोल दिखाई दे सकता है, इसलिए इससे बचना चाहिए।

स्क्वायर फेस के लिए सॉफ्ट फ्रेम हैं बेहतर

स्क्वायर फेस में जॉलाइन मजबूत और माथा चौड़ा होता है। ऐसे चेहरे पर राउंड, ओवल, एविएटर और कैट आई फ्रेम्स चेहरे की तीखी रेखाओं को संतुलित करते हैं। ये फ्रेम चेहरे की कठोरता को कम करते हैं और इसे अधिक सौम्य और आकर्षक बनाते हैं। स्क्वायर फेस वालों को कोणीय या बहुत भारी फ्रेम से बचना चाहिए, क्योंकि वे चेहरे को और अधिक चौकोर दिखा सकते हैं।

हार्ट फेस वालों के लिए कौन-सा फ्रेम सही?

हार्ट शेप फेस में माथा चौड़ा और ठुड्डी अपेक्षाकृत पतली होती है। ऐसे चेहरे पर एविएटर, राउंड, बटरफ्लाई और हल्के फ्रेम वाले सनग्लासेज सबसे अच्छे माने जाते हैं। ये फ्रेम चेहरे के ऊपरी और निचले हिस्से के बीच संतुलन बनाते हैं। इस तरह के सनग्लासेज लुक को अधिक एलिगेंट और स्टाइलिश बनाते हैं। हार्ट फेस वालों को बहुत चौड़े या भारी फ्रेम से बचना चाहिए, जो माथे को और अधिक चौड़ा दिखा सकते हैं।

डायमंड फेस के लिए कैट आई और ओवल फ्रेम

डायमंड फेस में चीकबोन्स चौड़े होते हैं और माथा व ठुड्डी संकरी होती है। इस फेस शेप पर कैट आई, ओवल और रिमलेस फ्रेम सबसे अच्छे लगते हैं। ये फ्रेम चीकबोन्स की चौड़ाई को संतुलित करते हैं और चेहरे को सॉफ्ट लुक देते हैं। डायमंड फेस वालों को बहुत कोणीय या चौकोर फ्रेम से बचना चाहिए, क्योंकि वे चेहरे की तीखी रेखाओं को और उभार सकते हैं।

सही सनग्लासेज चुनने के टिप्स

  • हमेशा अपने चेहरे का आकार पहचानें और उसी के अनुसार फ्रेम चुनें।
  • फ्रेम का आकार आपके चेहरे के अनुपात में होना चाहिए, न बहुत बड़ा और न बहुत छोटा।
  • धूप से आँखों की सुरक्षा के लिए अच्छी क्वालिटी के लेंस वाले सनग्लासेज चुनें।
  • ट्रेंड से ज्यादा अपने कम्फर्ट और फेस शेप को प्राथमिकता दें।
  • कई तरह के फ्रेम ट्राई करके देखें, तभी सही निर्णय लें।

सही सनग्लासेज न सिर्फ आपकी आँखों को धूप से बचाते हैं, बल्कि आपके पूरे लुक को निखारने का काम करते हैं। इसलिए अगली बार जब भी सनग्लास खरीदने जाएं, तो केवल फैशन नहीं, बल्कि अपने चेहरे के आकार को भी ध्यान में रखें।