सुरक्षित इंटरनेट दिवस 2026: बच्चों को ऑनलाइन खतरों से बचाने के लिए जरूरी पैरेंटल कंट्रोल

हर साल फरवरी के दूसरे मंगलवार को दुनिया भर में सुरक्षित इंटरनेट दिवस मनाया जाता है। इसकी नींव 2004 में यूरोपीय संघ की एक परियोजना के तहत रखी गई थी, जिसे बाद में यूरोपीय आयोग का समर्थन मिला। इस दिन का मुख्य उद्देश्य इंटरनेट को सभी के लिए, विशेषकर बच्चों के लिए, एक सुरक्षित और बेहतर स्थान बनाना है।

सेफर इंटरनेट डे का उद्देश्य

हालांकि इसकी शुरुआत यूरोप में हुई थी, लेकिन आज भारत सहित 150 से अधिक देशों में इस दिन का विशेष महत्व है। इसका मूल लक्ष्य बच्चों और युवाओं को साइबर बुलिंग, डेटा के दुरुपयोग और अश्लील सामग्री जैसे ऑनलाइन खतरों के प्रति जागरूक करना है। यह दिन हमें याद दिलाता है कि इंटरनेट को एक जिम्मेदार और सुरक्षित मंच बनाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

आज के डिजिटल युग में बच्चे गैजेट्स के साथ काफी समय बिता रहे हैं। यह न केवल उनके मानसिक और शारीरिक विकास में बाधा डाल रहा है, बल्कि उन्हें अनुपयुक्त सामग्री की लत भी लगा रहा है। ऐसे में माता-पिता के लिए अपने बच्चों को ऑनलाइन अश्लील सामग्री के जाल से बचाना बेहद जरूरी हो गया है।

पाबंदी नहीं, समझदारी जरूरी

अक्सर माता-पिता बच्चों को स्मार्टफोन की लत से दूर रखने के लिए फोन छिपा देते हैं या सख्ती बरतते हैं। यह कुछ हद तक सही हो सकता है, लेकिन तकनीक से भागना इसका स्थायी समाधान नहीं है। असली समाधान तकनीक को समझकर उसे सुरक्षित बनाने में है। सुरक्षित इंटरनेट दिवस का संदेश यही है कि बच्चों पर सख्त पाबंदी लगाने के बजाय उनके लिए डिजिटल सीमाएं तय करना, स्क्रीन टाइम को नियंत्रित करना और सही सेटिंग्स चुनना अधिक प्रभावी साबित होता है।

कहां-कहां छिपा है खतरा?

पहले यह माना जाता था कि अश्लील सामग्री केवल कुछ विशेष वेबसाइटों तक सीमित है, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। आज यह खतरा उन प्लेटफॉर्मों पर भी मौजूद है, जिन्हें हम सुरक्षित मानते थे।

  • सोशल मीडिया एल्गोरिदम: रील्स और शॉर्ट्स का इंगेजमेंट मॉडल बच्चों को अनजाने में भड़काऊ विजुअल्स और अश्लील संकेतों वाले वीडियो की ओर खींचता है।
  • गेमिंग और इन-गेम चैट: ऑनलाइन गेम्स के अंदर चैट फीचर्स और तीसरे पक्ष के लिंक के जरिए अश्लील भाषा और सामग्री का खतरा बना रहता है।
  • एआई का नया खतरा: हाल के दिनों में एआई चैटबॉट ग्रोक द्वारा आपत्तिजनक तस्वीरें बनाने के विवाद ने साफ कर दिया है कि बिना फिल्टर वाले एआई टूल्स बच्चों के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं।

कौन से एप कर सकते हैं मदद?

बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा के लिए कई एप उपलब्ध हैं, जो पैरेंटल कंट्रोल में मददगार साबित हो सकते हैं।

  • गूगल फैमिली लिंक: 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए यह एप बेहतरीन है। इसके जरिए आप दूर से तय कर सकते हैं कि बच्चा कौन सा एप डाउनलोड करेगा और रात में फोन कब तक चला सकेगा। समय पूरा होने पर फोन अपने आप लॉक हो जाता है।
  • वॉचर – पैरेंटल कंट्रोल: यह एप केवल एंड्रॉइड के लिए उपलब्ध है। इसके जरिए आप बच्चे की स्क्रीन लाइव देख सकते हैं और गैलरी तक पहुंच सकते हैं।
  • फ्लैशगेट किड्स: इस एप से आप बच्चे के फोन का कैमरा और माइक रिमोटली ऑन करके देख सकते हैं कि उसके आसपास क्या चल रहा है और वह क्या बातें कर रहा है।
  • स्क्रीनट्रिम: छोटे बच्चों के लिए यह एक मनोवैज्ञानिक ट्रिक की तरह काम करता है। यह एप तय समय बाद फोन की ब्राइटनेस जीरो कर देता है, जिससे बच्चे को लगता है कि फोन खराब हो गया है।
  • स्क्रीन टाइम और डिजिटल वेलबीइंग: ये इन-बिल्ट फीचर्स हैं जो एप-वाइज टाइम लिमिट सेट करने में मदद करते हैं, जिससे स्क्रीन की लत पर काबू पाया जा सकता है।

इन एप में तुरंत करें बदलाव

1. यूट्यूब: रिस्ट्रिक्टेड मोड और किड्स एप
यूट्यूब की सेटिंग्स में जाकर जनरल सेक्शन में रिस्ट्रिक्टेड मोड को ऑन करें। छोटे बच्चों के लिए केवल यूट्यूब किड्स का उपयोग करने दें, जहां सामग्री पहले से क्यूरेटेड होती है।

2. इंस्टाग्राम: टीन सेफ्टी और लेस कंटेंट
बच्चे के अकाउंट को प्राइवेट रखें। सेटिंग्स में जाकर कंटेंट प्रिफरेंस में सेंसटिव कंटेंट को “लेस” पर सेट करें। हिडन वर्ड फीचर की मदद से गालियों और आपत्तिजनक शब्दों को ब्लॉक किया जा सकता है।

3. एआई टूल्स पर लगाम
चैटजीपीटी और जेमिनी जैसे टूल्स को सीधे इस्तेमाल करने देने के बजाय, पैरेंटल कंट्रोल के जरिए अपने फैमिली अकाउंट से जोड़ें। इससे आप मॉनिटर कर पाएंगे कि बच्चा एआई से क्या सवाल पूछ रहा है और किस तरह की जानकारी ले रहा है।