गणतंत्र दिवस 2026: मेटा एआई से सेकंडों में बनाएं अनोखे स्टिकर, ऐसे करें इस्तेमाल
एआई तकनीक के इस दौर में केवल ‘हैप्पी रिपब्लिक डे’ लिखकर भेजना पुराना हो चुका है। इस बार 26 जनवरी को खास बनाने के लिए व्हाट्सएप का मेटा एआई फीचर आपके काम आ सकता है। अब आप सामान्य संदेशों के बजाय अपनी कल्पना से तैयार किए गए कस्टम स्टिकर भेज सकते हैं। बस एक छोटा सा प्रॉम्प्ट और आपका खुद का डिजाइन किया हुआ स्टिकर तैयार है।
अगर आप पारंपरिक शुभकामना संदेशों से हटकर कुछ नया और रचनात्मक करना चाहते हैं, तो व्हाट्सएप का एआई स्टिकर जनरेटर आपके लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है। मेटा एआई की मदद से उपयोगकर्ता कुछ ही सेकंड में देशभक्ति से भरे स्टिकर बना सकते हैं और उन्हें अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा कर सकते हैं।
व्हाट्सएप पर एआई से रिपब्लिक डे स्टिकर बनाने का तरीका
यदि आपके व्हाट्सएप में मेटा एआई फीचर सक्रिय है, तो नीचे बताए गए सरल चरणों का पालन करके आप गणतंत्र दिवस पर अलग अंदाज में शुभकामनाएं दे सकते हैं:
- चैट बॉक्स खोलें: सबसे पहले व्हाट्सएप पर किसी भी चैट को खोलें।
- क्रिएट विकल्प चुनें: इमोजी आइकन पर टैप करें, फिर स्टिकर टैब पर जाएं और ‘क्रिएट’ बटन पर क्लिक करें।
- अपनी कल्पना को शब्द दें: ‘जेनरेटिव विद एआई’ पर टैप करें और अपना प्रॉम्प्ट लिखें। उदाहरण के लिए, ‘भारतीय ध्वज के साथ चमकता अशोक चक्र’ या ‘तिरंगे की पृष्ठभूमि पर नमस्ते करता बच्चा’।
- परिणाम देखें: इतना करते ही व्हाट्सएप आपको 4-5 विकल्प दिखाएगा। अपनी पसंद के स्टिकर को टैप करें और इसे सेव या शेयर करें।
मेटा एआई के लिए बेहतरीन रिपब्लिक डे प्रॉम्प्ट
व्हाट्सएप पर एआई स्टिकर बनाने के लिए आप निम्नलिखित प्रॉम्प्ट आजमा सकते हैं:
- तिरंगे की पृष्ठभूमि पर सलामी देता हुआ प्यारा भारतीय बच्चा
- नीयन शैली में चमकता अशोक चक्र
- गणतंत्र दिवस 2026 का फ्यूचरिस्टिक टेक्स्ट आर्ट
- केसरिया, सफेद और हरे फूलों से बना भारत का नक्शा
- भारतीय ध्वज का लबादा पहने दौड़ता हुआ शेर
इन प्रॉम्प्ट को डालने के बाद आप स्टिकर को सेव कर सकते हैं और अपने संपर्कों के साथ साझा कर सकते हैं।
अगर मेटा एआई फीचर उपलब्ध न हो तो क्या करें?
यदि आपके व्हाट्सएप में एआई स्टिकर फीचर अभी सक्रिय नहीं है, या आप मेटा एआई के साथ डेटा साझा नहीं करना चाहते, फिर भी आप कुछ अन्य एप्लिकेशन की मदद से आकर्षक स्टिकर बना सकते हैं:
- Sticker.ly: इसके ऑटो कट फीचर से आप अपनी फोटो को स्टिकर में बदल सकते हैं।
- Picsart: अगर आप खुद एडिटिंग करना पसंद करते हैं, तो इसमें टेक्स्ट और फिल्टर जोड़ने की सुविधा है।
- Stickify: इस ऐप में पहले से तैयार हजारों रिपब्लिक डे स्टिकर की लाइब्रेरी मौजूद है, जिन्हें आप सीधे इस्तेमाल कर सकते हैं।