सरकार ने 16 फिक्स्ड-डोज़ कॉम्बिनेशन दवाओं पर लगाया प्रतिबंध, जानिए कारण और लिस्ट
अगर आप बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी कॉम्बिनेशन दवा लेते हैं, तो यह जानकारी आपके लिए अहम है। केंद्र सरकार ने देशभर में 16 फिक्स्ड-डोज़ कॉम्बिनेशन (एफडीसी) दवाओं के निर्माण, बिक्री, वितरण और आपूर्ति पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। यह फैसला मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए और सबूतों पर आधारित स्वास्थ्य सेवा को बढ़ावा देने के लिए लिया गया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि इन दवाओं के इस्तेमाल का कोई ठोस चिकित्सीय औचित्य साबित नहीं हुआ है। इनसे होने वाले संभावित जोखिमों की तुलना में कोई खास फायदा नहीं दिखता। प्रतिबंधित सूची में दर्द निवारक, एंटीबायोटिक, मांसपेशियों की ऐंठन कम करने वाली और त्वचा देखभाल से जुड़ी कुछ दवाएं शामिल हैं। यह कदम सिर्फ दवा कंपनियों के लिए नहीं, बल्कि उन लाखों मरीजों के लिए भी जरूरी है जो अक्सर डॉक्टर की सलाह के बिना ऐसी दवाओं का सेवन कर लेते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, गलत या अनावश्यक दवाओं का संयोजन न केवल इलाज को प्रभावित कर सकता है, बल्कि गंभीर दुष्प्रभाव और एंटीबायोटिक प्रतिरोध जैसी समस्याएं भी पैदा कर सकता है। आइए जानते हैं कि इस प्रतिबंध के पीछे क्या वजह है और किन दवाओं पर यह रोक लगाई गई है।
क्या होती हैं फिक्स्ड-डोज़ कॉम्बिनेशन दवाएं?
फिक्स्ड-डोज़ कॉम्बिनेशन (एफडीसी) दवाएं वे होती हैं, जिनमें दो या उससे अधिक सक्रिय औषधीय तत्व (एपीआई) एक निश्चित अनुपात में मिलाए जाते हैं। ये एक ही गोली, कैप्सूल या सिरप के रूप में उपलब्ध होती हैं।
- इनका मुख्य फायदा यह है कि मरीज को कई अलग-अलग गोलियां लेने की बजाय एक ही खुराक लेनी पड़ती है।
- दवाओं की संख्या कम होने से मरीज समय पर दवा लेते हैं, जिससे इलाज में आसानी होती है।
हालांकि, इन फायदों के बावजूद कई नुकसान भी हैं। अगर किसी मरीज में एक दवा की खुराक बढ़ानी या घटानी हो, तो ऐसा संभव नहीं होता। सरकार का कहना है कि एक ही गोली में कई दवाएं होने से किसी एक तत्व से एलर्जी या साइड इफेक्ट का जोखिम भी बना रहता है।
क्यों लिया गया यह फैसला?
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 की धारा 26A के तहत यह प्रतिबंध लगाया है। मंत्रालय का कहना है कि वैज्ञानिक समीक्षा में पाया गया कि इन दवाओं के फायदे स्पष्ट नहीं हैं, जबकि इनसे होने वाले जोखिम गंभीर हो सकते हैं। यह फैसला दवाओं के सही और वैज्ञानिक उपयोग को बढ़ावा देने और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी था।
पिछले वर्षों में भी ऐसे कई अव्यावहारिक और गैर-जरूरी एफडीसी दवाओं पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है। इस बार भी यह कदम यह सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है कि बाजार में केवल प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित दवाएं ही उपलब्ध रहें।
प्रतिबंधित दवाओं की पूरी सूची
स्वास्थ्य मंत्रालय ने जिन 16 दवाओं पर रोक लगाई है, उनमें दर्द निवारक, एंटीबायोटिक, डायबिटीज और त्वचा देखभाल से जुड़ी दवाएं शामिल हैं। यहां उनकी श्रेणीवार सूची दी गई है:
दर्द निवारक और मांसपेशियों की ऐंठन कम करने वाली दवाएं
- Acetyl Salicylic Acid + Ethoheptazine
- Dicyclomine + Paracetamol + Clidinium Bromide
- Dicyclomine + Paracetamol + Clidinium Bromide + Chlordiazepoxide
- Paracetamol + Lignocaine
डायबिटीज की दवा
- Gliclazide + Chromium Picolinate
एंटीबायोटिक कॉम्बिनेशन
- Amoxicillin + Serratiopeptidase
- Amoxicillin + Serratiopeptidase + Lactobacillus Sporogenes
- Amoxicillin + Cloxacillin + Lactic Acid Bacillus + Serratiopeptidase
- Cefadroxyl + Probenecid
- Cefuroxime + Serratiopeptidase
त्वचा देखभाल उत्पाद
प्रतिबंधित सूची में कुछ स्किनकेयर उत्पाद भी शामिल हैं, जिनमें एलोवेरा या एलो एक्सट्रैक्ट के साथ विटामिन-ई, टी ट्री ऑयल, जोजोबा ऑयल, ऑरेंज ऑयल, व्हीट ग्राम ऑयल और डी-पैंथेनॉल जैसे तत्व मिलाकर तैयार किए जाते थे।
आगे की कार्रवाई के निर्देश
सरकार ने सभी राज्यों के ड्रग कंट्रोलर, नियामक संस्थाओं और प्रवर्तन एजेंसियों को इन आदेशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। दवा निर्माता कंपनियों, आयातकों और वितरकों को भी कानून का पालन सुनिश्चित करने और जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने की सलाह दी गई है।
यह फैसला मरीजों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और दवाओं के अंधाधुंध उपयोग को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे एंटीबायोटिक प्रतिरोध जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं पर भी नियंत्रण पाया जा सकेगा।