QR कोड स्कैम: रेस्टोरेंट में डिजिटल मेन्यू से लीक हुआ फोन नंबर, जानें बचाव के तरीके

आज के डिजिटल युग में सुविधा के लिए हम जगह-जगह QR कोड स्कैन करने के आदी हो गए हैं। छोटे भुगतान से लेकर बड़े लेन-देन तक, हर काम के लिए ऑनलाइन माध्यम का उपयोग आम हो गया है। यही आदत साइबर अपराधियों के लिए स्कैम को आसान बना देती है। हाल ही में पुणे की एक महिला के साथ हुई घटना ने QR कोड सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला ने रेस्टोरेंट में डिजिटल मेन्यू देखने के लिए QR कोड स्कैन किया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसके फोन पर अश्लील संदेश आने लगे। जांच में पता चला कि संदेश भेजने वाला उसी रेस्टोरेंट का कर्मचारी था।

पूरा मामला क्या है?

ऋषिका दत्ता नाम की महिला पुणे के एफसी रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गई थी। वहां टेबल पर उन्हें QR कोड स्कैन करके डिजिटल मेन्यू खोलने को कहा गया। उन्होंने वैसा ही किया और मेन्यू देखने के लिए अपना मोबाइल नंबर दर्ज किया। रात में उनके फोन पर अज्ञात नंबर से लगातार अश्लील संदेश आने लगे। बाद में पता चला कि यह संदेश उसी रेस्टोरेंट के वेटर ने भेजे थे। महिला का आरोप है कि उनका मोबाइल नंबर रेस्टोरेंट के डिजिटल मेन्यू सिस्टम से लीक हुआ है।

QR कोड से आपका नंबर कैसे लीक हो सकता है?

साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, QR कोड स्कैन करते समय कई उपयोगकर्ता बिना सोचे-समझे अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर देते हैं। आमतौर पर QR स्कैन करने पर एक वेबसाइट खुलती है, जहां मेन्यू या ऑर्डर के लिए मोबाइल नंबर मांगा जाता है। यह डेटा रेस्टोरेंट के सिस्टम में सेव हो जाता है। अगर सिस्टम सुरक्षित नहीं है या कर्मचारी को इस डेटा तक पहुंच मिल जाती है, तो ग्राहक की व्यक्तिगत जानकारी लीक हो सकती है।

नकली QR कोड भी बड़ा खतरा

विशेषज्ञों का कहना है कि कई मामलों में साइबर अपराधी असली QR कोड के ऊपर नकली QR कोड चिपका देते हैं। ऐसे QR कोड को स्कैन करते ही उपयोगकर्ता एक फर्जी वेबसाइट पर पहुंच जाता है। इससे फोन की जानकारी चोरी हो सकती है और बैंकिंग डिटेल्स तक खतरे में पड़ सकती हैं। इसके अलावा, इस तरह के नकली कोड से फोन में मालवेयर भी इंस्टॉल हो सकता है, जो आपकी निजी जानकारी चुरा सकता है।

QR कोड स्कैन करते समय बरतें ये सावधानियां

  • पेपर मेन्यू मांगें: जितना संभव हो, रेस्टोरेंट में फिजिकल (पेपर) मेन्यू मांगें। डिजिटल मेन्यू के लिए अपना नंबर देने से बचें।
  • अनुमतियां जांचें: यदि QR स्कैन करने के बाद कोई वेबसाइट आपके कैमरा, कॉन्टैक्ट्स या लोकेशन की अनुमति मांगती है, तो उसे तुरंत अस्वीकार कर दें।
  • URL की जांच करें: स्कैन करने के बाद ब्राउज़र में देखें कि लिंक आधिकारिक है या नहीं। संदिग्ध दिखने वाले लिंक पर अपनी कोई भी जानकारी साझा न करें।
  • सार्वजनिक Wi-Fi से बचें: सार्वजनिक स्थानों पर QR कोड स्कैन करते समय असुरक्षित Wi-Fi नेटवर्क का उपयोग न करें। इससे आपका डेटा चोरी हो सकता है।
  • एंटीवायरस का उपयोग करें: अपने फोन पर एक विश्वसनीय एंटीवायरस ऐप इंस्टॉल रखें, जो संभावित खतरों से बचा सके।

QR कोड की सुविधा निस्संदेह हमारे जीवन को आसान बनाती है, लेकिन इसके साथ जुड़े जोखिमों को नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। थोड़ी सी सावधानी और जागरूकता आपको साइबर अपराधियों के निशाने से बचा सकती है।