पापमोचिनी एकादशी व्रत कथा: इस पवित्र कथा के पाठ से मिलती है सभी पापों से मुक्ति
हिंदू पंचांग के अनुसार, चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी को पापमोचिनी एकादशी के नाम से जाना जाता है। यह व्रत महाभारत काल से चला आ रहा है और मान्यता है कि इस दिन व्रत रखने तथा भगवान विष्णु की विधिवत पूजा करने से व्यक्ति के सभी पाप नष्ट हो जाते हैं। वर्ष 2026 में यह पवित्र एकादशी 15 मार्च, रविवार को पड़ रही है। इस दिन भगवान विष्णु की श्रद्धापूर्वक पूजा करने और व्रत कथा का पाठ करने से जीवन में सुख-समृद्धि, सौभाग्य और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। आइए, विस्तार से जानते हैं पापमोचिनी एकादशी की व्रत कथा।
पापमोचिनी एकादशी व्रत कथा का महत्व
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इस एकादशी का महत्व स्वयं ब्रह्मा जी ने बताया था। कथा के अनुसार, भगवान श्रीहरि ने कहा कि चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी को पापमोचिनी एकादशी कहते हैं। यह व्रत सभी व्रतों में श्रेष्ठ माना गया है और इसके करने से मनुष्य के समस्त पाप नष्ट हो जाते हैं। इस एकादशी के महात्म्य का श्रवण या पाठ करने मात्र से भी पापों से मुक्ति मिलने की मान्यता है।
देवर्षि नारद और ब्रह्मा जी का संवाद
एक बार देवर्षि नारद ने ब्रह्मा जी से चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी का महत्व जानने की इच्छा प्रकट की। तब ब्रह्मा जी ने उन्हें पापमोचिनी एकादशी की कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि प्राचीन समय में चित्ररथ नाम का एक अत्यंत सुंदर वन था, जहां देवराज इंद्र देवताओं और गंधर्वों के साथ विहार किया करते थे।
ऋषि मेधावी और अप्सरा मंजुघोषा की कथा
उसी चित्ररथ वन में मेधावी नाम के एक ऋषि कठोर तपस्या में लीन थे। वे भगवान शिव के परम भक्त थे। उनकी तपस्या से प्रभावित होकर कामदेव ने उनकी तपस्या भंग करने का प्रयास किया। इसके लिए उन्होंने मंजुघोषा नामक एक सुंदर अप्सरा को वहां भेजा। मंजुघोषा ने अपने मनमोहक नृत्य, गीत और हाव-भाव से ऋषि मेधावी का ध्यान भंग कर दिया। ऋषि उसके सौंदर्य पर मोहित हो गए और अपनी तपस्या भूलकर उसके साथ रहने लगे। इस प्रकार उनके 57 वर्ष बीत गए।
श्राप और मुक्ति का मार्ग
एक दिन मंजुघोषा ने ऋषि से देवलोक लौटने की अनुमति मांगी। तब ऋषि को अपनी भूल का एहसास हुआ और वे अत्यंत क्रोधित हो गए। उन्होंने गुस्से में आकर अप्सरा को पिशाचनी बनने का श्राप दे दिया। श्राप से भयभीत मंजुघोषा ने ऋषि से मुक्ति का उपाय पूछा। तब ऋषि ने उसे पापमोचिनी एकादशी का व्रत करने का सुझाव दिया।
इसके बाद ऋषि मेधावी अपने पिता च्यवन ऋषि के आश्रम गए। जब च्यवन ऋषि को पूरी घटना का पता चला तो उन्होंने अपने पुत्र को भी पापमोचिनी एकादशी का व्रत करने की सलाह दी। इस व्रत के प्रभाव से मंजुघोषा पिशाचनी योनि से मुक्त होकर पुनः देवलोक लौट गई।
व्रत का फल और लाभ
इस पौराणिक कथा के अनुसार, जो भी व्यक्ति श्रद्धा और विधि-विधान से पापमोचिनी एकादशी का व्रत करता है या इसकी कथा को पढ़ता और सुनता है, उसके सभी पाप नष्ट हो जाते हैं। मान्यता है कि इस व्रत के प्रभाव से जीवन के सभी कष्ट दूर होते हैं और व्यक्ति को मोक्ष की प्राप्ति होती है।
अस्वीकरण: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग और धार्मिक ग्रंथों पर आधारित है। प्रस्तुत सूचना और तथ्यों की सटीकता और संपूर्णता के लिए कोई दायित्व नहीं है।