पैन कार्ड में मोबाइल नंबर और जानकारी कैसे अपडेट करें?
पैन कार्ड अब केवल कर भुगतान का दस्तावेज नहीं रह गया है, बल्कि यह बैंकिंग, निवेश और सरकारी सेवाओं में पहचान का एक अनिवार्य साधन बन चुका है। ऐसे में इस कार्ड पर दर्ज मोबाइल नंबर, पता, नाम या जन्मतिथि जैसी जानकारी का सही होना बहुत जरूरी है। अगर आपके पैन कार्ड में कोई जानकारी गलत है या आपने अपना मोबाइल नंबर बदल लिया है, तो अब ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से इसे आसानी से सुधारा जा सकता है। आइए जानते हैं कि यह प्रक्रिया कैसे पूरी की जाती है और इसके लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है।
पैन कार्ड की जानकारी अपडेट रखना क्यों जरूरी है?
पैन कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर जैसी निजी जानकारी दर्ज होती है। वर्तमान समय में अधिकांश वित्तीय और कर-संबंधी सेवाएं ओटीपी आधारित सत्यापन पर निर्भर करती हैं। यदि आपका पुराना मोबाइल नंबर बंद हो चुका है या बदल गया है, तो पैन से जुड़ी कई सेवाओं तक पहुंचना मुश्किल हो सकता है। इसलिए समय-समय पर पैन कार्ड की जानकारी को अपडेट करते रहना चाहिए। यह काम देश के दो आधिकारिक पोर्टलों प्रोटीन (NSDL) और यूटीआईआईटीएसएल के माध्यम से ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों तरीकों से किया जा सकता है।
प्रोटीन (Protean) पोर्टल से मोबाइल नंबर बदलने का तरीका
प्रोटीन, जिसे पहले एनएसडीएल ई-गवर्नेंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के नाम से जाना जाता था, पैन कार्ड से जुड़ी जानकारी अपडेट करने का एक प्रमुख माध्यम है। इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए निम्नलिखित चरणों का पालन करें:
- प्रोटीन पैन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होम पेज पर ‘अप्लाई नाउ’ विकल्प पर क्लिक करें, जो आपको ऑनलाइन पैन आवेदन पृष्ठ पर ले जाएगा।
- आवेदन प्रकार में ‘चेंजेस एंड करेक्शन इन एक्सिस्टिंग पैन डेटा’ या ‘रीप्रिंट ऑफ पैन कार्ड’ चुनें।
- श्रेणी में ‘इंडिविजुअल’ या अपनी स्थिति के अनुसार विकल्प चुनें।
- अपना नाम, जन्मतिथि, ईमेल आईडी, नया मोबाइल नंबर और मौजूदा पैन नंबर दर्ज करें।
- स्क्रीन पर दिख रहे कैप्चा कोड को भरकर सबमिट करें।
- सबमिट करने के बाद आपकी ईमेल आईडी पर एक टोकन नंबर भेजा जाएगा, जिसे सुरक्षित रखें।
- ‘कंटीन्यू विद पैन एप्लीकेशन फॉर्म’ पर क्लिक करें।
- पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया के लिए ‘पेपरलेस’ विकल्प चुनें, जो ई-केवाईसी और ई-साइन के माध्यम से काम करता है।
- यदि आपको नया प्लास्टिक पैन कार्ड चाहिए, तो ‘हां’ चुनें (इसके लिए शुल्क लगेगा)। फिर अपने आधार कार्ड के अंतिम चार अंक दर्ज करें।
- जिस जानकारी को बदलना है, जैसे मोबाइल नंबर, उस बॉक्स को चेक करें और नया नंबर दर्ज करें।
- आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, फोटो और डिजिटल हस्ताक्षर को निर्धारित आकार और प्रारूप में अपलोड करें।
- घोषणा में अपना नाम और स्थान भरकर फॉर्म सबमिट करें।
- ऑनलाइन भुगतान पृष्ठ पर क्रेडिट/डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग से शुल्क का भुगतान करें और रसीद डाउनलोड करें।
- आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को दर्ज कर प्रमाणित करें।
- अंत में ई-साइन के लिए ओटीपी डालें। प्रक्रिया पूरी होने पर स्वीकृति पत्र डाउनलोड होगा, जिसका पासवर्ड आपकी जन्मतिथि होगी।
UTIITSL पोर्टल से भी कर सकते हैं अपडेट
यदि आप दूसरे आधिकारिक पोर्टल यूटीआईआईटीएसएल के माध्यम से पैन कार्ड अपडेट करना चाहते हैं, तो यह प्रक्रिया भी सरल है। निम्नलिखित कदम उठाएं:
- यूटीआईआईटीएसएल की वेबसाइट पर जाएं।
- ‘चेंज या करेक्शन इन पैन कार्ड’ विकल्प चुनें।
- आवेदन फॉर्म को ध्यानपूर्वक भरें।
- दिए गए रेफरेंस नंबर को नोट कर लें।
- जिस जानकारी को अपडेट करना है, उसे चुनें और नया मोबाइल नंबर या अन्य विवरण दर्ज करें।
- आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें।
- आवेदन सबमिट करने के बाद शुल्क का भुगतान करें।
- यदि आपने फिजिकल मोड चुना है, तो प्रिंटआउट, फोटो और दस्तावेज संबंधित कार्यालय में भेजें।
अपडेट के लिए किन दस्तावेजों की जरूरत पड़ती है?
घर बैठे पैन कार्ड में जानकारी अपडेट करने के लिए कुछ आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें। इनमें आधार कार्ड, पहचान पत्र, पते का प्रमाण, जन्मतिथि प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर शामिल हैं। हालांकि, दस्तावेजों की आवश्यकता आपके द्वारा की जाने वाली जानकारी में बदलाव पर निर्भर करती है।