OpenAI का बड़ा फैसला: पुराने ChatGPT मॉडल होंगे बंद, जानिए नए GPT-5.2 में क्या है खास

एआई की दुनिया में एक बड़ा बदलाव आने वाला है। दिग्गज टेक कंपनी OpenAI ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि वह अगले महीने से अपने कई पुराने AI मॉडल्स तक पहुंच को स्थायी रूप से बंद करने जा रही है। यह कदम कब उठाया जाएगा और इसके पीछे क्या कारण है, आइए विस्तार से समझते हैं।

कौन से मॉडल होंगे बंद?

कंपनी के अनुसार, वर्तमान में 99.9% उपयोगकर्ता पहले ही GPT-5.2 पर शिफ्ट हो चुके हैं। इसको देखते हुए OpenAI ने 13 फरवरी से ChatGPT में GPT-4o, GPT-4.1, GPT-4.1 mini और OpenAI o4-mini मॉडल्स को हटाने का फैसला लिया है। कंपनी का मानना है कि पुराने मॉडल्स को बनाए रखने के बजाय संसाधनों को उन मॉडल्स पर खर्च करना बेहतर होगा, जिनका ज्यादातर लोग इस्तेमाल कर रहे हैं। गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब GPT-4o को हटाने की कोशिश की गई है। इससे पहले भी ऐसा प्रयास हो चुका है, लेकिन उपयोगकर्ताओं के विरोध के कारण इसे फिर से लाना पड़ा था। हालांकि, इस बार कंपनी ने इसे स्थायी रूप से बंद करने का मन बना लिया है।

कहां-कहां होंगे बदलाव?

OpenAI केवल मॉडल की क्षमता ही नहीं, बल्कि उसके व्यवहार को भी बदल रही है। ऐसे में नए GPT-5.2 मॉडल में कई महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कंपनी के अनुसार, पर्सनैलिटी और टोन में बदलाव होंगे, जिसमें चैटबॉट के जवाबों को अब उपयोगकर्ता अपनी पसंद के अनुसार कस्टमाइज कर सकेंगे।

क्रिएटिव सपोर्ट में सुधार

रचनात्मक लेखन और जटिल विचारों के लिए पहले से बेहतर एल्गोरिदम मिलेगा। इससे आउटपुट अधिक सटीक और बेहतरीन होगा, जिससे उपयोगकर्ताओं को क्रिएटिव कार्यों में अधिक मदद मिलेगी।

अनावश्यक रिफ्यूजल्स में कमी

अक्सर AI सुरक्षा के नाम पर उत्तर देने से मना कर देता था, जिसे अब ठीक किया जा रहा है। इस बदलाव के बाद संभावना है कि उपयोगकर्ताओं को उन सवालों के भी जवाब मिल सकेंगे, जिनके लिए पहले मना कर दिया जाता था।

18+ मोड की शुरुआत

कंपनी जल्द ही वयस्कों को वयस्क मानने के सिद्धांत पर एक नया मोड लाएगी। यह मोड उचित सुरक्षा मानकों के साथ अधिक अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रदान करेगा, जिससे वयस्क उपयोगकर्ताओं को अधिक खुला अनुभव मिल सकेगा।

पुराने ChatGPT मॉडल्स पर आपकी चैट का क्या होगा?

13 फरवरी 2026 तक उपयोगकर्ता पुराने मॉडल्स के साथ बातचीत जारी रख सकते हैं। इसके बाद, पुरानी सभी चैट्स को ऑटोमैटिकली GPT-5.2 पर रूट कर दिया जाएगा। इमेज जनरेशन के लिए भी अब GPT-5 फैमिली के मॉडल्स का ही सहारा लिया जाएगा। आम उपयोगकर्ताओं के लिए भले ही ये मॉडल्स बंद हो रहे हों, लेकिन डेवलपर्स के लिए एपीआई के जरिए इनकी पहुंच फिलहाल बनी रहेगी। OpenAI ने स्पष्ट किया है कि एपीआई रिटायरमेंट से पहले पर्याप्त समय और नोटिस दिया जाएगा, जिससे डेवलपर्स अपने एप्लिकेशन्स को अपडेट कर सकें।