NEET PG 2026: NBEMS की नई एडवाइजरी जारी, आवेदन से पहले जान लें ये अहम बदलाव
नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने NEET PG 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बार कई नियमों में बदलाव किए गए हैं, जिनके बारे में जानकारी होना हर अभ्यर्थी के लिए जरूरी है। एक छोटी सी चूक आपके आवेदन को खारिज कर सकती है या परीक्षा में परेशानी का कारण बन सकती है। आइए, समझते हैं कि इस बार क्या बदला है और किन बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
परीक्षा शहर के चयन में बदलाव
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस बार परीक्षा शहर, राज्य या केंद्र का आवंटन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के सिद्धांत पर नहीं होगा। इसका मतलब है कि जल्दी आवेदन करने से किसी विशेष शहर या केंद्र को प्राप्त करने में कोई अतिरिक्त लाभ नहीं मिलेगा। आवंटन पूरी तरह से प्रशासनिक और तकनीकी आवश्यकताओं के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन में कितने परीक्षा राज्य चुनने होंगे?
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को तीन परीक्षा राज्यों का विकल्प देना अनिवार्य होगा। इनमें पहला विकल्प वह राज्य होना चाहिए, जिसे अभ्यर्थी ने अपने पत्राचार (Correspondence) पते के रूप में दर्ज किया है। शेष दो विकल्प पड़ोसी राज्यों के होने चाहिए। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि पत्राचार का पता वैध दस्तावेजों से प्रमाणित होना चाहिए। एक बार आवेदन जमा करने के बाद न तो पत्राचार का पता बदला जा सकेगा और न ही परीक्षा राज्यों की प्राथमिकताओं में कोई संशोधन किया जा सकेगा। यह सुविधा एडिट विंडो के दौरान भी उपलब्ध नहीं होगी।
परीक्षा केंद्र कहां मिलेगा?
बोर्ड ने कहा है कि उम्मीदवारों की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्र आवंटित करने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि, प्रशासनिक, सुरक्षा, तकनीकी या अन्य आवश्यक कारणों से परीक्षा केंद्र देश में कहीं भी आवंटित किया जा सकता है। इसलिए अभ्यर्थियों को तैयार रहना चाहिए कि उनका केंद्र उनकी पसंद के अनुसार नहीं भी मिल सकता है।
फोटो और दस्तावेज अपलोड करते समय सावधानी
आवेदन के साथ फोटो, हस्ताक्षर और अन्य जरूरी दस्तावेज अपलोड करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सभी दस्तावेज तीन महीने से अधिक पुराने नहीं होने चाहिए और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही अपलोड किए जाएं। यदि फोटो धुंधली, एडिट की गई, मॉर्फ की गई या मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई, तो आवेदन अस्वीकार किया जा सकता है या एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा।
आवेदन के बाद किन विवरणों में नहीं होगा सुधार?
एनबीईएमएस ने स्पष्ट किया है कि आवेदन अंतिम रूप से जमा होने के बाद निम्नलिखित जानकारियों में बदलाव की अनुमति नहीं होगी:
- श्रेणी (कैटेगरी)
- PwBD स्टेटस (दिव्यांगता की स्थिति)
- जन्म तिथि
- मोबाइल नंबर
- ईमेल आईडी
- अन्य व्यक्तिगत विवरण
बोर्ड ने यह भी बताया कि आवेदन में दी गई जानकारी का उपयोग काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया के दौरान भी किया जाएगा। इसलिए आवेदन भरते समय हर जानकारी को सही-सही दर्ज करना बेहद जरूरी है।
आधार आधारित सत्यापन अनिवार्य
NEET PG 2026 में पहली बार आधार आधारित ऑथेंटिकेशन और वेरिफिकेशन की व्यवस्था लागू की गई है। उम्मीदवारों को आवेदन में जहां आवश्यक हो, अपना आधार नंबर देना होगा। परीक्षा केंद्र पर पहुंचने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि आपका आधार अनलॉक है, ताकि सत्यापन प्रक्रिया में कोई बाधा न आए। यदि आधार सत्यापन संभव नहीं हो पाता है, तो आईरिस (IRIS) आधारित पहचान सत्यापन जैसे वैकल्पिक तरीकों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
परीक्षा के दिन किन बातों का रखें ध्यान?
बोर्ड ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित रिपोर्टिंग समय से काफी पहले पहुंचें। इससे पहचान, बायोमेट्रिक सत्यापन और सुरक्षा जांच समय पर पूरी हो सकेगी। परीक्षा के दिन अपने हाथों, उंगलियों या हथेलियों पर मेहंदी, रंग, स्याही, पेंट या किसी अन्य पदार्थ का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे बायोमेट्रिक सत्यापन प्रभावित हो सकता है। साथ ही, परीक्षा वाले दिन ऐसा यात्रा कार्यक्रम न बनाएं जिसे बदला न जा सके, क्योंकि सुरक्षा और सत्यापन प्रक्रिया में अतिरिक्त समय लग सकता है।
ईमेल और मोबाइल रखें सक्रिय
बोर्ड ने कहा है कि परीक्षा और काउंसलिंग से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं पंजीकृत ईमेल आईडी और आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ आधिकारिक व्हाट्सएप चैनल के माध्यम से भेजी जाएंगी। उम्मीदवार नियमित रूप से अपना ईमेल, स्पैम और जंक फोल्डर भी जांचते रहें। यह सुनिश्चित करें कि आपका मेलबॉक्स भरा न हो, ताकि कोई महत्वपूर्ण सूचना छूट न जाए।
व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें
एनबीईएमएस ने उम्मीदवारों को चेतावनी दी है कि वे अपना आवेदन नंबर, पासवर्ड, आधार विवरण, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी या परीक्षा से जुड़ी कोई भी जानकारी किसी अनधिकृत व्यक्ति के साथ साझा न करें। बोर्ड ने कहा है कि ठग अंक बढ़वाने, एडमिशन दिलाने या अन्य झूठे वादों के नाम पर ऐसी जानकारी का दुरुपयोग कर सकते हैं।
फर्जीवाड़ा करने पर क्या होगा?
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई उम्मीदवार प्रतिरूपण, अनुचित साधनों के प्रयोग या परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी में शामिल पाया जाता है, तो उसका अभ्यर्थन रद्द किया जा सकता है। इसके अलावा, उसे भविष्य की परीक्षाओं से प्रतिबंधित किया जा सकता है और कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। बोर्ड ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों या अनौपचारिक सूचनाओं पर भरोसा न करें और केवल NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट, पंजीकृत ईमेल और अधिकृत संचार माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
पत्राचार पते का प्रमाण देना होगा
आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को अपने पत्राचार पते के समर्थन में निर्धारित दस्तावेजों में से किसी एक को प्रमाण के रूप में जमा करना होगा। यह दस्तावेज आवेदन प्रक्रिया का अनिवार्य हिस्सा होगा। बिना इस प्रमाण के आवेदन पूर्ण नहीं माना जाएगा।
प्रश्नों की संख्या में बदलाव
सूचना बुलेटिन के अनुसार, NBEMS ने NEET PG परीक्षा में पूछे जाने वाले प्रश्नों की संख्या 200 से घटाकर 180 कर दी है। पहले, परीक्षा के प्रश्नपत्र में 200 बहुविकल्पीय प्रश्न होते थे। अब परीक्षा में 180 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ) होंगे, जिनमें से प्रत्येक प्रश्न में केवल अंग्रेजी भाषा में 4 उत्तर विकल्प दिए जाएंगे। उम्मीदवारों को इन चार विकल्पों में से सही, सर्वोत्तम या सबसे उपयुक्त उत्तर का चयन करना होगा। परीक्षा 30 अगस्त को सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक एक ही शिफ्ट में पूरे देश में आयोजित की जाएगी।
अभ्यर्थी 21 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले NBEMS द्वारा जारी सूचना बुलेटिन को ध्यान से पढ़ लें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। एक छोटी सी गलती आपकी मेहनत पर पानी फेर सकती है, इसलिए हर कदम सावधानी से उठाएं।