NTET 2026: अनंतिम उत्तर कुंजी जारी, तीन मई तक प्रति प्रश्न 200 रुपये शुल्क पर आपत्ति दर्ज करें
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने राष्ट्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (NTET) 2026 की अनंतिम उत्तर कुंजी और अभ्यर्थियों के रिकॉर्ड किए गए उत्तर जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा 28 अप्रैल 2026 को देशभर में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) मोड में आयोजित की गई थी। अब परीक्षा में शामिल सभी उम्मीदवार आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी उत्तर कुंजी देख सकते हैं और यदि किसी उत्तर से असहमत हैं तो उस पर आपत्ति दर्ज कर सकते हैं।
तीन मई तक दर्ज करें आपत्ति
एनटीए द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, उत्तर कुंजी को चुनौती देने की प्रक्रिया 1 मई 2026 से शुरू हो गई है। उम्मीदवार 3 मई 2026 तक रात 11:50 बजे तक अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज करने के लिए 200 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है, जो वापस नहीं किया जाएगा। भुगतान केवल डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग या यूपीआई के माध्यम से ही स्वीकार किया जाएगा।
आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया
उत्तर कुंजी को चुनौती देने के लिए उम्मीदवारों को निम्नलिखित चरणों का पालन करना होगा:
- सबसे पहले एनटीईटी के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं और अपने आवेदन संख्या और पासवर्ड से लॉगिन करें।
- लॉगिन करने के बाद प्रश्न आईडी और एनटीए द्वारा प्रदान किए गए उत्तर विकल्प देख सकते हैं।
- आपत्ति दर्ज करते समय संबंधित प्रश्न का चयन कर सही विकल्प चुनना होगा।
- अपने दावे के समर्थन में आवश्यक दस्तावेज एक ही पीडीएफ फाइल में अपलोड करने होंगे।
विशेषज्ञ करेंगे आपत्तियों की जांच
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि सभी प्राप्त आपत्तियों की जांच विषय विशेषज्ञों द्वारा की जाएगी। यदि कोई आपत्ति सही पाई जाती है, तो उत्तर कुंजी में संशोधन किया जाएगा और उसका लाभ उन सभी अभ्यर्थियों को मिलेगा जिन्होंने उस प्रश्न का प्रयास किया है। हालांकि, एजेंसी किसी भी अभ्यर्थी को अलग से सूचित नहीं करेगी कि उसकी आपत्ति स्वीकार की गई या नहीं।
अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर होगा परिणाम
विशेषज्ञों की समीक्षा के बाद अंतिम उत्तर कुंजी जारी की जाएगी और उसी के आधार पर एनटीईटी 2026 का परिणाम तैयार किया जाएगा। एक बार अंतिम उत्तर कुंजी जारी होने के बाद किसी भी प्रकार का दावा या आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।
सहायता के लिए हेल्पलाइन
किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी एनटीए हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं या ईमेल भेज सकते हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर ही सभी प्रक्रियाएं पूरी कर लें, क्योंकि अंतिम तिथि के बाद कोई अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।