NTA JEE Mains 2026: उत्तर कुंजी से अपना संभावित स्कोर कैसे निकालें?
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जेईई मेन 2026 सत्र-1 की उत्तर कुंजी और रिस्पॉन्स शीट जारी कर दी है। अब परीक्षार्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने उत्तरों की जांच कर सकते हैं और संभावित अंकों का अनुमान लगा सकते हैं। इस प्रक्रिया में मार्किंग स्कीम को समझना सबसे महत्वपूर्ण है, जिससे सही गणना संभव हो पाती है। एनटीए ने स्वयं एक सरल फॉर्मूला दिया है, जिसकी मदद से छात्र आसानी से अपने अनुमानित स्कोर का पता लगा सकते हैं।
जेईई मेन 2026 मार्किंग स्कीम
परीक्षा में अंकों की गणना के लिए निर्धारित मार्किंग स्कीम इस प्रकार है:
- प्रत्येक सही उत्तर पर 4 अंक दिए जाएंगे।
- गलत उत्तर देने पर 1 अंक काटा जाएगा।
- यदि कोई प्रश्न छोड़ दिया गया है या उत्तर के लिए चिह्नित नहीं किया गया है, तो उसके लिए न तो अंक जुड़ेंगे और न ही कटेंगे।
इन्हीं नियमों के आधार पर परीक्षार्थी का कुल स्कोर तैयार होता है।
संभावित स्कोर निकालने का फॉर्मूला
अपने संभावित अंकों की गणना करने के लिए उम्मीदवारों को पहले जेईई मेन 2026 की आधिकारिक उत्तर कुंजी और अपनी रिस्पॉन्स शीट डाउनलोड करनी होगी। इसके बाद दोनों की तुलना करके सही और गलत उत्तरों की संख्या अलग-अलग नोट करनी चाहिए। इसके लिए दिया गया फॉर्मूला इस प्रकार है:
कुल स्कोर = (4 × सही उत्तरों की संख्या) – (1 × गलत उत्तरों की संख्या)
इस सूत्र को लागू करने से प्राप्त अंक ही आपके संभावित स्कोर माने जाएंगे।
उत्तर कुंजी से संतुष्ट नहीं तो दर्ज करें आपत्ति
उत्तर कुंजी जारी होने के साथ ही आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। यदि किसी उम्मीदवार को उत्तर कुंजी में दिए गए किसी उत्तर पर संदेह है या वह उससे सहमत नहीं है, तो वह निर्धारित अवधि के भीतर चुनौती दे सकता है। एनटीए के अनुसार, उम्मीदवार 4 फरवरी से 6 फरवरी 2026 तक प्रोविजनल आंसर की पर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
जेईई मेन उत्तर कुंजी डाउनलोड करने के चरण
उत्तर कुंजी और रिस्पॉन्स शीट डाउनलोड करने की प्रक्रिया सरल है। इन चरणों का पालन करें:
- आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाएं।
- होमपेज पर ‘JEE Main 2026 Session 1 Response Sheet’ नामक लिंक पर क्लिक करें।
- खुलने वाले नए पेज पर अपना आवेदन संख्या और पासवर्ड दर्ज करें।
- सबमिट बटन दबाने के बाद आपकी रिस्पॉन्स शीट और उत्तर कुंजी स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगी।
- अब आप प्रश्नों और अपने द्वारा चुने गए विकल्पों की ध्यानपूर्वक जांच कर सकते हैं।
इस प्रक्रिया के बाद छात्र अपने प्रदर्शन का सटीक आकलन कर सकते हैं और आगे की तैयारी की रणनीति बना सकते हैं।