NEET UG 2026 पुनः परीक्षा: NTA का दो लाख कर्मचारियों के साथ कड़ा सुरक्षा इंतजाम
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 की पुनः परीक्षा के लिए अपनी सारी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा आज दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-एंड-पेपर (ऑफलाइन) मोड में आयोजित की जाएगी। दिव्यांग श्रेणी (PwD/PwBD) के पात्र उम्मीदवारों को अतिरिक्त समय देते हुए शाम 6:20 बजे तक परीक्षा पूरी करने की अनुमति होगी। इस बार परीक्षा में देशभर के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों से 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।
दो लाख से अधिक कर्मचारियों की तैनाती और कड़ी सुरक्षा
NTA ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए एक मजबूत प्रशासनिक ढांचा तैयार किया है। इस बार परीक्षा के संचालन में देशभर से दो लाख से अधिक कर्मचारियों को लगाया गया है। इनमें 674 सिटी कोऑर्डिनेटर्स, 6,669 ऑब्जर्वर्स, सेंटर सुपरिंटेंडेंट्स और इनविजिलेटर्स शामिल हैं। ये सभी कर्मचारी परीक्षा केंद्रों पर स्वतंत्र निगरानी रखेंगे।
परीक्षा सामग्री की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन और पुलिस बलों का सहयोग लिया गया है। पुलिस एस्कॉर्ट और GPS-लैस वाहनों के जरिए गोपनीय सामग्री को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों का लाइव फीड केंद्रीय कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। फर्जी उम्मीदवारों को रोकने के लिए प्रवेश से पहले आधार-आधारित बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन और हाई-सेंसिटिविटी मेटल डिटेक्टर्स से सघन जांच अनिवार्य होगी।
फर्जी अफवाहों और धोखाधड़ी को रोकने के लिए सोशल मीडिया की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। NTA ने साइबर क्राइम अथॉरिटी और CBI के पास इस संबंध में शिकायतें भी दर्ज कराई हैं।
तकनीकी खराबी पर भी छात्रों को मिलेगी एंट्री
छात्रों के हित में NTA ने एक अहम फैसला लिया है। यदि किसी केंद्र पर तकनीकी खराबी, खराब फिंगरप्रिंट क्वालिटी या UIDAI कनेक्टिविटी समस्या के कारण किसी छात्र का लाइव बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन पूरा नहीं हो पाता है, तो भी उसे परीक्षा देने से रोका नहीं जाएगा। ऐसे उम्मीदवारों से केंद्र पर एक लिखित वचनपत्र लिया जाएगा और वैध दस्तावेजों के जरिए उनका मैनुअल आइडेंटिटी वेरिफिकेशन कर उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाएगी।
भीषण गर्मी को देखते हुए विशेष इंतजाम
परीक्षा दोपहर की शिफ्ट में होने और देश के कई हिस्सों में कड़ी गर्मी को देखते हुए NTA ने केंद्रों को कड़े निर्देश दिए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर जनरेटर सहित मजबूत पावर बैक-अप होना अनिवार्य है। दोपहर की शिफ्ट में छात्रों की सहूलियत के लिए बिजली, लाइट और पंखों के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।
परीक्षा कक्ष में समय देखने के लिए दीवार घड़ियां, पीने का साफ पानी, सैनिटेशन और ऑन-साइट मेडिकल सपोर्ट की व्यवस्था रहेगी। छात्र अपने साथ पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकते हैं। डायबिटिक उम्मीदवारों के लिए विशेष छूट दी गई है, वे NTA गाइडलाइंस के अनुसार अपने साथ शुगर टैबलेट्स और फल (जैसे केला, सेब, संतरा) तथा पारदर्शी पानी की बोतल ले जा सकते हैं।
रिपोर्टिंग टाइम और ड्रेस कोड के कड़े नियम
छात्रों को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच ही केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। दोपहर 1:30 बजे गेट पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा। छात्रों को अपने साथ एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी, एक ओरिजिनल वैध फोटो आईडी (जैसे आधार कार्ड) और अटेंडेंस शीट पर चिपकाने के लिए दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ लाना अनिवार्य है।
धार्मिक पहनावे पर विशेष निर्देश दिए गए हैं। जो उम्मीदवार पारंपरिक या धार्मिक पोशाक पहनकर आ रहे हैं या जो पूरी आस्तीन व ऊनी कपड़े पहनना चाहते हैं, उन्हें जांच के लिए समय से काफी पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, वॉलेट, ज्वेलरी और किसी भी तरह के खाद्य पदार्थ परीक्षा हॉल के अंदर ले जाना सख्त मना है।
हेल्पलाइन और महत्वपूर्ण सलाह
NTA ने छात्रों को सचेत किया है कि वे पेपर लीक के फर्जी दावों और अफवाहों के जाल में न फंसें। किसी भी संदिग्ध मैसेज या चैनल की जानकारी तुरंत NTA या साइबर क्राइम सेल को दें। मानसिक तनाव या किसी भी प्रकार की उलझन के लिए छात्र राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन Tele-MANAS (14416) पर 24×7 संपर्क कर सकते हैं।
NTA हेल्पलाइन नंबर्स सुबह 10:00 से शाम 5:15 बजे तक उपलब्ध रहेंगे। छात्र आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भी अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।