व्हाट्सएप प्रोफाइल में जल्द आएगा कवर फोटो का फीचर

व्हाट्सएप अपने यूजर्स के लिए एक नया और रोमांचक अपडेट लाने जा रहा है, जो प्रोफाइल को पूरी तरह से नया रूप दे सकता है। अब आप फेसबुक की तरह अपनी व्हाट्सएप प्रोफाइल पर भी कवर फोटो लगा सकेंगे। यह फीचर फिलहाल टेस्टिंग के दौर से गुजर रहा है और जल्द ही सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध हो सकता है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी इस नए फीचर पर सक्रिय रूप से काम कर रही है, जिससे यूजर्स अपनी प्रोफाइल को और अधिक आकर्षक और व्यक्तिगत बना सकेंगे। यह सुविधा व्हाट्सएप के आईओएस और एंड्रॉइड दोनों वर्जन के लिए विकसित की जा रही है। फिलहाल यह डेवलपमेंट और टेस्टिंग स्टेज में है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही इसे बीटा यूजर्स के लिए जारी किया जाएगा।

प्रोफाइल का लेआउट होगा बदलाव

जब यह अपडेट रोलआउट होगा, तो प्रोफाइल सेक्शन का डिजाइन पूरी तरह बदल जाएगा। यूजर्स को अपनी प्रोफाइल फोटो, नाम और ‘अबाउट’ सेक्शन के ऊपर एक अलग और बड़ा स्पेस मिलेगा। इसी स्पेस में वे एक वाइड कवर इमेज सेट कर सकेंगे। यह फोटो सीधे मोबाइल की गैलरी से चुनी जा सकेगी। जरूरत पड़ने पर यूजर्स इसे कभी भी बदल या हटा सकते हैं। इससे प्रोफाइल पहले से कहीं ज्यादा कस्टमाइजेबल हो जाएगी।

प्राइवेसी पर रहेगा पूरा नियंत्रण

व्हाट्सएप ने इस नए फीचर में प्राइवेसी को भी खास अहमियत दी है। कंपनी कवर फोटो के लिए अलग से प्राइवेसी कंट्रोल तैयार कर रही है। ये सेटिंग्स उसी तरह काम करेंगी, जैसे प्रोफाइल फोटो, स्टेटस और लास्ट सीन के लिए पहले से मौजूद हैं। यूजर्स यह तय कर सकेंगे कि उनकी कवर फोटो कौन देख सकता है। इसके लिए तीन विकल्प होंगे:

  • सभी देख सकते हैं
  • सिर्फ सेव किए गए कॉन्टैक्ट्स
  • कोई नहीं देख सकता

इतना ही नहीं, व्हाट्सएप एक और खास विकल्प भी देने वाला है। इसके जरिए यूजर कुछ चुनिंदा कॉन्टैक्ट्स को कवर फोटो देखने से रोक सकता है, जबकि बाकी लोगों के लिए यह दिखाई देती रहेगी। इससे यूजर्स को अपनी प्रोफाइल पर पूरा नियंत्रण मिलेगा और वे अपनी निजता बनाए रख सकेंगे।

अभी शुरुआती चरण में है फीचर

फिलहाल यह फीचर बीटा यूजर्स के लिए भी उपलब्ध नहीं कराया गया है। कंपनी अभी इसे और बेहतर बनाने में जुटी है। उम्मीद है कि पहले इसे बीटा टेस्टर्स के लिए जारी किया जाएगा और फिर धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचाया जाएगा। यह व्हाट्सएप के लिए एक बड़ा अपडेट साबित हो सकता है, जो प्लेटफॉर्म को और अधिक सोशल और इंटरैक्टिव बनाएगा।