गर्दन और पीठ के दर्द का कारण हो सकता है आपका तकिया
अक्सर हम सुबह उठते हैं तो गर्दन, कंधों या पीठ में एक अजीब सी अकड़न और दर्द महसूस करते हैं। इसका कारण सिर्फ थकान या खराब नींद नहीं, बल्कि आपके सिर के नीचे रखा तकिया भी हो सकता है। ज्यादातर लोग तकिये को केवल आराम का साधन मानते हैं, लेकिन यह आपकी रीढ़ की हड्डी, गर्दन और पूरे शरीर की सेहत को सीधे प्रभावित करता है। अगर तकिया आपकी सोने की मुद्रा के अनुरूप नहीं है, तो यह धीरे-धीरे शरीर में कई तरह की समस्याएं पैदा कर सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, गहरी और आरामदायक नींद के लिए सही तकिए का चुनाव उतना ही जरूरी है जितना कि पर्याप्त समय तक सोना।
करवट लेकर सोने वालों के लिए कौन सा तकिया उपयुक्त
अगर आप करवट लेकर सोते हैं, तो आपके कंधे और सिर के बीच एक स्वाभाविक दूरी बन जाती है। इस दूरी की भरपाई न होने पर सिर नीचे झुक जाता है, जिससे गर्दन रीढ़ की सीध में नहीं रहती। इस स्थिति में मांसपेशियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और सुबह दर्द महसूस होता है। विशेषज्ञ करवट लेकर सोने वालों को थोड़ा मोटा और सख्त तकिया इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं। इससे सिर और कंधे के बीच का गैप भर जाता है, गर्दन सीधी रहती है और मांसपेशियों पर अनावश्यक दबाव नहीं पड़ता। इससे न केवल दर्द कम होता है, बल्कि नींद भी अधिक गहरी और आरामदायक हो जाती है।
पीठ के बल सोना क्यों माना जाता है सबसे अच्छा
पीठ के बल सोना सबसे प्राकृतिक और स्वस्थ स्लीपिंग पोजीशन मानी जाती है। इस मुद्रा में रीढ़, गर्दन और कंधे अपनी प्राकृतिक स्थिति में रहते हैं, जिससे शरीर पर किसी तरह का अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता। साथ ही, चेहरा तकिये से नहीं रगड़ता, जिससे त्वचा पर झुर्रियां पड़ने और रूखेपन का खतरा भी कम होता है। पीठ के बल सोने वालों के लिए मध्यम ऊंचाई का नरम तकिया उपयुक्त रहता है, जो सिर को हल्का सा सहारा दे और गर्दन को रीढ़ के अनुरूप बनाए रखे।
पेट के बल सोने वालों के लिए सावधानी
विशेषज्ञों के अनुसार, पेट के बल सोना सबसे कम स्वस्थ मुद्रा है। इस स्थिति में गर्दन लंबे समय तक एक तरफ मुड़ी रहती है, जिससे गर्दन, कंधों और रीढ़ पर अत्यधिक दबाव पड़ता है। यह दबाव धीरे-धीरे दर्द और अकड़न का कारण बन सकता है। अगर आप फिर भी इसी मुद्रा में सोना पसंद करते हैं, तो बहुत पतला तकिया इस्तेमाल करें या बिना तकिये के सोना बेहतर होगा। इससे सिर और गर्दन की स्थिति अधिक प्राकृतिक बनी रहेगी, जिससे सुबह उठने पर शरीर ताजा और हल्का महसूस करेगा।
न्यूट्रल स्पाइन अलाइनमेंट क्या है और क्यों जरूरी है
हमारी रीढ़ की हड्डी बिल्कुल सीधी नहीं होती, बल्कि इसमें अंग्रेजी के ‘S’ आकार की प्राकृतिक वक्रताएं होती हैं। इन वक्रताओं का संतुलन बनाए रखना शरीर के स्वस्थ रहने के लिए बेहद जरूरी है। जब हम सोते हैं, तो सही तकिया गर्दन, पीठ और कमर को एक सीध में रखकर रीढ़ की इस प्राकृतिक स्थिति को बनाए रखने में मदद करता है। इसे न्यूट्रल स्पाइन अलाइनमेंट कहते हैं। जब रीढ़ अपनी प्राकृतिक स्थिति में होती है, तो मांसपेशियों पर दबाव कम पड़ता है, गर्दन और पीठ दर्द का खतरा घटता है और गहरी, आरामदायक नींद मिलती है।
विशेषज्ञों की राय: तकिया चुनते समय किन बातों का ध्यान रखें
फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अमित अग्रवाल के अनुसार, हम अपने जीवन का लगभग एक-तिहाई समय सोते हुए बिताते हैं। इसलिए तकिये का चुनाव सिर्फ दिखावे या कीमत के आधार पर नहीं, बल्कि शरीर की बनावट, सोने की आदतों और व्यक्तिगत जरूरतों को ध्यान में रखकर करना चाहिए। एक अच्छा तकिया सिर, गर्दन और रीढ़ को संतुलित स्थिति में रखता है, जिससे गर्दन की मांसपेशियों पर अनावश्यक दबाव नहीं पड़ता। सामान्य तौर पर मध्यम ऊंचाई का तकिया अधिकांश लोगों के लिए उपयुक्त माना जाता है। तकिए की ऊंचाई इतनी होनी चाहिए कि वह आपके सिर और कंधे के बीच की दूरी को उचित सहारा दे सके।
- करवट लेने वालों के लिए मोटा और सख्त तकिया बेहतर होता है।
- पीठ के बल सोने वालों को मध्यम ऊंचाई का नरम तकिया इस्तेमाल करना चाहिए।
- पेट के बल सोने वालों को बहुत पतला तकिया या बिना तकिये के सोना चाहिए।
- तकिया इतना ऊंचा होना चाहिए कि वह सिर और कंधे के बीच की दूरी को भर सके।
यह लेख विशेषज्ञों और मेडिकल रिपोर्ट्स के आधार पर तैयार किया गया है। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लेना उचित रहेगा।