नशे की लत: एक छोटी सी आदत जो पूरे शरीर को कर सकती है बर्बाद
आज 26 जून को अंतरराष्ट्रीय नशामुक्ति दिवस के अवसर पर यह समझना जरूरी है कि नशे की आदत किस तरह से व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन को तहस-नहस कर सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, नशा एक ऐसा जहर है जो धीरे-धीरे शरीर को अंदर से खोखला करता है, मस्तिष्क की सोचने-समझने की शक्ति को कम करता है और रिश्तों में दरार डालता है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि किशोर और युवा वर्ग में यह आदत तेजी से फैल रही है।
इस दिवस पर देश के शीर्ष नेताओं ने ‘नशामुक्त भारत’ का संकल्प दोहराया है। ड्रग तस्करी पर सख्ती लागू करने और नशे के शिकार लोगों के पुनर्वास पर विशेष जोर दिया गया है। विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और संगठनों द्वारा इस अभियान को सक्रिय रूप से आगे बढ़ाने की सराहना की गई है, क्योंकि उनके प्रयास एक मजबूत और स्वस्थ भारत के निर्माण में सहायक हैं।
नशे का बदलता स्वरूप
आज के समय में नशा केवल शराब, सिगरेट या पारंपरिक ड्रग्स तक ही सीमित नहीं है। सिंथेटिक ड्रग्स, नशीली गोलियां, वेपिंग डिवाइस और निकोटिन पाउच जैसे नए-नए मादक पदार्थ बाजार में उपलब्ध हैं। कम उम्र के किशोर और युवा इनकी चपेट में तेजी से आ रहे हैं, जो एक गंभीर सामाजिक खतरे का संकेत है।
नशा करता है सब कुछ नाश
विश्व स्वास्थ्य संगठन और संयुक्त राष्ट्र के ड्रग्स एवं अपराध कार्यालय के अनुसार, नशीले पदार्थ सीधे मस्तिष्क के रिवॉर्ड सिस्टम को प्रभावित करते हैं। शुरुआत में यह कुछ पलों के लिए सुखद अनुभूति देता है, लेकिन बार-बार सेवन करने से मस्तिष्क इस पर निर्भर होने लगता है। यह निर्भरता धीरे-धीरे लत में बदल जाती है, जिससे छुटकारा पाना बेहद मुश्किल हो जाता है।
नशे की आदत का प्रभाव केवल व्यक्ति की सेहत तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह पूरे परिवार, समाज और अर्थव्यवस्था को भी प्रभावित करता है। सड़क दुर्घटनाओं के पीछे भी नशा एक बड़ा कारण माना जाता है। कई मामलों में इससे अवसाद, आत्मघाती विचार और गंभीर मानसिक बीमारियां विकसित हो सकती हैं। लंबे समय तक नशा करने से लिवर, हृदय, फेफड़े, किडनी और मस्तिष्क जैसे महत्वपूर्ण अंगों को स्थायी नुकसान पहुंच सकता है।
शारीरिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव
मेडिकल रिपोर्ट्स के अनुसार, नशे की आदत शरीर को कई तरह से नुकसान पहुंचाती है:
- शराब का अधिक सेवन लिवर में फैटी लिवर, हेपेटाइटिस और सिरोसिस जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।
- तंबाकू और निकोटिन के सेवन से फेफड़ों का कैंसर, सीओपीडी, हृदय रोग और स्ट्रोक का खतरा काफी बढ़ जाता है।
- ओपिऑयड और अन्य ड्रग्स सांस की गति को धीमा कर सकते हैं, जिससे ओवरडोज की स्थिति में मृत्यु तक हो सकती है।
- कोकीन और मेथामफेटामिन जैसे उत्तेजक ड्रग्स ब्लड प्रेशर और हृदय गति को खतरनाक स्तर तक बढ़ा सकते हैं, जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का जोखिम बढ़ जाता है।
मानसिक स्वास्थ्य पर विनाशकारी असर
नशीले पदार्थ सीधे मस्तिष्क के उन हिस्सों को प्रभावित करते हैं जो आनंद, निर्णय लेने, याददाश्त और भावनाओं को नियंत्रित करते हैं। शुरुआत में नशा करने से तनाव कम महसूस हो सकता है, लेकिन समय के साथ यह मस्तिष्क की सामान्य कार्यप्रणाली को बुरी तरह प्रभावित करने लगता है।
लंबे समय तक ड्रग्स और शराब का सेवन करने वालों में डिप्रेशन, तनाव, चिंता, चिड़चिड़ापन और मूड में लगातार बदलाव जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। कुछ मामलों में भ्रम और मनोविकृति जैसी गंभीर मानसिक बीमारियां भी विकसित हो सकती हैं।
किशोरों और युवाओं पर विशेष खतरा
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, किशोरावस्था में मस्तिष्क पूरी तरह विकसित नहीं होता है। इस कारण कम उम्र में नशे की आदत लगने पर सेहत को गंभीर नुकसान हो सकता है। कम उम्र में नशा शुरू करने वालों में आगे चलकर गंभीर लत विकसित होने की आशंका अधिक रहती है।
किशोर मस्तिष्क पर नशीले पदार्थों का प्रभाव सीखने की क्षमता, याददाश्त, ध्यान और निर्णय लेने की क्षमता को बुरी तरह प्रभावित कर सकता है। यह उनके शैक्षणिक प्रदर्शन और भविष्य के करियर के लिए भी घातक साबित हो सकता है।
नशा मुक्ति की राह
नशे की लत से छुटकारा पाना मुश्किल जरूर है, लेकिन असंभव नहीं है। इसके लिए सबसे पहले व्यक्ति को अपनी लत को स्वीकार करना होगा और इसे छोड़ने का दृढ़ संकल्प लेना होगा। मनोचिकित्सक या नशा मुक्ति विशेषज्ञ से परामर्श लेना बेहद लाभकारी हो सकता है। काउंसलिंग, दवाइयां और सहायता समूह इस राह में मददगार साबित हो सकते हैं।
परिवार और दोस्तों का सहयोग भी नशा छोड़ने की प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाता है। एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाना, योग और ध्यान का अभ्यास करना, और सकारात्मक गतिविधियों में शामिल होना नशे की लत से उबरने में सहायक होता है।
यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और विशेषज्ञों की राय के आधार पर तैयार किया गया है। प्रस्तुत जानकारी पाठकों की जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से है। किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लिए अपने चिकित्सक से परामर्श लेना उचित रहेगा।