बालों की चमक और मुलायमियत के लिए 5 कारगर घरेलू उपाय
हर व्यक्ति की इच्छा होती है कि उसके बाल प्राकृतिक रूप से चमकदार और मुलायम दिखें। लेकिन आज के समय में बढ़ता प्रदूषण, केमिकल युक्त शैंपू और असंतुलित खान-पान बालों की प्राकृतिक चमक को छीन लेते हैं। इसके अलावा, बार-बार किए जाने वाले केमिकल ट्रीटमेंट बालों को बेजान और रूखा बना देते हैं। ऐसे में बालों की देखभाल के लिए विशेष ध्यान देना बहुत जरूरी हो जाता है।
यदि आप अपने बालों में खोई हुई चमक वापस लाना चाहते हैं, तो प्राकृतिक और घरेलू उपायों को अपनाना सबसे अच्छा विकल्प है। कुछ सामान्य घरेलू सामग्रियां बालों में नई जान फूंक सकती हैं। ये न केवल बालों को पोषण प्रदान करती हैं, बल्कि जड़ों को मजबूत बनाकर बालों के झड़ने की समस्या को भी कम करती हैं। इन उपायों के नियमित प्रयोग से बिना किसी दुष्प्रभाव के बालों की पुरानी चमक और कोमलता वापस पाई जा सकती है।
नारियल तेल से गहरी मालिश
बालों को मुलायम बनाने में नारियल का तेल बेहद प्रभावी साबित होता है। सप्ताह में दो बार नारियल तेल को हल्का गर्म करके बालों की जड़ों में मालिश करें। यह बालों को अंदर से पोषण देता है और उन्हें टूटने से बचाता है। ध्यान रखें कि तेल को बालों पर दो से तीन घंटे से अधिक न लगाए रखें, अन्यथा इसमें धूल और गंदगी चिपक सकती है।
आंवला का प्राकृतिक उपचार
इस मौसम में आंवला आसानी से और सस्ते दामों में उपलब्ध होता है। आप ताजे आंवले का रस निकालकर बालों पर लगा सकते हैं। यदि ताजा आंवला उपलब्ध न हो, तो बाजार में मिलने वाला आंवला पाउडर भी उतना ही लाभदायक है। आंवले में मौजूद विटामिन सी बालों की जड़ों को मजबूत बनाता है और उनमें प्राकृतिक चम्मचमक लाता है। आंवला का नियमित उपयोग बालों को स्वस्थ और चमकदार बनाए रखता है।
एलोवेरा जेल का उपयोग
अगर आपके घर में एलोवेरा का पौधा है, तो इसका ताजा जेल बालों के लिए वरदान साबित हो सकता है। एलोवेरा जेल को स्कैल्प पर लगाने से बालों में नमी और चमक दोनों बढ़ती हैं। यह रूसी और सूखेपन की समस्या को भी दूर करने में मदद करता है। एलोवेरा जेल को बालों की जड़ों से लेकर सिरे तक अच्छी तरह लगाएं और कुछ देर बाद धो लें।
मेथी दाना का पेस्ट
रसोई में आसानी से मिलने वाला मेथी दाना बालों के लिए बहुत फायदेमंद होता है। मेथी दाने का पेस्ट बालों को प्रोटीन प्रदान करता है और उन्हें मजबूती देता है। इसके लिए मेथी दानों को रातभर पानी में भिगोकर रखें, सुबह इसे पीसकर पेस्ट बनाएं और बालों पर लगाएं। लगभग आधे घंटे बाद हल्के शैंपू से बाल धो लें। इस उपाय से बाल मुलायम और चमकदार बनते हैं।
अंडे का हेयर मास्क
अंडा प्रोटीन का बेहतरीन स्रोत है, जो बालों को अंदर से पोषण देता है। एक अंडे को फेंटकर उसमें एक चम्मच जैतून का तेल या नारियल तेल मिलाएं। इस मिश्रण को बालों पर अच्छी तरह लगाएं और 20-30 मिनट के लिए छोड़ दें। बाद में हल्के शैंपू से बाल धो लें। यह मास्क बालों को मुलायम, चमकदार और मजबूत बनाने में सहायक है।