ईद पर कम समय में लगाएं शानदार मेहंदी: आसान डिज़ाइन और टिप्स
ईद का त्योहार खुशियों और सजने-संवरने का खास अवसर होता है। महिलाओं के लिए मेहंदी इस दिन की सबसे अहम तैयारियों में से एक है। लेकिन अक्सर त्योहार की भागदौड़, खरीदारी और घर के कामों के चक्कर में मेहंदी लगाने का समय नहीं बचता। फिर आखिरी वक्त में जल्दबाजी में बनाई गई मेहंदी मनचाहा लुक नहीं दे पाती।
अगर आपके साथ हर साल यही समस्या होती है, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है। अब आप कुछ ही मिनटों में खूबसूरत और ट्रेंडी मेहंदी डिज़ाइन बना सकती हैं। इसके लिए बस सही ट्रिक्स और सरल डिज़ाइन चुनने की जरूरत है। यहां कुछ आसान आइडिया दिए जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप कम समय में परफेक्ट मेहंदी लगा सकती हैं और ईद पर सबसे अलग नजर आ सकती हैं।
सिंपल और मिनिमल डिज़ाइन चुनें
अगर समय कम है, तो भारी और जटिल डिज़ाइन बनाने से बचें। इसके बजाय सिंपल बेल, फूल या मंडला पैटर्न चुनें। ये डिज़ाइन जल्दी बन जाते हैं और देखने में बेहद आकर्षक लगते हैं। हथेली के बीच में एक बड़ा फूल या उंगलियों पर छोटी-छोटी बेलें बनाना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। ऐसे मिनिमल डिज़ाइन न सिर्फ समय बचाते हैं, बल्कि एलिगेंट लुक भी देते हैं।
अरेबिक मेहंदी डिज़ाइन
अरेबिक मेहंदी डिज़ाइन अपनी खूबसूरती और सादगी के लिए जानी जाती है। यह डिज़ाइन हथेली की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ जल्दी भी बन जाती है। इसमें फ्लोरल पैटर्न और पत्तियों का उपयोग होता है, जो ईद के मौके पर बिल्कुल सही लगता है। आप इसे हथेली के बीच में या किनारों पर बना सकती हैं।
गोल मेहंदी डिज़ाइन आइडिया
गोल आकृति पर आधारित मेहंदी डिज़ाइन बनाना काफी आसान है। इसे हथेली के बीच या पीछे की तरफ लगाया जा सकता है। गोल आकृति के चारों ओर पत्तियां या छोटे मंडला पैटर्न जोड़कर इसे और भी आकर्षक बनाया जा सकता है। यह डिज़ाइन कम समय में हाथों को सजाने का एक बेहतरीन तरीका है।
चांद डिज़ाइन
ईद पर चांद डिज़ाइन की मेहंदी बनाना एक शानदार विचार है। यह डिज़ाइन बनाने में बेहद आसान है और जल्दी हथेली पर उतारा जा सकता है। चांद के आकार को हथेली के बीच में बनाकर उसके चारों ओर छोटे-छोटे तारे या डॉट्स जोड़ सकती हैं। यह डिज़ाइन ईद की थीम से पूरी तरह मेल खाता है।
मेहंदी का रंग गहरा लाने के लिए कुछ आसान टिप्स भी अपना सकती हैं। मेहंदी लगाने के बाद उस पर नींबू और चीनी का मिश्रण लगाएं। इससे रंग जल्दी और गहरा आता है। इसके अलावा, मेहंदी को सूखने के बाद हल्का गर्म करने से भी रंग निखरता है। ईद पर खूबसूरत दिखने के लिए आपको घंटों मेहंदी लगाने की जरूरत नहीं है। सही टिप्स और स्मार्ट तरीके अपनाकर आप कम समय में भी शानदार लुक पा सकती हैं।