कुलदीप यादव की दुल्हन का मेहंदी लुक: फर्शी सलवार में छाया शाही अंदाज

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। वह 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त और मंगेतर वंशिका चड्ढा के साथ सात फेरे लेंगे। खबरों के मुताबिक, यह शादी मसूरी के एक लग्जरी होटल में आयोजित होगी, जिसमें सिर्फ परिवार और करीबी दोस्त ही शामिल होंगे। इसके बाद 17 मार्च को लखनऊ में एक भव्य रिसेप्शन रखा गया है, जहां क्रिकेट और मनोरंजन जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।

शादी की रस्मों की शुरुआत मेहंदी समारोह से हुई, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों में वंशिका का शाही और एलिगेंट अंदाज हर किसी का ध्यान खींच रहा है। उन्होंने पारंपरिक फर्शी सलवार सेट पहनकर ऐसा लुक दिया कि हर तरफ उनकी चर्चा होने लगी।

फर्शी सलवार में रॉयल अंदाज

मेहंदी समारोह के लिए वंशिका ने चैरी कलर का सिल्क वेलवेट आउटफिट चुना, जिसने उनके लुक को बेहद रॉयल और सुंदर बना दिया। कुर्ते पर बारीक जरदोजी, जेमस्टोन, सेक्विन, कटदाना और दबका कढ़ाई की गई थी। यह सारी कढ़ाई जालीदार पैटर्न में उभरकर सामने आई, जिसने पूरे डिजाइन को और भी खास बना दिया।

कुर्ते का डिजाइन बना लुक का हाईलाइट

वंशिका के कुर्ते को डीप V नेक डिजाइन दिया गया था, जिस पर फ्लोरल जालीदार कढ़ाई बेहद खूबसूरत लग रही थी। फुल स्लीव्स वाले इस कुर्ते सेट के ऊपरी हिस्से पर जालीदार वर्क किया गया था। सेंटर में पैच डिजाइन और तिरछी लाइन डिटेलिंग ने इसे और आकर्षक बनाया। बॉर्डर पर बारीक एम्ब्रॉयडरी की गई थी, जिसने पूरे आउटफिट को शाही सिल्हूट दिया। कुर्ते के आगे और पीछे एक जैसा ही डिजाइन रखा गया था।

फर्शी सलवार और दुपट्टे ने बढ़ाई खूबसूरती

कुर्ते के साथ वंशिका ने हल्की लेकिन चौड़ी घेर वाली फर्शी सलवार पहनी। इस सलवार के हेम पर जरदोजी और सेक्विन की डिटेलिंग की गई थी। मैचिंग दुपट्टे को भी उसी तरह की कढ़ाई से सजाया गया था। वंशिका ने दुपट्टे को साइड स्टाइल में ओपन ड्रेप किया और कलाई पर हल्का सा टक कर लिया, जिससे पूरा लुक और भी स्टाइलिश नजर आया।

क्या होती है फर्शी सलवार?

फर्शी शब्द फारसी भाषा से आया है, जिसका मतलब फ्लोर यानी जमीन होता है। सामान्य सलवार टखने तक होती है, जबकि फर्शी सलवार फ्लोर लेंथ की होती है। इसका इतिहास मुगल काल से जुड़ा माना जाता है। 1970-80 के दशक में नवाबी और शाही परिवारों की महिलाएं इसे खूब पहनती थीं। आज यह पारंपरिक आउटफिट मॉडर्न फैशन के साथ फिर से ट्रेंड में आ चुका है।

वंशिका के आउटफिट की कीमत

वंशिका ने डिजाइनर सुरैना चौधरी के कलेक्शन से नायरा फर्शी सलवार सेट चुना। इस आउटफिट की कीमत करीब 80,000 रुपये बताई जा रही है।

जूलरी और मेकअप ने पूरा किया लुक

वंशिका ने अपने हेवी आउटफिट के साथ जूलरी को काफी संतुलित रखा। उन्होंने हैवी ईयररिंग्स, माथे पर टीका, हाथों में चूड़ियां और रिंग और मैचिंग फुटवियर कैरी किए। हेयरस्टाइल को उन्होंने स्लीक लुक में रखा और सॉफ्ट ग्लोइंग मेकअप किया, जिससे उनका पूरा अंदाज बेहद एलिगेंट लगा।

कपल का परफेक्ट कलर को-ऑर्डिनेशन

मेहंदी फंक्शन में कुलदीप यादव ने भी सिंपल लेकिन स्टाइलिश आउटफिट चुना, जो वंशिका के लुक को खूबसूरती से कॉम्प्लिमेंट कर रहा था। दोनों का कलर-कोऑर्डिनेटेड कपल स्टाइल इस समारोह का मुख्य आकर्षण बन गया।