खामोशी से कमाए 8,980 करोड़: खाबी लामे का AI क्लोन अब दुनिया भर में छाएगा
दुनिया के सबसे मशहूर टिकटॉक स्टार खाबी लामे एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने अपनी वैश्विक ब्रांड कंपनी को बेचकर करीब 8,980 करोड़ रुपये का सौदा किया है। यह डील सोशल मीडिया जगत में अपनी तरह का सबसे बड़ा व्यावसायिक समझौता माना जा रहा है।
25 वर्षीय इटालियन कंटेंट क्रिएटर ने अपनी कंपनी Step Distinctive Limited को हॉन्ग कॉन्ग स्थित लिस्टेड होल्डिंग कंपनी Rich Sparkle को 975 मिलियन डॉलर (लगभग 8,980 करोड़ रुपये) में बेच दिया है। इस समझौते के तहत चीन की लाइवस्ट्रीम और कंटेंट कॉमर्स कंपनी Anhui Xiaoheiyang Network Technology Co., Ltd. अगले 36 महीनों तक खाबी के वैश्विक व्यावसायिक संचालन की एकमात्र भागीदार होगी।
कोरोना काल में बदली किस्मत
सेनेगल में जन्मे खाबी लामे का असली नाम सेरिंज खाबाने लामे है। कोरोना महामारी के दौरान जब पूरी दुनिया ठहर गई थी, तब उनके मजेदार रिएक्शन वीडियो ने लाखों लोगों का मनोरंजन किया। मार्च 2020 में फैक्ट्री मैकेनिक की नौकरी जाने के बाद उन्होंने इटली के ट्यूरिन के पास चिवासो इलाके में रहते हुए यह कंटेंट आइडिया तैयार किया, जिसने उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी।
इंस्टाग्राम और टिकटॉक पर उनके बिना बोले, सिर्फ इशारों और चेहरे के हाव-भाव वाले रिएक्शन वीडियो आज भी करोड़ों लोग पसंद करते हैं। उनकी पहचान चौड़ी आंखें, हल्की मुस्कान और दोनों हथेलियां ऊपर उठाने वाला अंदाज है।
AI क्लोन से नया अध्याय
इस डील का सबसे रोमांचक हिस्सा यह है कि कंपनी खाबी का AI जनरेटेड क्लोन बनाएगी। इसके लिए उन्होंने अपने चेहरे और आवाज के इस्तेमाल की अनुमति दे दी है। इस AI क्लोन का मकसद खाबी की आवाज में अलग-अलग भाषाओं में सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करना है। इस तरह वह दुनिया के हर कोने में अपने प्रशंसकों से उनकी भाषा में जुड़ सकेंगे।
सोशल मीडिया पर धाकड़ मौजूदगी
खाबी लामे के इंस्टाग्राम पर 7.7 करोड़ से अधिक और टिकटॉक पर 16 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वह मुश्किल लाइफ हैक्स को बिना एक शब्द बोले, सिर्फ इशारों में आसान तरीके से समझाते हैं। लगभग 20 मिलियन डॉलर की अनुमानित वार्षिक कमाई के साथ वह कई बड़े ब्रांड्स के साथ काम कर चुके हैं।
- Hugo Boss
- Airbnb
- क्रिप्टो एक्सचेंज Binance
- कई हॉलीवुड स्टूडियो
विवादों से भी रहा सामना
पिछले साल खाबी तब चर्चा में आए थे जब लास वेगास एयरपोर्ट पर अमेरिकी इमिग्रेशन अधिकारियों ने वीजा नियमों के उल्लंघन के चलते उन्हें हिरासत में ले लिया था। बाद में उन्हें स्वेच्छा से अमेरिका छोड़ने की अनुमति दी गई और उन्होंने देश छोड़ दिया था। इस घटना के बावजूद उनकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई।
खाबी लामे की यह डील सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के लिए एक मिसाल है कि कैसे एक साधारण आइडिया और लगातार मेहनत से असाधारण सफलता हासिल की जा सकती है। AI क्लोन के साथ वह अब डिजिटल दुनिया में एक नया इतिहास रचने जा रहे हैं।