जेईई मेंस 2026 सत्र-2 पेपर-1 की उत्तर कुंजी जारी, परिणाम 20 अप्रैल को
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने जेईई मेन 2026 के दूसरे सत्र के पेपर-1 के लिए आधिकारिक उत्तर कुंजी जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थी अब आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इस उत्तर कुंजी को देख और डाउनलोड कर सकते हैं। इससे छात्र अपने प्राप्तांकों का अनुमान लगा सकते हैं।
परीक्षा का आयोजन और उपस्थिति
एनटीए ने जेईई मेन 2026 के सत्र 2 का आयोजन 2, 4, 5, 6, 7 और 8 अप्रैल को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) मोड में सफलतापूर्वक किया। यह परीक्षा भारत के 304 शहरों और विदेश के 14 शहरों में स्थित लगभग 566 केंद्रों पर आयोजित की गई थी।
इस सत्र में कुल लगभग 11.23 लाख उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था। पेपर 1 (बी.ई./बी.टेक.) के लिए घरेलू स्तर पर लगभग 11.06 लाख और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 4,229 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। परीक्षा में लगभग 93% उम्मीदवार उपस्थित रहे, जबकि लगभग 97% उम्मीदवारों का आधार सत्यापन सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया
यदि किसी अभ्यर्थी को उत्तर कुंजी में किसी प्रश्न के उत्तर पर आपत्ति है, तो वह 13 अप्रैल तक चुनौती प्रस्तुत कर सकता है। आपत्ति दर्ज करने के लिए 200 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। विशेषज्ञों द्वारा आपत्तियों की समीक्षा के बाद ही अंतिम उत्तर कुंजी जारी की जाएगी।
परिणाम की तिथि
एनटीए के अनुसार, जेईई मेन 2026 सत्र 2 के पेपर-1 के परिणाम 20 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे। अभ्यर्थी अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकेंगे।
उत्तर कुंजी डाउनलोड करने के चरण
- सबसे पहले जेईई मेन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होम पेज पर उपलब्ध उत्तर कुंजी के विकल्प पर जाएं।
- आवश्यक लॉगिन विवरण दर्ज करें।
- उत्तर कुंजी स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगी।
- भविष्य के संदर्भ के लिए इसे डाउनलोड करके सुरक्षित रखें।