जेईई एडवांस्ड 2026: कॉलेज और ब्रांच का चुनाव करते समय भीड़ का अनुसरण न करें, यह भारी पड़ सकता है
जेईई एडवांस्ड 2026 के परिणाम जारी होने के बाद, हजारों प्रतिभाशाली छात्र अब देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश के लिए कदम बढ़ा रहे हैं। इस मोड़ पर सबसे अहम सवाल यह है कि किस कॉलेज और किस शाखा का चयन किया जाए। दुर्भाग्य से, बड़ी संख्या में छात्र और उनके परिजन इस फैसले को सामाजिक दबाव और लोकप्रिय रुझानों के आधार पर ले रहे हैं, जो आगे चलकर नुकसानदेह साबित हो सकता है।
अक्सर देखा जाता है कि जब किसी छात्र से पूछा जाता है कि वह कंप्यूटर साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग या डेटा साइंस जैसी शाखाओं को क्यों चुनना चाहता है, तो जवाब में यही सुनने को मिलता है कि इन क्षेत्रों में बहुत संभावनाएं हैं, हर कोई यही ले रहा है, या फिर इनमें अच्छा वेतन मिलता है। लेकिन क्या ये कारण किसी के करियर के लिए पर्याप्त हैं?
खुद से ये सवाल जरूर पूछें
ब्रांच चुनने से पहले हर विद्यार्थी को अपने अंदर झांकना चाहिए और कुछ महत्वपूर्ण प्रश्नों का ईमानदारी से उत्तर देना चाहिए। सबसे पहले यह सोचें कि कौन सा विषय पढ़ने में आपको वास्तव में आनंद आता है। आप किस तरह की समस्याओं को सुलझाना पसंद करते हैं? क्या आप अगले 10 से 15 साल तक इसी क्षेत्र में काम करते हुए खुद की कल्पना कर सकते हैं? यह भी जांचें कि कहीं आप सिर्फ भीड़ का अनुसरण तो नहीं कर रहे। साथ ही, यह समझना जरूरी है कि क्या आपने उस क्षेत्र के विशेषज्ञों और उद्योग की वास्तविक जरूरतों को सही तरीके से जाना है। इन सवालों के सच्चे जवाब ही आपको सही करियर निर्णय लेने में मदद करेंगे।
एआई और डिजिटल कौशल को अपनाएं
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कोई अलग शाखा नहीं है, बल्कि यह एक ऐसी तकनीक है जो हर क्षेत्र में अपनी जगह बनाएगी। यह सोचना गलत है कि एआई सिर्फ कंप्यूटर साइंस के छात्रों के लिए है। आने वाले समय में मैकेनिकल इंजीनियर स्मार्ट मशीनों का निर्माण करेंगे, इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियर एआई-आधारित सिस्टम विकसित करेंगे, बायोटेक इंजीनियर नई दवाओं पर शोध करेंगे, और टेक्सटाइल या स्पोर्ट्स इंजीनियर भी एआई का उपयोग करेंगे। इसलिए भविष्य उन्हीं का है जो अपनी शाखा के साथ-साथ एआई और डिजिटल कौशल को जोड़ सकें।
नवाचार की सोच जरूरी
भविष्य सिर्फ कोड लिखने वालों का नहीं होगा। असली जरूरत उन इंजीनियरों की है जो नई समस्याओं के लिए नए समाधान ढूंढ सकें। चाहे वह ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी समस्याएं हों, शहरों की ट्रैफिक व्यवस्था हो, या फिर स्वास्थ्य सेवा और ऊर्जा से जुड़ी चुनौतियां, हर जगह नवाचार की आवश्यकता है। जो छात्र अपनी शाखा में रहते हुए ‘क्या बेहतर किया जा सकता है’ की सोच विकसित करते हैं, वही आगे चलकर बड़ी परियोजनाओं में सफल होते हैं।
- किसी भी शाखा को सिर्फ उसकी लोकप्रियता के आधार पर न चुनें।
- यह सोचें कि आप किस तरह की समस्याओं को हल करना पसंद करते हैं और उसी दिशा में आगे बढ़ें।
- अपनी शाखा के साथ एआई और डिजिटल कौशल को जोड़ने की आदत बनाएं, इससे अवसर कई गुना बढ़ जाते हैं।
शाखा नहीं, आपका दृष्टिकोण मायने रखता है
शाखा का चयन केवल इसलिए न करें कि वह लोकप्रिय है या अधिकांश छात्र उसे चुन रहे हैं। हर छात्र की रुचि और लक्ष्य अलग-अलग होते हैं। इसलिए निर्णय लेते समय अपनी पसंद, योग्यता और भविष्य की योजनाओं को प्राथमिकता दें। सही चुनाव वही है जो आपकी पहचान और आकांक्षाओं के अनुरूप हो।