इंदौर ईवी हादसा: आग में क्यों फेल हो जाते हैं स्मार्ट लॉक? सुरक्षा के दावों पर उठ रहे सवाल
डिजिटल डोर लॉक ने हमारी जिंदगी को आसान और चाबी रहित बना दिया है, लेकिन इंदौर में हुई आगजनी की घटनाओं ने इनके एक खतरनाक पहलू को सामने ला दिया है। जब घर में शॉर्ट सर्किट से आग लगी, तो इलेक्ट्रॉनिक लॉक जाम हो गए और लोग अंदर फंस गए। अब सवाल उठता है कि क्या ये ताले वाकई सुरक्षित हैं? क्या बिजली जाने पर ये काम करना बंद कर देते हैं? और सबसे अहम बात, ऐसी स्थिति में आपकी जान बचाने के लिए प्लान-बी क्या होना चाहिए? आइए, इन सवालों के जवाब विस्तार से जानते हैं।
कैसे हुआ इंदौर में हादसा?
इंदौर के बंगाली चौराहे के पास एक घर के बाहर खड़ी इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। जैसे-जैसे आग फैली, बिजली की सप्लाई बंद हो गई और घर का डिजिटल लॉक काम नहीं कर पाया। इस वजह से अंदर फंसे लोगों के लिए स्थिति बेहद गंभीर हो गई। इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी ऐसी ही एक घटना सामने आ चुकी है। इस घटना ने स्मार्ट सिक्योरिटी सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
डिजिटल डोर लॉक कितने सुरक्षित हैं?
डिजिटल लॉक पारंपरिक तालों की तुलना में कई मायनों में ज्यादा सुरक्षित माने जाते हैं। इनकी कुछ प्रमुख खूबियां इस प्रकार हैं:
- नो-की, नो डुप्लीकेशन रिस्क: इससे चाबी चोरी होने या उसकी नकल बनने का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है।
- एडवांस्ड सिक्योरिटी: एंटी-टैम्पर अलार्म, ऑटो-लॉक और एन्क्रिप्शन जैसी सुविधाएं मिलती हैं, जो सुरक्षा को बढ़ाती हैं।
- एक्सेस कंट्रोल: आपको इस बात का पूरा रिकॉर्ड रहता है कि कौन और कब आया। हर व्यक्ति के आने-जाने का समय आपको पता चल जाता है।
- रिमोट मॉनिटरिंग: आप इसे मोबाइल से कंट्रोल कर सकते हैं और इसके सभी नोटिफिकेशन भी आपको मिल जाते हैं।
हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि ये सौ प्रतिशत फेल-प्रूफ नहीं हैं, खासकर आग, शॉर्ट सर्किट या बिजली की विफलता जैसी आपात स्थितियों में इनके फेल होने का जोखिम बना रहता है।
क्या बिजली जाने पर लॉक काम करना बंद कर देते हैं?
विशेषज्ञों के अनुसार, यह हर मॉडल पर निर्भर करता है। अधिकांश आधुनिक डिजिटल लॉक बिजली से नहीं, बल्कि डिस्पोजेबल या रिचार्जेबल बैटरी से चलते हैं। इसलिए घर की लाइट कटने पर भी ये काम करते रहते हैं। वहीं, कई स्मार्ट लॉक में आपातकालीन पावर पोर्ट भी होता है। विभिन्न प्रकार के लॉक की स्थिति इस प्रकार है:
- बेसिक डिजिटल लॉक: बिजली जाने पर काम बंद कर सकते हैं।
- बैटरी बैकअप वाले लॉक: सामान्य रूप से काम करते रहते हैं।
- हाई-एंड स्मार्ट लॉक: बैटरी और यूपीएस से चलते रहते हैं।
कहां हैं जोखिम?
डिजिटल लॉक से जुड़े कुछ प्रमुख जोखिम निम्नलिखित हैं:
- बिजली पर निर्भरता: इंदौर जैसे मामलों में समस्या बिजली जाने की नहीं, बल्कि हाई वोल्टेज या आग से इलेक्ट्रॉनिक सर्किट के क्षतिग्रस्त होने की थी। जब ताले का आंतरिक मैकेनिज्म जल जाता है, तो वह कमांड लेना बंद कर देता है।
- इलेक्ट्रॉनिक फेलियर: आग, गर्मी या पानी से सर्किट खराब हो सकता है। इंदौर में भी कुछ ऐसा ही हुआ।
- सॉफ्टवेयर या सिस्टम क्रैश: ऐसी परिस्थिति में अधिकतर स्मार्ट लॉक हैंग हो जाते हैं या प्रतिक्रिया देना बंद कर देते हैं।
- बैटरी खत्म होना: समय पर ध्यान न देने पर लॉक आउट की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।
डिजिटल लॉक इस्तेमाल करते समय जरूरी सावधानियां
डिजिटल लॉक का उपयोग करते समय निम्नलिखित सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है:
- डुअल एक्सेस सिस्टम चुनें: हमेशा ऐसा लॉक खरीदें जिसमें नीचे की तरफ एक छिपी हुई चाबी (मैकेनिकल की) का विकल्प हो। आग या तकनीकी खराबी के समय यह चाबी ही आपकी जान बचा सकती है। इस चाबी को घर के अंदर नहीं, बल्कि अपने पास रखें।
- पैनिक रिलीज फंक्शन: अच्छी क्वालिटी के तालों में अंदर की तरफ एक लीवर होता है, जिसे दबाते ही बिना किसी कोड के दरवाजा अंदर से खुल जाता है। लॉक लगवाने से पहले सुनिश्चित करें कि आपका लॉक एंटी-पैनिक प्रमाणित हो।
- फायर सेंसर अलर्ट: प्रीमियम लॉक में हीट सेंसर होते हैं। अगर कमरे का तापमान 60-70 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जाता है, तो लॉक अपने आप अनलॉक हो जाता है ताकि लोग बाहर निकल सकें। लॉक लगवाते समय फायर सेंसर अलर्ट का विशेष ध्यान रखें।
- इमरजेंसी एग्जिट प्लान: घर के हर सदस्य को पता होना चाहिए कि आपात स्थिति में किस दरवाजे या रास्ते से बाहर निकलना है। अगर मुख्य दरवाजा डिजिटल लॉक से है, तो उसका बैकअप तरीका, जैसे चाबी या मैनुअल ओपन, सभी को पता होना चाहिए।
- घर में कम से कम एक मैन्युअल एग्जिट रखें: पूरी तरह डिजिटल सिस्टम पर निर्भर रहना जोखिम भरा हो सकता है। घर में कम से कम एक दरवाजा या गेट ऐसा होना चाहिए जो बिना बिजली या इलेक्ट्रॉनिक्स के खुले। यह बैक डोर, बालकनी एग्जिट या ग्रिल गेट हो सकता है। उस एग्जिट तक का रास्ता हमेशा खुला और बिना रुकावट होना चाहिए। यह एक फेल सेफ मैकेनिज्म है, जब सब कुछ फेल हो जाए, तब यही काम आता है।
- सॉफ्टवेयर अपडेट: स्मार्ट लॉक मोबाइल एप और सिस्टम पर भी चलते हैं, इसलिए अपडेट बहुत जरूरी है। अपडेट से सिक्योरिटी पैच मिलते हैं, सिस्टम बग फिक्स होते हैं और नई फीचर्स के साथ बेहतर परफॉर्मेंस मिलती है। इसके लिए ऑटो अपडेट ऑन रखें और एप नोटिफिकेशन को नजरअंदाज न करें।