IIMCAA 2026: दसवें इमका पुरस्कारों की घोषणा, सौम्या पिल्लई को सर्वश्रेष्ठ पत्रकार का सम्मान
भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) के पूर्व छात्र संघ (IIMCAA) के 14वें ‘कनेक्शन्स मीट’ का आयोजन दिल्ली में किया गया। इस भव्य समारोह में दसवें इमका पुरस्कारों (IIMCAA Awards 2026) के विजेताओं की घोषणा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य मीडिया, जनसंपर्क, प्रसारण और सामाजिक सेवा जैसे विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पूर्व छात्रों को सम्मानित करना था। विजेताओं को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान करके उनकी उपलब्धियों को सराहा गया।
जूरी अवार्ड्स की श्रेणियां और विजेता
जूरी द्वारा चयनित श्रेणियों में सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार ‘जर्नलिस्ट ऑफ द ईयर’ सौम्या पिल्लई को दिया गया। कृषि रिपोर्टिंग में उत्कृष्टता के लिए लक्ष्मी देवी ऐरे को ‘एग्रीकल्चर रिपोर्टर ऑफ द ईयर’ चुना गया। प्रकाशन क्षेत्र में सफीना वानी को ‘रिपोर्टर ऑफ द ईयर’ और प्रसारण माध्यम में मेधा यादव को ‘रिपोर्टर ऑफ द ईयर’ का सम्मान मिला। प्रसारण में उत्कृष्ट निर्माण कार्य के लिए मोहम्मद असद को ‘प्रोड्यूसर ऑफ द ईयर’ पुरस्कार प्रदान किया गया।
भारतीय भाषाओं में बेहतरीन काम करने वालों में सौरव कुमार बोरा को ‘इंडियन लैंग्वेज रिपोर्टर ऑफ द ईयर (पब्लिशिंग)’ तथा अल्पेश अरविंद करकरे को ‘इंडियन लैंग्वेज रिपोर्टर ऑफ द ईयर (ब्रॉडकास्ट)’ घोषित किया गया। डिजिटल वीडियो श्रेणी में तंजील आसिफ को ‘इंडिपेंडेंट रिपोर्टर ऑफ द ईयर’ का पुरस्कार दिया गया। विज्ञापन क्षेत्र में हसलीन कौर को ‘एड पर्सन ऑफ द ईयर’ और जनसंपर्क में पंचानन मिश्रा को ‘पीआर पर्सन ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड से नवाजा गया। जूरी स्पेशल मेंशन के तहत गरिमा सिंह, नंथा किशोर और गार्गी सतपथी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कमेटी अवॉर्ड्स और विशेष सम्मान
समिति द्वारा निर्धारित श्रेणियों में चंदन राय और अभिनव पांडेय को संयुक्त रूप से ‘एलुमनी ऑफ द ईयर’ चुना गया। मिलन वोहरा, लिपिका सूद, प्रदीप कुमार मल्लिक, संगीता ठाकुर और मिताली मोहंती घोष को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ प्रदान किया गया। ‘पब्लिक सर्विस’ श्रेणी में सुरेश कुमार वशिष्ठ (आईएएस), वीरेंद्र मिश्रा (आईपीएस), कपिल शर्मा, कुमार अभिषेक, प्रेरणा प्रसाद और अंकिता साहू को सम्मानित किया गया।
‘कनेक्टिंग एलुमनी ऑफ द ईयर’ का पुरस्कार आनंद कुमार दत्ता और माधव शर्मा को मिला। महाराष्ट्र और बिहार चैप्टर को ‘कनेक्टिंग चैप्टर ऑफ द ईयर’ घोषित किया गया। वहीं, आईआईएमसी विचारकों के समूह ‘समोसा पार्टी’ को ‘कनेक्टिंग ग्रुप ऑफ द ईयर’ का सम्मान दिया गया। इमका पिलर अवॉर्ड रमेश मुनियप्पा, मनोज कुमार, प्रसाद सान्याल, अरविंद कुमार और मरणोपरांत एडजरिला डेलिडिया फनाई को प्रदान किया गया।
गोल्डन और सिल्वर जुबली सम्मान
समारोह में संस्थान से 50 वर्ष पूर्व स्नातक एमसी जोशी को गोल्डन जुबली सम्मान से नवाजा गया। इसके अलावा, 25 वर्ष पहले पास हुए 74 पूर्व छात्रों को सिल्वर जुबली सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान इमका अध्यक्ष सुशील सिंह (आईएएस), महासचिव अतुल गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष कल्याण रंजन, सिमरत गुलाटी, प्रसाद सान्याल और स्मारिका संपादक संतोष उरांव ने स्मारिका का विमोचन भी किया।
गणमान्य हस्तियों की उपस्थिति और भविष्य की योजनाएं
इस आयोजन में संस्थान के पूर्व महानिदेशक केजी सुरेश, सेवानिवृत्त नौकरशाह अमरेंद्र खटुआ, अमिताभ वर्मा, राजेश मलिक सहित कई वरिष्ठ पत्रकार और देश-विदेश से आए पूर्व छात्र शामिल हुए। आयोजकों ने बताया कि पूर्व छात्रों के नेटवर्क को और मजबूत बनाने के लिए आने वाले दो से तीन महीनों में देश और विदेश के विभिन्न शहरों में चैप्टर स्तर पर भी ‘कनेक्शन्स मीट’ आयोजित किए जाएंगे।