HTET परीक्षा 2026: जानिए शिफ्ट टाइमिंग, रिपोर्टिंग समय और जरूरी नियम

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) द्वारा आयोजित हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) 2026 का आयोजन 4 और 5 जुलाई को किया जाएगा। यह परीक्षा तीन स्तरों—PRT, TGT और PGT—के लिए आयोजित की जा रही है। परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा दिवस से संबंधित दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ लेना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

परीक्षा में शामिल होंगे 2.33 लाख अभ्यर्थी

इस वर्ष की एचटीईटी परीक्षा में प्रदेश भर के 383 परीक्षा केंद्रों पर कुल 2 लाख 33 हजार 294 अभ्यर्थी भाग लेंगे। परीक्षा का पहला दिन 4 जुलाई को सायंकालीन सत्र में लेवल-3 (PGT) की परीक्षा होगी, जिसमें 73,091 अभ्यर्थी शामिल होंगे। 5 जुलाई को प्रातःकालीन सत्र में लेवल-2 (TGT) की परीक्षा होगी, जिसमें 1,19,141 अभ्यर्थी भाग लेंगे। वहीं, उसी दिन सायंकालीन सत्र में लेवल-1 (PRT) की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें 41,062 अभ्यर्थी उपस्थित होंगे।

एआई तकनीक से लैस कैमरों से होगी निगरानी

परीक्षा को नकल-मुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए बोर्ड ने कड़े इंतजाम किए हैं। इस बार परीक्षा केंद्रों पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक से लैस सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। बोर्ड मुख्यालय पर स्थित हाईटेक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से सभी परीक्षा केंद्रों की लाइव निगरानी की जाएगी। इस व्यवस्था से किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत पकड़ा जा सकेगा।

मेटल डिटेक्टर और बायोमेट्रिक जांच अनिवार्य

बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव मुनीश शर्मा ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनके अनुसार, परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी उम्मीदवारों की मेटल डिटेक्टर से गहन जांच की जाएगी। इसके साथ ही बायोमेट्रिक सत्यापन भी किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता को रोका जा सके।

परीक्षा की तिथि, समय और शिफ्ट

  • 4 जुलाई 2026 – लेवल-3 (PGT) – दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक (सायंकालीन सत्र)
  • 5 जुलाई 2026 – लेवल-2 (TGT) – सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक (प्रातःकालीन सत्र)
  • 5 जुलाई 2026 – लेवल-1 (PRT) – दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक (सायंकालीन सत्र)

कितनी देर पहले पहुंचना होगा परीक्षा केंद्र?

बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे 10 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। यह समय मेटल डिटेक्टर जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन, अंगूठे के निशान और अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए निर्धारित किया गया है।

एडमिट कार्ड लाना अनिवार्य

परीक्षा में शामिल होने के लिए सभी अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड का रंगीन प्रिंटआउट लाना आवश्यक है। बिना एडमिट कार्ड के किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है।

परीक्षा केंद्र पर साथ ले जाने वाली चीजें

  • ई-एडमिट कार्ड की रंगीन प्रिंट कॉपी
  • ऑनलाइन आवेदन के समय दर्ज किया गया मूल फोटो पहचान पत्र
  • एडमिट कार्ड की सेंटर कॉपी और कैंडिडेट कॉपी, दोनों की रंगीन प्रिंट
  • एडमिट कार्ड पर आवेदन के समय अपलोड की गई वही रंगीन फोटो चिपकाकर किसी राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित कराना होगा

परीक्षा केंद्र में क्या ले जाना प्रतिबंधित है?

बोर्ड ने परीक्षा केंद्र में निम्नलिखित वस्तुओं को ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है:

  • मोबाइल फोन
  • स्मार्ट वॉच या सामान्य घड़ी
  • कैलकुलेटर
  • ब्लूटूथ, ईयरफोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
  • कैमरा
  • धातु की वस्तुएं
  • पर्स, प्लास्टिक पाउच
  • आभूषण जैसे अंगूठी, चेन, कान की बाली, लॉकेट आदि
  • कागज, नोट्स या लिखी हुई पर्चियां

इन चीजों की अनुमति रहेगी

  • महिला अभ्यर्थी बिंदी, सिंदूर और मंगलसूत्र पहन सकती हैं
  • बपतिस्मा प्राप्त सिख अभ्यर्थियों को धार्मिक प्रतीक साथ रखने की अनुमति होगी

सभी उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें और बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि प्रवेश या परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।