AI से मनचाहा जवाब नहीं मिल रहा? गूगल ने बताए काम करवाने के आसान तरीके
क्या आप भी ऑफिस के कामों में AI की मदद लेते हैं, लेकिन उससे वांछित परिणाम नहीं मिल पाते? अक्सर ऐसा होता है कि हम AI से सवाल तो पूछ लेते हैं, लेकिन जवाब हमारी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरते। गूगल का मानना है कि इसकी वजह सही प्रॉम्प्ट न देना हो सकती है। कंपनी ने इस समस्या के समाधान के लिए एक विस्तृत गाइड जारी की है, जिसमें बताया गया है कि कैसे AI से बेहतरीन काम करवाया जा सकता है। आइए जानते हैं वे खास टिप्स क्या हैं।
सटीक प्रॉम्प्ट देने की कला
गूगल के अनुसार, AI से सर्वश्रेष्ठ परिणाम पाने की शुरुआत एक स्पष्ट और सटीक प्रॉम्प्ट से होती है। अगर आप अपने प्रॉम्प्ट में कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखेंगे, तो AI बिल्कुल वैसा ही आउटपुट देगा जैसा आप चाहते हैं। प्रॉम्प्ट लिखते समय इन पांच बातों को शामिल करना न भूलें:
- भूमिका (Persona): सबसे पहले AI को एक विशिष्ट भूमिका दें, जैसे कि एक अनुभवी वित्तीय सलाहकार या एक पेशेवर कंटेंट राइटर। इससे AI को उसी नजरिए से जवाब देने में मदद मिलती है।
- स्पष्ट कार्य (Task): AI को साफ-साफ बताएं कि आप उससे वास्तव में क्या काम करवाना चाहते हैं। कार्य जितना स्पष्ट होगा, परिणाम उतना ही बेहतर होगा।
- संदर्भ (Context): काम से जुड़ी जरूरी फाइलें, डेटा या पृष्ठभूमि की जानकारी AI को उपलब्ध कराएं। इससे AI को पूरी स्थिति समझने में आसानी होगी।
- प्रारूप (Format): अंत में यह तय करें कि आप जवाब किस रूप में चाहते हैं, जैसे कि ईमेल, टेबल, ग्राफ या बिंदुओं में।
अगर आप खुद एक लंबा और विस्तृत प्रॉम्प्ट नहीं लिख पा रहे हैं, तो आप सीधे AI से ही कह सकते हैं कि वह आपके लिए एक बेहतर प्रॉम्प्ट तैयार करे। AI आपकी अधूरी रिक्वेस्ट को एक पेशेवर और प्रभावी प्रॉम्प्ट में बदल देगा। इसके अलावा, सटीक डेटा साझा करने के लिए आप क्लाउड स्टोरेज से फाइलें अटैच कर सकते हैं या ईमेल और दस्तावेज़ों के अंदर ही AI टूल का उपयोग कर सकते हैं।
रिसर्च और डॉक्यूमेंटेशन को बनाएं आसान
गूगल के अनुसार, इन तरीकों को अपनाने से रिसर्च और डॉक्यूमेंटेशन का काम काफी आसान हो जाएगा। कंपनी का कहना है कि दफ्तरों में घंटों चलने वाली रिसर्च और लंबे-चौड़े प्रपोजल लिखने के उबाऊ काम को अब AI ने चुटकियों का खेल बना दिया है। इसके लिए गाइड में दो खास फीचर्स का जिक्र किया गया है:
- तेज रिसर्च के लिए नोटबुक टूल: अब किसी टीम को सैकड़ों पन्नों की लंबी रिपोर्ट या तकनीकी मैनुअल को खुद लाइन-बाय-लाइन पढ़ने की जरूरत नहीं है। बस उन फाइलों को इस टूल में अपलोड कर दें। AI कुछ ही पलों में पूरी फाइल का विश्लेषण करके मुख्य बिंदु, समान विषय और आपके हर सवाल का सटीक जवाब निकालकर सामने रख देगा।
- डॉक्यूमेंट टूल में सेकंडों में प्रोजेक्ट ब्रीफ: खाली स्क्रीन को देखकर नए सिरे से सोचने और लिखने के बजाय, आप दस्तावेज़ में सीधे AI की मदद ले सकते हैं। यह आपकी पुरानी रिसर्च या ड्राइव में मौजूद फाइलों के आधार पर तुरंत नया प्रोजेक्ट प्रपोजल, ब्रीफ और विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर देता है।
डेटा मैनेजमेंट और प्रेजेंटेशन के नए तरीके
स्प्रेडशीट को घंटों फॉर्मेट करने और प्रेजेंटेशन के लिए सही तस्वीरें ढूंढने का पारंपरिक तरीका अब पुराना हो चुका है। AI इन कामों को काफी आसान बना सकता है:
- स्मार्ट प्रोजेक्ट ट्रैकर: स्प्रेडशीट में सिर्फ एक साधारण टेक्स्ट कमांड देकर आप पूरा प्रोजेक्ट ट्रैकर ढांचा तैयार करवा सकते हैं। AI खुद-ब-खुद टाइमलाइन, स्टेकहोल्डर्स की लिस्ट और रिस्क असेसमेंट को टेबल और चार्ट के रूप में सेट कर देता है, जिससे मैनुअल फॉर्मेटिंग का समय बचता है।
- कस्टम प्रेजेंटेशन इमेजेज: प्रेजेंटेशन बनाते समय अब आपको इंटरनेट पर कॉपीराइट-फ्री फोटो ढूंढने की जरूरत नहीं है। AI को अपने टॉपिक की जानकारी दीजिए और वह आपके लिए बिल्कुल मूल और मनमुताबिक तस्वीरें जनरेट कर देगा।
- स्लाइड को खूबसूरत बनाएं: यह फीचर अधिकतर उपयोगकर्ताओं को नहीं पता होता। इसमें अगर आपकी स्लाइड का कंटेंट तैयार है, लेकिन वह दिखने में आकर्षक नहीं है, तो AI का यह टूल आपके लिखे शब्दों को छेड़े बिना, पूरी स्लाइड के लेआउट और फॉर्मेटिंग को पलक झपकते ही बेहद पेशेवर और सुंदर बना देता है।
मीटिंग्स और शेड्यूलिंग को करें स्मार्ट
क्या आप जानते हैं कि एक साथ कई एप्स पर काम करने और मीटिंग्स के दौरान नोट्स बनाने के झंझट से भी AI आपको आजादी दिला सकता है। इसके लिए बस इन बातों का ध्यान रखें:
- ईमेल से डायरेक्ट शेड्यूलिंग: ईमेल लिखते समय AI आपके कैलेंडर से खाली टाइम स्लॉट्स को पहचानकर खुद ही सुझाव दे देता है। इससे क्लाइंट्स या टीम मेंबर्स के साथ मीटिंग फिक्स करने के लिए बार-बार अलग एप नहीं खोलना पड़ता।
- AI बनेगा आपका नोट-टेकर: वीडियो कॉल के दौरान AI खुद बैकग्राउंड में मीटिंग नोट्स तैयार करता है। यह चर्चा के दौरान लिए गए बड़े फैसलों और आगे किए जाने वाले काम की लिस्ट बना लेता है और मीटिंग खत्म होने के बाद सभी को फॉलो-अप ईमेल भी ड्राफ्ट कर देता है।
- देर से आने वालों के लिए त्वरित सारांश: अगर आप किसी जरूरी मीटिंग में देरी से शामिल हुए हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। AI बिना पूरी मीटिंग को डिस्टर्ब किए, आपको निजी तौर पर अब तक हुई बातचीत का एक त्वरित सारांश दे देगा, जिससे आप तुरंत चर्चा से जुड़ सकेंगे।