घरेलू फेसवॉश: प्राकृतिक नुस्खे जो महंगे उत्पादों को देंगे टक्कर
चमकती और साफ त्वचा पाने के लिए लोग अक्सर बाजार के महंगे फेसवॉश पर भरोसा करते हैं, लेकिन इनमें मौजूद केमिकल और प्रिजर्वेटिव लंबे समय में त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। अगर आप प्राकृतिक, किफायती और प्रभावी विकल्प तलाश रहे हैं, तो घर पर बने फेसवॉश सबसे अच्छा उपाय हैं। ये न केवल त्वचा को गहराई से साफ करते हैं, बल्कि उसे प्राकृतिक नमी और चमक भी प्रदान करते हैं।
घर पर तैयार फेसवॉश में किसी भी प्रकार का कृत्रिम परफ्यूम या हानिकारक रसायन नहीं होता। अपनी त्वचा के प्रकार के अनुसार आप इनमें बदलाव कर सकते हैं। ये न सिर्फ बजट के अनुकूल होते हैं, बल्कि पूरी तरह से प्राकृतिक भी होते हैं। ये फेसवॉश त्वचा की खोई हुई चमक वापस लाते हैं और लंबे समय में त्वचा को होने वाले नुकसान से बचाते हैं। आइए जानते हैं कुछ आसान और कारगर घरेलू फेसवॉश रेसिपी के बारे में।
बेसन और हल्दी फेसवॉश
यह फेसवॉश खासतौर पर तैलीय त्वचा वालों के लिए उपयुक्त है। अगर आपको हल्दी से एलर्जी नहीं है, तो इसका नियमित उपयोग कर सकते हैं। पहली बार उपयोग करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। इसे बनाने के लिए दो चम्मच बेसन में एक चुटकी हल्दी मिलाएं। इस मिश्रण को आप एक डिब्बे में भरकर रख सकते हैं। उपयोग करने से पहले इसमें गुलाबजल या सादा पानी मिलाकर पेस्ट बना लें।
इस पेस्ट को चेहरे पर लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें और फिर गुनगुने पानी से धो लें। बेसन त्वचा की गहरी सफाई करता है, जबकि हल्दी में मौजूद एंटी-बैक्टीरियल गुण मुंहासों को रोकने में मदद करते हैं।
एलोवेरा और नींबू फेस वॉश
यह फेसवॉश सामान्य से लेकर तैलीय और रूखी, सभी प्रकार की त्वचा के लिए फायदेमंद है। इसे बनाने के लिए दो चम्मच एलोवेरा जेल में आधा चम्मच नींबू का रस मिलाकर एक चिकना जेल तैयार करें। इसका उपयोग सुबह और शाम किया जा सकता है। एलोवेरा त्वचा को हाइड्रेट करता है, जबकि नींबू टैनिंग और काले धब्बों को कम करने में सहायक है। ध्यान रखें कि कुछ लोगों की त्वचा नींबू के प्रति संवेदनशील हो सकती है, इसलिए पहले पैच टेस्ट करना न भूलें।
दही और ओट्स फेसवॉश
रूखी त्वचा के लिए दही और ओट्स का फेसवॉश बेहद लाभदायक है। इसे बनाने के लिए एक चम्मच दही में एक चम्मच ओट्स और थोड़ा सा शहद मिलाकर एक क्रीमी पेस्ट तैयार कर लें। इस मिश्रण को चेहरे पर दो से तीन मिनट तक हल्के हाथों से रगड़ें। दही में मौजूद लैक्टिक एसिड मृत त्वचा कोशिकाओं को हटाता है, जबकि ओट्स त्वचा को मुलायम बनाते हैं।
नीम और तुलसी फेसवॉश
संवेदनशील त्वचा वालों के लिए नीम और तुलसी का फेसवॉश एक आदर्श विकल्प है। इससे रोजाना चेहरा धोने से त्वचा डिटॉक्स होती है और संक्रमण से बचाव होता है। यह प्राकृतिक फेसवॉश बनाने के लिए कुछ नीम और तुलसी की पत्तियों को पानी में उबालें। फिर इसे ठंडा करके बारीक पीस लें। इस पेस्ट को एक कंटेनर में भरकर रखें और रोजाना चेहरे पर लगाएं।
इन सभी घरेलू फेसवॉश को बनाना बेहद आसान है और ये बाजार के महंगे उत्पादों से कहीं अधिक सुरक्षित और प्रभावी हैं। अपनी त्वचा के प्रकार के अनुसार इनमें से किसी एक को चुनें और नियमित उपयोग से खुद बेहतर परिणाम देखें।