आईफोन से डिलीट हुए कॉन्टैक्ट वापस पाने के आसान उपाय
आज के दौर में फोन नंबर याद रखना लगभग असंभव हो गया है। अधिकतर लोगों को शायद ही दो-चार नंबर से अधिक याद हों। ऐसे में जब सॉफ्टवेयर अपडेट के बाद या किसी गलती से आपके आईफोन के सभी कॉन्टैक्ट गायब हो जाएं, तो यह बड़ी मुश्किल खड़ी कर सकता है। हालांकि, घबराने की जरूरत नहीं है। अगर सही समय पर कुछ कदम उठाए जाएं, तो डिलीट हुए कॉन्टैक्ट्स को आसानी से वापस लाया जा सकता है। ये तरीके सभी नए आईफोन मॉडल्स पर काम करते हैं।
आईक्लाउड के जरिए कॉन्टैक्ट्स रिस्टोर करना
अगर सिंक में किसी तकनीकी खामी के कारण आपके नंबर गायब हुए हैं, तो इसे ठीक करना काफी सरल है:
- सबसे पहले अपने आईफोन की सेटिंग्स में जाएं। ऊपर अपने नाम पर टैप करें और फिर आईक्लाउड सेटिंग्स खोलें।
- यहां ‘See All’ बटन पर टैप करें और कॉन्टैक्ट्स के आगे दिए गए टॉगल को बंद कर दें। स्क्रीन पर पॉप-अप आने पर ‘Keep on My iPhone’ का विकल्प चुनें।
- अब इस टॉगल को दोबारा चालू करें और ‘Merge’ विकल्प पर टैप करें। कुछ सेकंड प्रतीक्षा करने के बाद आपके गायब हुए कॉन्टैक्ट्स अपने आप वापस आ जाएंगे।
आईक्लाउड डॉट कॉम से डेटा रिकवरी
यदि आपने गलती से कोई कॉन्टैक्ट डिलीट कर दिया है, तो आप उसे सीधे आईक्लाउड की वेबसाइट से वापस पा सकते हैं। अगर आपने ‘एडवांस्ड डाटा प्रोटेक्शन’ चालू रखा है या आपका फोन आईओएस 26.4 पर अपडेट है, तो पहले वेब एक्सेस चालू करना जरूरी होगा।
- सेटिंग्स एप में जाएं, अपने नाम पर टैप करें और आईक्लाउड सेटिंग्स खोलें।
- सबसे नीचे स्क्रॉल करें, ‘iCloud.com’ पर टैप करें और ‘Allow Data Access’ वाले टॉगल को चालू कर दें।
- अपने आईफोन में सफारी ब्राउजर खोलें और आईक्लाउड की वेबसाइट पर जाएं। अपनी एपल आईडी से लॉगिन करें।
- ऊपर दाईं ओर मौजूद मेन्यू पर क्लिक करें, नीचे स्क्रॉल करके ‘Data Recovery’ खोलें। फिर ‘Recover Contacts’ पर टैप करें।
- अब उस तारीख और समय के सामने दिए गए ‘Recover’ बटन पर टैप करें, जब आपके कॉन्टैक्ट डिलीट हुए थे। ऐसा करते ही सभी नंबर वापस आ जाएंगे।
अन्य विकल्प जो काम आ सकते हैं
अगर ऊपर बताए गए तरीके किसी कारण से काम नहीं करते, तो नीचे दिए गए विकल्पों को आजमाया जा सकता है:
- आईट्यून्स बैकअप: अपने फोन को पुराने आईट्यून्स बैकअप से रिस्टोर करें। इस बैकअप में पुराना कॉन्टैक्ट डेटा सुरक्षित रहता है।
- पुराना आईफोन: अगर आपके पास पुराना आईफोन है और उसमें हाल ही में ज्यादा नए नंबर सेव नहीं किए गए हैं, तो वहां से नंबर ट्रांसफर किए जा सकते हैं।
- थर्ड-पार्टी टूल्स: इंटरनेट पर उपलब्ध विश्वसनीय थर्ड-पार्टी आईओएस डेटा रिकवरी टूल्स का उपयोग भी एक विकल्प है।