एंड्रॉयड फोन का पासवर्ड या पैटर्न भूल गए हैं? ये रहे घर बैठे फोन अनलॉक करने के आसान उपाय
अक्सर जल्दबाजी या नया पैटर्न सेट करने के बाद उसे भूल जाना आम बात है। कई बार घर के छोटे बच्चे भी फोन में कोई ऐसा पैटर्न लगा देते हैं, जो बाद में उन्हें याद नहीं रहता, जिससे फोन लॉक हो जाता है। ऐसे में परेशान होना या सीधे सर्विस सेंटर जाना जरूरी नहीं है। अगर आपके पास एंड्रॉयड स्मार्टफोन है, तो कुछ सीधे-सादे तरीकों से आप इसे घर पर ही अनलॉक कर सकते हैं। आइए जानते हैं ये तरीके।
गूगल ‘Find My Device’ का उपयोग कर फोन अनलॉक करना
यह तरीका तब काम करता है जब आपका लॉक फोन इंटरनेट से जुड़ा हो। किसी दूसरे फोन या कंप्यूटर से उस गूगल अकाउंट में लॉगिन करें, जो आपके लॉक हुए फोन में पहले से मौजूद है। लॉगिन करते ही आपको अपने फोन की लोकेशन और कुछ विकल्प दिखाई देंगे। इनमें से ‘Erase Device’ विकल्प चुनें। इसकी पुष्टि करने पर आपके फोन का सारा डेटा और लॉक स्क्रीन पूरी तरह हट जाएगी। इसके बाद फोन एक नए डिवाइस की तरह रीस्टार्ट होगा और अनलॉक हो जाएगा।
सैमसंग फोन के लिए ‘SmartThings Find’ की मदद
अगर आप सैमसंग गैलेक्सी स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते हैं, तो ‘SmartThings Find’ सुविधा बेहद काम की है। किसी दूसरे डिवाइस से अपने सैमसंग अकाउंट में लॉगिन करें। डैशबोर्ड पर आपको ‘Unlock’ या ‘Erase data’ जैसे विकल्प मिलेंगे। इन्हें चुनकर आप रिमोटली अपने फोन की लॉक स्क्रीन को हटा सकते हैं और फोन को दोबारा इस्तेमाल कर सकते हैं। यह तरीका उन सैमसंग यूजर्स के लिए काफी सुविधाजनक है, जिनका फोन इंटरनेट से जुड़ा हो।
फैक्ट्री रीसेट या रिकवरी मोड का इस्तेमाल
जब ऊपर बताए गए तरीके काम न करें या फोन का इंटरनेट बंद हो, तो रिकवरी मोड के जरिए फैक्ट्री रीसेट करना आखिरी और प्रभावी विकल्प है। ध्यान रखें कि इससे फोन का सारा डेटा डिलीट हो जाएगा। इसके लिए सबसे पहले फोन को पूरी तरह बंद कर दें। फिर ‘पावर बटन’ और ‘वॉल्यूम डाउन’ (या कुछ मॉडलों में वॉल्यूम अप) को एक साथ दबाकर रखें, जब तक स्क्रीन पर कंपनी का लोगो न दिखने लगे। लोगो दिखते ही बटन छोड़ दें।
अब आपके सामने रिकवरी मेन्यू खुल जाएगी। यहां टच स्क्रीन काम नहीं करेगी, इसलिए विकल्प चुनने के लिए वॉल्यूम बटन का और किसी विकल्प को सेलेक्ट करने के लिए पावर बटन का उपयोग करें। मेन्यू में ‘Wipe data/factory reset’ पर जाएं और फिर ‘Factory data reset’ चुनकर पुष्टि करें। कुछ ही मिनटों में फोन फॉर्मेट हो जाएगा और उसका लॉक टूट जाएगा।
पुराने एंड्रॉयड फोन के लिए आसान तरीका
अगर आप एंड्रॉयड 4.4 या उससे पुराने वर्जन वाला फोन इस्तेमाल करते हैं, तो कई बार गलत पैटर्न डालने पर स्क्रीन के नीचे ‘Forgot pattern’ का विकल्प दिखाई देता है। इस पर टैप करें और अपने गूगल अकाउंट का आईडी और पासवर्ड डालकर फोन को आसानी से अनलॉक किया जा सकता है। यह तरीका पुराने मॉडलों के लिए काफी सरल है।
फैक्ट्री रीसेट से पहले जरूरी बातें
फैक्ट्री रीसेट करने से फोन का सारा डेटा जैसे फोटो, वीडियो और कॉन्टैक्ट्स पूरी तरह डिलीट हो जाते हैं। इसलिए, यह सुनिश्चित करें कि आपका जरूरी डेटा पहले से गूगल ड्राइव या किसी अन्य क्लाउड सेवा पर बैकअप हो। इसके अलावा, एक अहम बात यह है कि रीसेट के बाद जब फोन दोबारा चालू होगा, तो वह उसी गूगल अकाउंट और पासवर्ड की मांग करेगा जो लॉक होने से पहले फोन में लॉगिन था। इसलिए उस खाते की जानकारी याद रखना बेहद जरूरी है, नहीं तो फोन का उपयोग करने में दिक्कत हो सकती है।