“`html
हरियाली तीज से करवा चौथ तक: 2026 में कब रखे जाएंगे ये पावन व्रत?
हिंदू धर्म में वैवाहिक जीवन को सुखद बनाने और पति की लंबी आयु के लिए अनेक उपवास रखे जाते हैं। ये व्रत आस्था, प्रेम और त्याग के प्रतीक माने जाते हैं। विशेष रूप से सुहागिन महिलाओं के लिए हरियाली तीज, कजरी तीज, हरतालिका तीज और करवा चौथ जैसे व्रत अत्यधिक महत्वपूर्ण होते हैं। इनमें से अधिकांश व्रतों का संबंध माता पार्वती और भगवान शिव की आराधना से जुड़ा हुआ है। मान्यता है कि नियमपूर्वक इन व्रतों को करने से अखंड सौभाग्य, पति की दीर्घायु, वैवाहिक जीवन में सुख-शांति और परिवार में समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है। यही कारण है कि महिलाएं पूरे वर्ष इन पर्वों की प्रतीक्षा करती हैं। आइए जानते हैं कि 2026 में ये त्योहार कब मनाए जाएंगे।
हरियाली तीज 2026
हरियाली तीज सावन मास में मनाई जाती है। यह पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के पुनर्मिलन की स्मृति में मनाया जाता है। इस दिन महिलाएं सुखी दांपत्य जीवन के लिए उपवास रखती हैं। यह उपवास मनोवांछित वर की प्राप्ति के लिए विशेष फलदायी माना जाता है।
- हरियाली तीज 2026: 15 अगस्त, शनिवार
- तृतीया तिथि प्रारंभ: 14 अगस्त 2026, शाम 06:46 बजे
- तृतीया तिथि समाप्त: 15 अगस्त 2026, शाम 05:28 बजे
- पूजा का शुभ मुहूर्त: सुबह 07:29 बजे से सुबह 09:08 बजे तक
कजरी तीज 2026
पंचांग के अनुसार, भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की तृतीया तिथि को कजरी तीज मनाई जाती है। इस दिन महिलाएं निर्जला व्रत रखती हैं। इसके प्रभाव से पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और परिवार के कल्याण का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
- कजरी तीज 2026: 31 अगस्त 2026, सोमवार
- तृतीया तिथि प्रारंभ: 30 अगस्त 2026, सुबह 09:36 बजे
- तृतीया तिथि समाप्त: 31 अगस्त 2026, सुबह 08:50 बजे
हरतालिका तीज 2026
हरतालिका तीज हिंदू धर्म में विशेष मानी जाती है, क्योंकि पार्वती जी ने शिव जी को पति रूप में पाने के लिए कठोर तप किया था। इसी तपस्या और अटूट समर्पण की स्मृति में यह व्रत रखा जाता है।
- हरतालिका तीज 2026: 14 सितंबर 2026, सोमवार
- तृतीया तिथि प्रारंभ: 13 सितंबर 2026, सुबह 07:08 बजे
- तृतीया तिथि समाप्त: 14 सितंबर 2026, सुबह 07:06 बजे तक
करवा चौथ 2026
करवा चौथ का पर्व भारत सहित अन्य देशों में भी मनाया जाता है। इस दिन महिलाएं सूर्योदय से चंद्रोदय तक निर्जला व्रत रखती हैं। इसके बाद चंद्रमा के दर्शन कर व्रत का पारण करती हैं। यह व्रत पति-पत्नी के अटूट प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक माना जाता है।
- करवा चौथ 2026: 29 अक्तूबर 2026, गुरुवार
- चतुर्थी तिथि आरंभ: 29 अक्तूबर 2026, सुबह 01:06 बजे
- चतुर्थी तिथि समाप्त: 29 अक्तूबर 2026, रात 10:09 बजे तक
यह जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग और धार्मिक ग्रंथों पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता एवं संपूर्णता के लिए कोई उत्तरदायित्व नहीं है।
“`