सरकारी विवाद के बीच Claude ने अमेरिका में ChatGPT और Gemini को पीछे छोड़ा
अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म है, लेकिन इसी बीच एंथ्रोपिक का AI चैटबॉट एप्लिकेशन Claude अमेरिकी एप स्टोर में सबसे ज्यादा डाउनलोड किए जाने वाला फ्री एप बन गया है। इसने डाउनलोड के मामले में OpenAI के ChatGPT और Google के Gemini को पीछे छोड़ दिया है।
विवाद ने बढ़ाई Claude की लोकप्रियता
एंथ्रोपिक की AI तकनीक को लेकर सरकार और कंपनी के बीच तनाव तब बढ़ा जब कंपनी ने अपनी तकनीक को बड़े पैमाने पर घरेलू निगरानी या पूरी तरह से स्वायत्त हथियार प्रणालियों में इस्तेमाल करने की अनुमति देने से इनकार कर दिया। इस फैसले के बाद अमेरिकी रक्षा प्रतिष्ठान और एंथ्रोपिक के बीच खुला टकराव सामने आया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कंपनी की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि एंथ्रोपिक रक्षा विभाग पर अपनी शर्तें थोपने की कोशिश कर रही है। वहीं रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि उन्होंने कंपनी को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सप्लाई-चेन जोखिम घोषित करने का अनुरोध किया है। यदि ऐसा होता है तो अमेरिकी रक्षा ठेकेदार कंपनी के टूल्स का उपयोग नहीं कर पाएंगे।
इस पर कंपनी के सीईओ डारियो अमोदेई ने जवाब देते हुए कहा कि रक्षा विभाग को अपने विजन के अनुरूप ठेकेदार चुनने का अधिकार है, लेकिन उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि अधिकारी कंपनी की तकनीक के सैन्य उपयोग में योगदान को ध्यान में रखते हुए दोबारा विचार करेंगे।
डाउनलोड के आंकड़ों में उछाल
दिलचस्प बात यह है कि इस विवाद ने जनता के बीच Claude AI की मांग को काफी बढ़ा दिया है। आंकड़ों के अनुसार, 30 जनवरी को यह एप डाउनलोड के मामले में 131वें पायदान पर था। लेकिन फरवरी के अंत तक इसने ChatGPT (दूसरे स्थान) और Google Gemini (चौथे स्थान) को पीछे छोड़ दिया।
कंपनी के मुफ्त यूजर्स की संख्या में जनवरी से 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। रोजाना साइन-अप करने वालों की संख्या तीन गुना बढ़ गई है। कंपनी के अनुसार, इस साल पेड सब्सक्रिप्शन भी दोगुने से ज्यादा हो चुके हैं।
AI कंपनियों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा
2021 में OpenAI के पूर्व कर्मचारियों द्वारा स्थापित एंथ्रोपिक ने पिछले एक साल में खासकर कोडिंग और एंटरप्राइज AI मॉडल सप्लाई के क्षेत्र में मजबूत पहचान बनाई है। दूसरी ओर OpenAI, जिसकी ChatGPT सेवा के 900 मिलियन से अधिक साप्ताहिक यूजर्स बताए जाते हैं, ने हाल ही में बड़ी कंसल्टिंग कंपनियों के साथ साझेदारी बढ़ाई है। OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने शुक्रवार रात कहा कि कंपनी ने अमेरिकी रक्षा विभाग के साथ अपने मॉडल्स की तैनाती को लेकर समझौता किया है।
हॉलीवुड से भी मिला समर्थन
इन विवादों के बीच एंथ्रोपिक को हॉलीवुड से भी समर्थन मिल रहा है। मशहूर सिंगर केटी पेरी ने सोशल मीडिया पर अपने क्लाउड प्रो सब्सक्रिप्शन का स्क्रीनशॉट शेयर किया, जिससे इस एप को लेकर आम लोगों की दिलचस्पी और ज्यादा बढ़ गई। अब देखना यह है कि ट्रंप प्रशासन की पाबंदियां इस एप की रफ्तार रोक पाती हैं या यह विवाद इसे नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।