सीबीएसई ने बढ़ाई 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी जमा करने की अंतिम तिथि

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 12 की मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की गई प्रतियां प्राप्त करने की समय सीमा में एक दिन का विस्तार किया है। यह निर्णय बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर आ रही तकनीकी बाधाओं के मद्देनजर लिया गया है। अब विद्यार्थी 25 मई की रात 11:59 बजे तक अपने आवेदन जमा कर सकते हैं। इससे पहले यह तिथि 24 मई निर्धारित थी।

तकनीकी खामियों के कारण बढ़ाई गई समय सीमा

उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन प्रक्रिया के दौरान कई तकनीकी समस्याएं सामने आईं। इन समस्याओं के कारण बड़ी संख्या में छात्रों के शुल्क कटौती में गड़बड़ी हुई। कुछ मामलों में विद्यार्थियों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि काट ली गई, जबकि अन्य मामलों में सिस्टम की त्रुटि के कारण कम शुल्क लिया गया। बोर्ड ने इन तकनीकी दिक्कतों को गंभीरता से लेते हुए समय सीमा बढ़ाने का फैसला किया है।

19 मई से पोर्टल पर आ रही हैं परेशानियां

छात्रों के अनुसार, 19 मई को जैसे ही स्कैन कॉपी के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई, वैसे ही पोर्टल पर तकनीकी खामियां देखने को मिलने लगीं। कई अभ्यर्थियों ने शिकायत की कि भुगतान सफल होने के बावजूद उनका आवेदन पूरा नहीं हो पा रहा है। कुछ विद्यार्थियों ने बताया कि वेबसाइट बार-बार क्रैश हो रही है और वे ‘Preview & Confirmation’ पेज से आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। बोर्ड ने इन शिकायतों को ध्यान में रखते हुए तारीख बढ़ाने का निर्णय लिया।

री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया जल्द होगी शुरू

सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि पुनर्मूल्यांकन (री-इवैल्यूएशन) के लिए आवेदन की तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी। बोर्ड के अनुसार, स्कैन कॉपी उपलब्ध होने के बाद कम से कम दो दिनों तक री-इवैल्यूएशन पोर्टल खुला रहेगा। जो छात्र अपनी मूल्यांकित उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी देखना चाहते हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर ही आवेदन करना होगा। बोर्ड ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें और जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।

गलत फीस कटौती पर रिफंड की घोषणा

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्रों से अधिक पैसा लिया गया है, उन्हें वह अतिरिक्त राशि उसी भुगतान माध्यम (जैसे UPI, कार्ड आदि) से वापस कर दी जाएगी। वहीं, जिनसे कम शुल्क लिया गया है, उन्हें शेष राशि जमा करने की जानकारी अलग से दी जाएगी। इसके साथ ही, सभी प्रभावित छात्रों को उनकी स्कैन की गई उत्तर पुस्तिकाएं बिना किसी नए आवेदन के उपलब्ध कराई जाएंगी।

फीस में बड़ा बदलाव

इस वर्ष सीबीएसई ने फीस में भी बड़ी कटौती की है। पहले स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए छात्रों को 700 रुपये देने पड़ते थे, जबकि अब यह शुल्क घटाकर 100 रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा, उत्तर पुस्तिका सत्यापन की फीस 500 रुपये से घटाकर 100 रुपये कर दी गई है। वहीं, पुनर्मूल्यांकन के लिए छात्रों को प्रति प्रश्न 25 रुपये शुल्क देना होगा।

  • स्कैन कॉपी शुल्क: 700 रुपये से घटाकर 100 रुपये
  • उत्तर पुस्तिका सत्यापन शुल्क: 500 रुपये से घटाकर 100 रुपये
  • पुनर्मूल्यांकन शुल्क: प्रति प्रश्न 25 रुपये

सीबीएसई का आधिकारिक बयान

सीबीएसई ने पूरे मामले पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए छात्रों और अभिभावकों से घबराने की आवश्यकता नहीं बताई है। बोर्ड ने कहा कि स्कैन कॉपी, मूल्यांकन या री-इवैल्यूएशन से जुड़ी सभी वास्तविक शिकायतों की जांच विषय विशेषज्ञों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत की जाएगी।

बोर्ड ने यह भी स्वीकार किया कि कम समय में बड़ी संख्या में आवेदन आने के कारण पोर्टल पर भारी ट्रैफिक रहा, जिससे तकनीकी गड़बड़ियां सामने आईं। सीबीएसई के अनुसार, सिस्टम को मजबूत करने और समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। बोर्ड ने विद्यार्थियों को आश्वस्त किया है कि सभी तकनीकी खामियों को जल्द से जल्द दूर किया जाएगा और किसी भी छात्र को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।