बीएसईबी पंचम सक्षमता परीक्षा 2025: अधिसूचना जारी, आज से शुरू हुई आवेदन प्रक्रिया

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) ने स्थानीय निकायों में कार्यरत शिक्षकों के लिए पांचवीं सक्षमता परीक्षा की अधिसूचना जारी कर दी है। यह परीक्षा उन शिक्षकों के लिए आयोजित की जा रही है जो अपनी शैक्षणिक योग्यता को बढ़ाना चाहते हैं। इच्छुक शिक्षक अभ्यर्थी 31 दिसंबर 2025 की दोपहर से 9 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

जारी अधिसूचना के अनुसार, इस परीक्षा में केवल शिवशिक्षक अभ्यर्थी ही भाग ले सकेंगे। सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए परीक्षा शुल्क समान रूप से 1100 रुपये निर्धारित किया गया है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन होगी, जिसके लिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भरना होगा।

आवेदन करते समय ध्यान रखने योग्य बातें

आवेदन पत्र भरते समय अभ्यर्थियों को अपनी रंगीन फोटो और हस्ताक्षर को स्कैन करके अपलोड करना होगा। फोटो का स्कैन किया गया आकार 20 KB से 100 KB के बीच होना चाहिए, जबकि उसका माप 3.5 सेमी × 4.5 सेमी होना अनिवार्य है। वहीं, हस्ताक्षर का स्कैन साइज 10 KB से 50 KB के बीच रखना होगा।

फोटो हाल ही में ली गई होनी चाहिए और उसका बैकग्राउंड सफेद या हल्के रंग का होना चाहिए। फोटो में अभ्यर्थी का चेहरा और आंखें स्पष्ट रूप से दिखनी चाहिए, और कैमरे की ओर सीधे देखते हुए फोटो लेना जरूरी है। ध्यान रखें कि फोटो खिंचवाते समय टोपी, सिर पर कपड़ा या काला चश्मा पहनना मान्य नहीं होगा।

आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेज

आवेदन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को निम्नलिखित दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी:

  • मैट्रिक (10वीं) का प्रमाण पत्र और अंकपत्र
  • इंटरमीडिएट (12वीं) का प्रमाण पत्र और अंकपत्र
  • स्नातक (ग्रेजुएशन) का प्रमाण पत्र और अंकपत्र
  • स्नातकोत्तर (पोस्ट ग्रेजुएशन) का प्रमाण पत्र और अंकपत्र
  • बी.एड./डी.एल.एड./बी.लिब. या अन्य शैक्षणिक योग्यता से संबंधित प्रमाण पत्र और अंकपत्र
  • आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी जाति प्रमाण पत्र
  • आधार कार्ड
  • TET/CTET/STET/सक्षमता परीक्षा उत्तीर्ण होने का प्रमाण पत्र
  • नियोजन इकाई द्वारा जारी नियुक्ति पत्र
  • दिव्यांग (PwD) उम्मीदवारों के लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र

परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए न्यूनतम अंक

सक्षमता परीक्षा में पास होने के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित न्यूनतम अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के अनुसार विभिन्न श्रेणियों के लिए अलग-अलग उत्तीर्णांक तय किए गए हैं। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को कम से कम 40 प्रतिशत अंक लाने होंगे। पिछड़ा वर्ग (BC) के लिए न्यूनतम 36.5 प्रतिशत और अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC) के लिए 34 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम उत्तीर्णांक 32 प्रतिशत रखा गया है।