बॉडी शेप के अनुसार ब्लाउज चुनने का सही तरीका

साड़ी या लहंगा खरीदते समय अक्सर ध्यान सिर्फ कपड़े और डिजाइन पर जाता है, लेकिन असली लुक तो ब्लाउज पर निर्भर करता है। महंगी से महंगी साड़ी भी बेकार लग सकती है अगर उसका ब्लाउज फिटिंग या डिजाइन में सही न हो। ब्लाउज किसी भी एथनिक आउटफिट को पूरी तरह से निखारने का काम करता है।

बाजार में ब्लाउज के कई डिजाइन उपलब्ध हैं, लेकिन हर डिजाइन हर शरीर पर एक जैसा नहीं लगता। अपने शरीर के आकार को समझकर ब्लाउज चुनना जरूरी है। सही ब्लाउज न सिर्फ आपके फिगर को संतुलित दिखाता है, बल्कि आपके आत्मविश्वास को भी बढ़ाता है। गलत कट या डिजाइन से पूरा लुक बिगड़ सकता है। चाहे आपकी बॉडी शेप एप्पल हो, पियर, रैक्टैंगल या सैंड ग्लास, हर शेप के लिए कुछ खास ब्लाउज डिजाइन होते हैं जो आपको बेस्ट दिखाते हैं।

एप्पल शेप के लिए ब्लाउज

अगर आपकी कमर थोड़ी भारी है और ऊपरी हिस्सा गोल है, तो आप एप्पल शेप में आती हैं। ऐसे में डीप नेकलाइन या वी-नेक वाले ब्लाउज सबसे अच्छे लगते हैं। ये नेकलाइन आपके चेहरे और गर्दन को लंबा दिखाती हैं। स्लीव्ड ब्लाउज चुनें जो बांहों को कवर करें। प्लेन और सिंपल डिजाइन आपके लिए बेहतर रहेंगे। भारी कढ़ाई या ज्यादा वर्क वाले ब्लाउज से बचें, क्योंकि वे ऊपरी हिस्से को और भारी दिखा सकते हैं।

पियर शेप के लिए ब्लाउज

यदि आपके कूल्हे चौड़े हैं और ऊपरी हिस्सा पतला है, तो आप पियर शेप में आती हैं। इस शेप के लिए शोल्डर पर डिटेलिंग वाले या पफ स्लीव वाले ब्लाउज सबसे उपयुक्त हैं। ये डिजाइन आपके कंधों को चौड़ा दिखाकर शरीर के ऊपरी और निचले हिस्से में संतुलन बनाते हैं। ऑफ-शोल्डर या बोट नेक ब्लाउज भी आप पर अच्छे लगेंगे। इससे ध्यान ऊपरी हिस्से पर केंद्रित होता है और कूल्हों का भार कम नजर आता है।

रैक्टैंगल शेप के लिए ब्लाउज

अगर आपकी बॉडी स्ट्रेट है और कमर, कूल्हे व कंधे लगभग बराबर हैं, तो आप रैक्टैंगल शेप में आती हैं। इस शेप के लिए फ्रिल्स, रफल्स या कटआउट वाले ब्लाउज बेहतरीन विकल्प हैं। ये डिजाइन आपके कर्व्स को हाईलाइट करते हैं और फिगर में शेप लाते हैं। बैकलेस और ऑफ-शोल्डर ब्लाउज भी आप पर खूब जचेंगे। पेप्लम ब्लाउज भी एक अच्छा ऑप्शन है जो कमर पर वॉल्यूम देता है और फिगर को कर्वी दिखाता है।

सैंड ग्लास शेप के लिए ब्लाउज

सैंड ग्लास बॉडी शेप वाली महिलाओं के कंधे और कूल्हे लगभग बराबर होते हैं और कमर पतली होती है। इस शेप के लिए ऐसे ब्लाउज सबसे अच्छे हैं जो आपके कर्व्स पर फिट बैठें। फ्रंट स्लिट, सीक्विन वर्क या एम्ब्रॉइडरी वाले डिजाइन आपको बेहद खूबसूरत दिखाएंगे। स्ट्रैपलेस या हल्टर नेक ब्लाउज भी आप पर शानदार लगते हैं। इन डिजाइनों से आपकी कमर और कर्व्स और निखर कर सामने आते हैं।

ब्लाउज चुनते समय सिर्फ फैशन नहीं, बल्कि अपने शरीर के आकार को भी ध्यान में रखना चाहिए। सही ब्लाउज आपके लुक को पूरा करता है और गलत ब्लाउज आपकी मेहनत को बेकार कर सकता है। अपने बॉडी शेप को पहचानें और उसके अनुसार ब्लाउज का चुनाव करें।