गूगल जेमिनी के Lyria 3 से टेक्स्ट लिखते ही बनाएं 30 सेकंड का म्यूजिक ट्रैक

अब संगीत बनाने के लिए किसी स्टूडियो, महंगे सॉफ्टवेयर या मिक्सिंग कंसोल की जरूरत नहीं रही। गूगल जेमिनी का नया एआई म्यूजिक मॉडल Lyria 3 यूजर्स को सिर्फ टेक्स्ट लिखकर 30 सेकंड का पूरा म्यूजिक ट्रैक तैयार करने की सुविधा देता है। यह फीचर सोशल मीडिया रील्स, यूट्यूब वीडियो, पॉडकास्ट या किसी भी क्रिएटिव प्रोजेक्ट के लिए बैकग्राउंड म्यूजिक बनाने में बेहद उपयोगी साबित हो सकता है।

Lyria 3 क्या है?

Lyria 3, गूगल डीपमाइंड की ओर से विकसित एक उन्नत एआई म्यूजिक जनरेशन मॉडल है। यह आपके दिए गए इनपुट को तुरंत 30 सेकंड के तैयार म्यूजिक ट्रैक में बदल देता है। इस मॉडल के जरिए संगीत बनाने के तीन तरीके हैं:

  • टेक्स्ट प्रॉम्प्ट लिखकर
  • इमेज अपलोड करके
  • शॉर्ट वीडियो के जरिए

इसके लिए आपको केवल यह बताना होता है कि मूड कैसा होना चाहिए (जैसे रोमांटिक, ड्रामेटिक, एनर्जेटिक), जॉनर क्या हो (जैसे पॉप, सिनेमेटिक, लो-फी, मेटल), टेम्पो कितना हो (स्लो, 70 BPM, फास्ट), कौन-से इंस्ट्रूमेंट शामिल हों (गिटार, सिंथ, ड्रम्स), और वोकल चाहिए या नहीं (भाषा और आवाज का प्रकार)। इस जानकारी के आधार पर एआई खुद ही कंपोजिशन, लेयरिंग, मिक्सिंग और जरूरत पड़ने पर लिरिक्स तक तैयार कर देता है।

अपना एआई म्यूजिक ट्रैक बनाने की प्रक्रिया

इस सुविधा का उपयोग करने के लिए अलग से कोई एप डाउनलोड करने की आवश्यकता नहीं है। सब कुछ जेमिनी एप के अंदर ही उपलब्ध है।

1. जेमिनी एप खोलें
डेस्कटॉप, एंड्रॉयड या आईओएस पर जेमिनी एप ओपन करें। सुनिश्चित करें कि आपके क्षेत्र में म्यूजिक जनरेशन फीचर सक्रिय हो।

2. नया चैट शुरू करें
चैट विंडो में ‘म्यूजिक क्रिएशन’ या म्यूजिक जनरेशन विकल्प चुनें।

3. इनपुट का तरीका चुनें
आप तीन विकल्पों में से कोई भी चुन सकते हैं: टेक्स्ट प्रॉम्प्ट, इमेज अपलोड, या शॉर्ट वीडियो। शुरुआत के लिए टेक्स्ट प्रॉम्प्ट सबसे सरल तरीका है।

4. विस्तृत प्रॉम्प्ट लिखें
उदाहरण के लिए: ‘क्रिएट ए सिनेमेटिक हिंदी बैकग्राउंड स्कोर विथ स्लो टेंपो, सॉफ्ट पियानो एंड वायोलिन, इमोशनल मूड’। प्रॉम्प्ट जितना स्पष्ट और विस्तृत होगा, परिणाम उतना ही बेहतर मिलेगा।

5. ट्रैक तैयार करें
प्रॉम्प्ट सबमिट करते ही Lyria 3 स्वचालित रूप से संगीत तैयार कर देगा। आपको लेयर्ड इंस्ट्रूमेंट्स, बैलेंस्ड मिक्सिंग और जरूरत पड़ने पर एआई वोकल्स मिलेंगे। तैयार ऑडियो फाइल को प्रीव्यू कर सकते हैं और सीधे डाउनलोड भी कर सकते हैं।

एआई पहचान के लिए खास तकनीक

गूगल हर ट्रैक में सिंथआईडी वॉटरमार्किंग जोड़ता है, जिससे यह स्पष्ट रहता है कि यह कंटेंट एआई द्वारा बनाया गया है। इस तकनीक से एआई जनरेटेड कंटेंट की पहचान आसान हो जाती है।

कौन कर सकता है इसका उपयोग?

  • 18 साल से अधिक उम्र के यूजर्स
  • हिंदी और अंग्रेजी समेत कई भाषाओं के लिए सपोर्ट
  • पेड जेमिनी प्लान्स में अधिक जनरेशन लिमिट

यह फीचर क्यों है खास?

पहले संगीत बनाने के लिए इंस्ट्रूमेंट्स, रिकॉर्डिंग सेटअप, एडिटिंग सॉफ्टवेयर और घंटों की मेहनत की जरूरत होती थी। अब सिर्फ एक टेक्स्ट प्रॉम्प्ट से 30 सेकंड का प्रोफेशनल साउंडिंग ट्रैक तैयार किया जा सकता है। कंटेंट क्रिएटर, यूट्यूबर या संगीत के साथ प्रयोग करने वालों के लिए जेमिनी का यह नया फीचर गेम-चेंजर साबित हो सकता है।