अमर उजाला संवाद 2026 में शामिल होंगे स्वामी चिदानंद सरस्वती, ‘सार्थक जीवन’ पर करेंगे चर्चा
अमर उजाला समूह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ‘संवाद उत्तर प्रदेश 2026’ का आयोजन करने जा रहा है। यह दो दिवसीय कार्यक्रम 18 और 19 मई 2026 को आयोजित होगा। इसमें राजनीति, सिनेमा, खेल जगत और धर्म-अध्यात्म क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। ये सभी अपने विचारों, अनुभवों और प्रेरक वक्तव्यों से इस कार्यक्रम को विशेष बनाएंगे। यह आयोजन लखनऊ के द सेंट्रम होटल में होने जा रहा है। इस भव्य आयोजन में शामिल होने वाली प्रमुख हस्तियों में स्वामी चिदानंद सरस्वती भी हैं, जो परमार्थ निकेतन आश्रम के अध्यक्ष और विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु के रूप में जाने जाते हैं।
स्वामी चिदानंद सरस्वती का परिचय
लखनऊ में होने जा रहे इस आयोजन में स्वामी चिदानंद सरस्वती भी भाग लेंगे। उन्होंने ऋषिकेश की विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वे केवल एक आध्यात्मिक गुरु ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और मानव कल्याण के लिए समर्पित एक प्रेरणास्रोत भी हैं। मां गंगा की स्वच्छता, प्रकृति संरक्षण और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए वे लगातार अभियान चला रहे हैं।
उनकी सकारात्मक सोच, सरल जीवन शैली और आध्यात्मिक दृष्टि ने देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में करोड़ों लोगों को प्रभावित किया है। इसके अलावा स्वामी जी विश्व आर्थिक मंच सहित कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की सनातन संस्कृति, योग, शांति और आध्यात्मिक मूल्यों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
कार्यक्रम में क्या होगा खास
इस आयोजन में स्वामी चिदानंद सरस्वती सार्थक जीवन, समाज और अध्यात्म पर अपने विचार रखेंगे। वे अपने अनुभवों, जीवन मूल्यों और प्रेरणादायक सोच को लोगों के साथ साझा करेंगे। उनके विचार न केवल नई प्रेरणा देंगे, बल्कि जीवन को सकारात्मक नजरिए से देखने की दिशा भी प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम में शामिल रहेंगे ये अतिथि
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
- अखिलेश यादव, केशव प्रसाद मौर्य, रणदीप हुड्डा, वरुण धवन, ब्रजेश पाठक और जैकी श्रॉफ भी इस संवाद का हिस्सा बनेंगे।
- रिचा चड्ढा, मृणाल ठाकुर, श्वेता त्रिपाठी, नवजोत सिंह सिद्धू, संग्राम सिंह और सेलिब्रिटी शेफ हरपाल सिंह सोखी भी अपने विचार इस मंच पर साझा करेंगे।