संवाद 2026: साध्वी भगवती सरस्वती का संदेश, ‘जीवन में खुशी ही सबकुछ’
लखनऊ में अमर उजाला समूह द्वारा आयोजित ‘संवाद उत्तर प्रदेश 2026’ कार्यक्रम में आध्यात्मिक जगत की प्रसिद्ध हस्ती साध्वी भगवती सरस्वती ने शिरकत की। इस विशेष सत्र में उन्होंने जीवन जीने की कला पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जीवन में शांति और सुकून ही सबसे बड़ी उपलब्धि है, जो हर व्यक्ति को मिलनी चाहिए।
जीवन की असली खुशी क्या है
साध्वी भगवती सरस्वती ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में लोगों के पास सब कुछ होने के बावजूद रात को नींद नहीं आती। अकेलापन लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि सनातन संस्कृति में हर समस्या का समाधान मौजूद है। यह संस्कृति हमें न सिर्फ जीवन देती है, बल्कि जीने का सही ढंग भी सिखाती है।
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि अमेरिका में रहने के दौरान बाहरी तौर पर सब कुछ होने के बावजूद भीतर की शांति और प्रसन्नता किसी के पास नहीं थी। जब वह छोटी उम्र में ऋषिकेश आईं, तो वहां का वातावरण बिल्कुल अलग था। गंगा किनारे लोगों से पूछने पर वे ‘भगवान की कृपा’ या ‘मां गंगा की कृपा’ कहते थे। इसके विपरीत, अमेरिका में सब कुछ होने के बावजूद लोग लगातार शिकायतें करते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत में जिनके पास बहुत कम है, वे भी ईश्वर की कृपा का अनुभव करते हैं। वहीं, अमेरिका में लोगों के लिए जीवन का सबसे बड़ा सवाल ‘मेरे लिए क्या है’ बन गया है। इसी सवाल के जवाब में उलझे रहने के कारण वे कहीं भी सच्ची प्रसन्नता हासिल नहीं कर पाते।
कौन हैं साध्वी भगवती सरस्वती
‘संवाद उत्तर प्रदेश 2026’ में शामिल हुईं साध्वी भगवती सरस्वती एक आध्यात्मिक गुरु, प्रेरक वक्ता और लेखिका हैं। वह डिवाइन शक्ति फाउंडेशन की अध्यक्ष हैं। उनकी संस्था समाज के विभिन्न वर्गों के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य करती है।
- गरीब और जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करना
- महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण देना
- महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न सामाजिक कार्यों का संचालन
समाज के कमजोर वर्गों के लिए उनके निरंतर प्रयासों ने उन्हें एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। उनकी सेवा भावना और मानवता के प्रति समर्पण लोगों को प्रेरित करता है। इसके अलावा, साध्वी भगवती सरस्वती ‘ग्लोबल इंटरफेथ वाश एलायंस’ की महासचिव भी हैं। यह संस्था स्वच्छ जल, स्वच्छता और बेहतर जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए काम करती है। वह पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर लगातार लोगों को जागरूक करती रही हैं।