अक्षय तृतीया 2026: सिर्फ सोना ही नहीं, जौ और मटका खरीदने से भी बढ़ती है धन-संपदा
अक्षय तृतीया का दिन शुभ कार्यों की शुरुआत के लिए विशेष रूप से जाना जाता है। इस दिन की गई छोटी-छोटी खरीदारी भी जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। आमतौर पर लोग इस दिन सोना खरीदना पसंद करते हैं, लेकिन धार्मिक मान्यताओं में कुछ सामान्य वस्तुओं का भी उल्लेख मिलता है। इन्हें खरीदने और सही विधि से उपयोग करने पर घर में सुख-समृद्धि, शांति और धन की वृद्धि होती है। माना जाता है कि ये चीजें मां लक्ष्मी की कृपा को आकर्षित करती हैं और आर्थिक तंगी दूर करने में सहायक होती हैं।
जौ खरीदने से मां लक्ष्मी होंगी प्रसन्न
शास्त्रों में जौ को ‘कनक’ यानी सोने के समान माना गया है। अक्षय तृतीया के दिन जौ खरीदकर भगवान विष्णु को अर्पित करना बेहद शुभ माना जाता है। पूजा के बाद इन्हें लाल कपड़े में बांधकर तिजोरी में रखने से धन की कमी दूर होती है और घर में सुख-शांति बनी रहती है।
मिट्टी का घड़ा खरीदना है शुभ
गर्मी के मौसम में आने वाले इस पर्व पर पानी से भरा मिट्टी का घड़ा खरीदना और उसका दान करना महादान के समान माना गया है। यदि आप घर के लिए नया घड़ा लाते हैं, तो इससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और वातावरण में ठंडक व शांति बनी रहती है।
दक्षिणावर्ती शंख खरीदने से घर में आती हैं खुशियां
शंख को मां लक्ष्मी से जुड़ा हुआ माना जाता है। अक्षय तृतीया के दिन दक्षिणावर्ती शंख घर लाकर पूजा स्थान पर रखने से दरिद्रता दूर होती है और घर में खुशहाली आती है। यह उपाय व्यापार और आय में वृद्धि के लिए भी शुभ माना जाता है।
कौड़ियां हैं धन का प्रतीक
प्राचीन समय से ही कौड़ियों को धन और समृद्धि का प्रतीक माना गया है। इस दिन 11 या 21 कौड़ियां खरीदकर उन्हें केसर या हल्दी से रंगकर माता लक्ष्मी की पूजा में शामिल किया जाता है। बाद में इन्हें तिजोरी में रखने से आर्थिक स्थिति मजबूत होने की मान्यता है।
अस्वीकरण: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं, ज्योतिष, पंचांग और धार्मिक ग्रंथों पर आधारित है। प्रस्तुत सूचना और तथ्यों की सटीकता और संपूर्णता के लिए कोई जिम्मेदारी नहीं ली जाती।